Aaj ka Suvichar (आज का सुविचार): जब इंसान कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा होता है, तब एक सकारात्मक विचार उसके भीतर नई उम्मीद जगा सकता है। जिंदगी भी एक सफर की तरह है, जहां कभी रास्ते आसान मिलते हैं तो कभी मुश्किलें सामने खड़ी हो जाती हैं। कई बार हालात ऐसे बन जाते हैं कि इंसान को लगता है कि अब आगे बढ़ना मुश्किल है। लेकिन यही वो समय होता है जब हमारी हिम्मत और कोशिश की असली परीक्षा होती है।
कहा जाता है कि सुविचार केवल पढ़ने की चीज नहीं, जीवन में अपनाने की प्रेरणा भी है। सही समय पर अपने जीवन में उतारा गया सुविचार हमारे सोचने का नजरिया पूरी तरह बदल सकता है। इसीलिए हम रोज आपको एक प्रेरक सुविचार से रूबरू करवाते हैं। इसी कड़ी में हमारा आजा का सुविचार है:
'लहरों से डरकर नौका पार नहीं होती, कोशिश करने वालों की हार नहीं होती'
आज का यह सुविचार हमें सिखाता है कि अगर मंजिल हासिल करनी है तो डर के कारण रुकना नहीं चाहिए। जिस तरह समुद्र में नाव चलाने वाले को लहरों का सामना करना पड़ता है, उसी तरह जिंदगी में हर किसी को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कोई भी इंसान ऐसा नहीं है जिसकी जिंदगी में कभी मुश्किल समय ना आया हो।
लेकिन,फर्क सिर्फ इतना होता है कि कुछ लोग परेशानियों से डरकर पीछे हट जाते हैं, जबकि कुछ लोग उनका सामना करके आगे बढ़ते हैं। सफलता उन्हीं लोगों को मिलती है जो गिरने के बाद दोबारा उठने की कोशिश करते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:बच्चों में पेंसिल चबाने की आदत कैसे छुड़ाएं
छोटी-छोटी कोशिशें बनाती हैं बड़ी सफलता
सबसे पहले आपका यह जानना बेहद जरूरी है कि सफलता एक दिन में नहीं मिलती। अगर आपको सफल होना है तो इसके लिए लगातार मेहनत और धैर्य की जरूरत होती है। शुरुआत भले ही छोटी हो लेकिन हर छोटा कदम आपको मंजिल के करीब ले जाता है। चाहे पढ़ाई हो, नौकरी हो, बिजनेस हो या जिंदगी का कोई भी लक्ष्य जो व्यक्ति लगातार प्रयास करता रहता है, उसके लिए सफलता के रास्ते जरूर खुलते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: पढ़ाई का नाम सुनते ही नहीं रोएगा बच्चा, अपनाएं ये ट्रिक
हिम्मत रखने वालों के लिए रास्ते खुल जाते हैं
जो व्यक्ति विश्वास रखता है और लगातार मेहनत करता है, वह एक दिन अपनी मंजिल तक जरूर पहुंचता है। याद रखें- हिम्मत रखने वालों के लिए रास्ते खुल जाते हैं। मुश्किलें रास्ता रोक सकती हैं, लेकिन अगर हौसला मजबूत हो तो कोई भी लहर आपकी नाव को किनारे तक पहुंचने से नहीं रोक सकती। मेहनत और कोशिश करने वालों के लिए हार कभी आखिरी पड़ाव नहीं होती।
