देश

UP में नए गठबंधन की तैयारी! ओवैसी से हाथ मिलाएंगे चंद्रशेखर आजाद? कल हो सकता है बड़ा ऐलान

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले AIMIM और आजाद समाज पार्टी के बीच गठबंधन की चर्चाएं तेज हो गई हैं। नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी लखनऊ पहुंच चुके हैं। संभावित गठबंधन पर चंद्रशेखर ने कहा कि युवाओं, किसानों और कमजोर वर्गों के हित में जो भी फैसला होगा, उसकी जानकारी दी जाएगी। दोनों नेता 12 नवंबर को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन का ऐलान कर सकते हैं।

Image

गुरुवार को ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद संयुक्त प्रेस कॉनफ्रेंस करेंगे। PTI

Photo : PTI

UP Election: उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले नए गठबंधन की चर्चाएं तेज हो गई हैं। नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद बुधवार को लखनऊ पहुंचे। यहां उनसे एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के साथ संभावित गठबंधन को लेकर सवाल किया गया। असदुद्दीन ओवैसी भी लखनऊ पहुंच चुके हैं। इस पर उन्होंने कहा कि जो भी फैसला होगा, उसकी जानकारी सबके सामने दी जाएगी।

चंद्रशेखर आजाद ने कहा, “जो भी कुछ होगा, आपके सामने आएगा। उत्तर प्रदेश के युवाओं, किसानों और कमजोर वर्गों के हित में जो भी होगा, उसकी जानकारी दी जाएगी।” उनके इस बयान के बाद ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

अखिलेश के पीडीए-एनडीए वाले बयान पर क्या बोले चंद्रशेखर?

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के पीडीए और एनडीए को लेकर दिए गए बयान पर भी चंद्रशेखर आजाद से सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि इसका फैसला चुनाव में ही होगा। उन्होंने कहा, “मैं तो मानता हूं कि भारतीय जनता पार्टी की नीतियां अच्छी नहीं हैं। जनता किसके साथ है, इसका फैसला तो जनता करेगी। जनता बड़ी है, हम लोग सोचेंगे।”

ओवैसी और चंद्रशेखर की कल हो सकती है संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद 12 नवंबर को लखनऊ में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन का औपचारिक ऐलान कर सकते हैं। AIMIM के प्रवक्ता शादाब चौहान ने भी संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में गठबंधन की घोषणा किए जाने की बात कही है। दोनों दलों के बीच 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर सहमति बनने की खबरें हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रस्तावित गठबंधन में दलित और मुस्लिम बहुल सीटों पर खास ध्यान दिया जा सकता है। हालांकि, सीटों के बंटवारे और गठबंधन के नाम सहित अन्य जानकारियों का औपचारिक ऐलान संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में होने की संभावना है।

40 फीसदी दलित-मुस्लिम आबादी पर नजर

2011 की जनगणना के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में अनुसूचित जाति यानी दलित आबादी करीब 20.7 फीसदी और मुस्लिम आबादी लगभग 19.3 फीसदी है। दोनों समुदायों की संयुक्त आबादी करीब 40 फीसदी बैठती है। प्रस्तावित गठबंधन इसी सामाजिक समीकरण को अपनी राजनीतिक ताकत बनाने की कोशिश कर सकता है।

उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 84 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। इसके अलावा करीब 120 सीटों पर मुस्लिम मतदाताओं की उल्लेखनीय मौजूदगी मानी जाती है। हालांकि, आबादी के आंकड़ों का मतलब यह नहीं है कि इन समुदायों के सभी मतदाता किसी एक गठबंधन को वोट देंगे। स्थानीय उम्मीदवार, क्षेत्रीय मुद्दे और चुनावी परिस्थितियां भी अहम भूमिका निभाएंगी।

2022 में दोनों दलों का कैसा रहा प्रदर्शन?

चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी ने 2022 के विधानसभा चुनाव में 111 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। पार्टी को करीब 1.19 लाख वोट मिले थे, जो कुल वोटों का लगभग 0.13 फीसदी था। पार्टी एक भी विधानसभा सीट नहीं जीत सकी थी।

हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में चंद्रशेखर आजाद ने नगीना सीट से जीत दर्ज की। इस जीत के बाद यूपी की दलित राजनीति में उनकी पार्टी की मौजूदगी और चर्चा बढ़ी। दूसरी तरफ, ओवैसी की AIMIM ने 2017 के विधानसभा चुनाव में 38 सीटों पर चुनाव लड़ा था और करीब 2.04 लाख वोट हासिल किए थे। 2022 में पार्टी ने लगभग 95 सीटों पर उम्मीदवार उतारे और करीब 4.5 लाख वोट मिले, लेकिन उसे एक भी सीट पर जीत नहीं मिली।

अखिलेश यादव के पीडीए के सामने क्या होगा नया समीकरण?

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी PDA फॉर्मूले के जरिए अपना सामाजिक आधार मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन ने राज्य की 80 में से 43 सीटें जीती थीं, जिनमें सपा की 37 और कांग्रेस की 6 सीटें शामिल थीं।

ऐसे में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का प्रस्तावित गठबंधन उसी सामाजिक वर्गों के बीच अपनी राजनीतिक जगह बनाने की कोशिश करेगा, जिन्हें सपा अपने PDA समीकरण का हिस्सा मानती है। इस वजह से नए मोर्चे की रणनीति पर राजनीतिक दलों की नजर रहेगी।

हालांकि, इस गठबंधन के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने समर्थकों को एक साथ लाने और वोटों को सीटों में बदलने की होगी। इसके लिए सीटों का बंटवारा, मजबूत उम्मीदवारों का चयन और स्थानीय स्तर पर संगठन की पकड़ अहम होगी।

कितनी सीटों पर कौन लड़ सकता है?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रस्तावित गठबंधन करीब 150 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है। कुछ रिपोर्ट्स में आजाद समाज पार्टी के करीब 150 और AIMIM के 40 से 50 सीटों पर चुनाव लड़ने की संभावना भी जताई गई है। हालांकि, सीटों के बंटवारे को लेकर अंतिम तस्वीर औपचारिक घोषणा के बाद ही साफ होगी।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article