उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किसानों के मुद्दे को लेकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है। किसान नेता राकेश टिकैत के साथ हुई मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा पीड़ित किसान वर्ग है। उन्होंने किसानों की समस्याओं पर चर्चा का जिक्र करते हुए PDA के नए मायने भी बताए।
अखिलेश यादव ने कहा कि हरियाली सिर्फ समृद्धि का प्रतीक नहीं होनी चाहिए, बल्कि समृद्धि की हरियाली हर घर, द्वार और आंगन तक पहुंचनी चाहिए। यह तभी संभव है, जब किसान, खेती-किसानी और ग्रामीणों को उनकी मेहनत का सम्मान और सही मूल्य मिले।
पीडीए में 'ए' का मतलब अन्नदाता भी
अखिलेश यादव ने अपने संदेश में कहा, 'जो पीड़ित, वो पीडीए!' उन्होंने PDA में 'A' का मतलब अन्नदाता भी बताया। उनके मुताबिक, किसानों का लगातार बढ़ता समर्थन PDA को हर गांव और हर बूथ पर मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
समाजवादी पार्टी प्रमुख ने कहा कि किसानों को उनकी मेहनत का मान और उचित मूल्य मिलना जरूरी है। उन्होंने खेती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को समृद्धि से जोड़ते हुए कहा कि जब किसान खुशहाल होगा, तभी देश भी खुशहाल होगा।
'जब खेत मुस्कुराएगा, तब देश मुस्कुराएगा'
अखिलेश यादव ने किसान हितों को लेकर अपना संदेश दोहराते हुए कहा, 'जब खेत मुस्कुराएगा, तब देश मुस्कुराएगा!' उन्होंने किसानों की समस्याओं को प्रदेश के सबसे अहम मुद्दों में से एक बताया।
राकेश टिकैत के साथ हुई इस मुलाकात और पीडीए में 'अन्नदाता' को शामिल करने की बात को उत्तर प्रदेश की आगामी चुनावी राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
समाजवादी पार्टी पहले से ही पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को अपने PDA सामाजिक समीकरण का हिस्सा बताती रही है। अब अखिलेश यादव ने इसमें किसानों और अन्नदाताओं को भी प्रमुखता से जोड़ने का संदेश दिया है।
