जर सोचिए... हमारे लिए सुविधाएं तो बहुत बढ़ गई हैं, लेकिन क्या दिल का सुकून भी उतना ही बढ़ा है- क्या यह सवाल मौजूदा समय में पहले से कहीं ज्यादा प्रासंगिक है।
इन दिनों देश की निगाहें सोनम वांगचुक पर टिकी हैं। लद्दाख से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका अनशन चर्चा में है। टीवी स्टूडियो में बहस हो रही हैं, सोशल मीडिया पर लोग अपनी-अपनी राय रख रहे हैं। लेकिन इस पूरे शोर के बीच एक बात अक्सर छूट जाती है - उस जीवनशैली की, जिसकी बात सोनम वांगचुक वर्षों से करते आए हैं।
गौर से देखें तो उनका संदेश सिर्फ लद्दाख की बर्फीली चोटियों तक सीमित नहीं है। वह हमारे ड्रॉइंग रूम, कपड़ों से भरी अलमारियों, ऑनलाइन शॉपिंग कार्ट, रसोई और रोजमर्रा की आदतों तक पहुंचता है। शायद यही वजह है कि उनका संदेश किसी एक इलाके का नहीं, बल्कि हर उस इंसान का है जो भागती-दौड़ती जिंदगी में सुकून तलाश रहा है।
कभी-कभी लगता है कि जिंदगी को आसान बनाने के लिए हमने जितनी चीजें खरीदीं, वही धीरे-धीरे हमारी जरूरत से ज्यादा हमारी आदत बन गईं। घर बड़े हुए, लेकिन सामान उससे भी तेजी से बढ़ा। मोबाइल पहले से ज्यादा स्मार्ट हुए, लेकिन बातचीत छोटी होती चली गई। सुविधाएं बढ़ीं, मगर खुद के लिए समय कम पड़ने लगा।
यहीं लद्दाख हमें जीने का एक अलग नजरिया दिखाता है।
लद्दाख का रूल - सामान कम, अपनापन ज्यादा
अगर आपने कभी लद्दाख के पारंपरिक घरों की तस्वीरें देखी हों, तो एक बात तुरंत ध्यान खींचती है। वहां दिखावा कम और जरूरत ज्यादा दिखाई देती है।
कमरों में जरूरत से ज्यादा फर्नीचर नहीं मिलेगा। अलमारियों में हर सीजन के फैशन का अंबार नहीं होगा। इसका मतलब यह नहीं कि वहां लोग अभाव में जीते हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि वहां किसी चीज की कीमत उसके दाम से नहीं, बल्कि उसके उपयोग से तय होती है।
जरा अपने ही घर के किसी कोने पर नजर डालिए। शायद कोई ट्रेडमिल महीनों से कपड़े टांगने के काम आ रही होगी। कोई महंगा जूसर अलमारी में कई महीने से बिना यूज रखा होगस। त्योहार पर खरीदी गई सजावट अगले साल तक डिब्बे में बंद पड़ी होगी। ऑनलाइन सेल में खरीदी गई कोई जैकेट आज भी टैग के साथ टंगी होगी।
सवाल खरीदने का नहीं है। सवाल यह है कि क्या जरूरत और इच्छा के बीच की दूरी धीरे-धीरे मिटती जा रही है?

लद्दाख की जीवनशैली से जुड़ा एक बड़ा सबक
क्या सचमुच हमें इतना सब चाहिए
सोनम के विचारों और लद्दाख की जीवनशैली समझते हुए मुझे सच में यह चीज कई बार कचोटी कि कैसे हमने अपनी ख्वाहिशों को अपनी जरूरत बना लिया है।
एक समय था जब पूरे परिवार की जरूरतें एक अलमारी में समा जाती थीं। आज पूरा पर्सनल वॉर्डरोब भी छोटा पड़ जाता है। पहले कोई मिक्सर या प्रेस खराब होती थी, तो मोहल्ले की दुकान पर ठीक हो जाती थी। अब अक्सर नई खरीद लेना आसान लगता है। पहले त्योहारों का उत्साह रिश्तों से बनता था, अब जगह ऑनलाइन डिलीवरी ने ले ली है।
यह बदलाव गलत नहीं है। समय बदलता है और सुविधाएं भी बढ़ती हैं। लेकिन शायद हमें कभी-कभी रुककर यह पूछना चाहिए कि क्या हम सचमुच जरूरत की चीजें खरीद रहे हैं या सिर्फ इसलिए खरीद रहे हैं क्योंकि वे आकर्षक ऑफर में मिल रही हैं? या बस इसलिए कि उनको लेना हमारे लिए आसान हो गया है।
हर मुश्किल का इलाज मशीन नहीं होती
दिल्ली, जयपुर या लखनऊ की गर्मी में एसी जरूरी है। इसमें कोई दो राय नहीं। लेकिन क्या हर समस्या का पहला समाधान सिर्फ बिजली से चलने वाली मशीन ही होनी चाहिए?
दिलचस्प बात यह है कि लद्दाख के कई पारंपरिक घरों में सूरज ही सबसे बड़ा हीटर होता है। घर इस तरह बनाए जाते हैं कि दिनभर की धूप मोटी मिट्टी की दीवारों में समा जाए और रातभर वही गर्माहट घर के भीतर बनी रहे। सही दिशा में बनी खिड़कियां, स्थानीय निर्माण सामग्री और मौसम के अनुरूप वास्तुकला मिलकर प्रकृति को ही सबसे बड़ी तकनीक बना देती है।
आज दुनिया इसे Passive Solar Design कहती है। लेकिन पहाड़ों में रहने वाले लोग इसे पीढ़ियों से जीते आए हैं। शायद असली समझदारी हर नई मशीन खरीदने में नहीं, बल्कि प्रकृति के साथ तालमेल बैठाने में है।
बच्चों को सब सिखाया, बस जीना भूल गए
आज के बच्चों का टाइम-टेबल देखिए। स्कूल, ट्यूशन, डांस, कोडिंग, रोबोटिक्स, म्यूजिक...
लेकिन आखिरी बार किसी बच्चे ने घर में पौधा कब लगाया? किसी खराब खिलौने को ठीक करने की कोशिश कब की? बारिश का पानी इकट्ठा होते हुए कब देखा? या यह समझा कि बिजली और पानी भी सीमित संसाधन हैं?
यहां सोनम वांगचुक के शिक्षा मॉडल की जरूरत महसूस होती है। इसकी सबसे खूबसूरत बात यही है कि वहां सिर्फ किताबें नहीं पढ़ाई जातीं, बल्कि जीवन भी सिखाया जाता है। शायद बच्चों से कभी-कभी यह पूछना भी जरूरी है कि इस महीने उन्होंने कौन-सा नया जीवन कौशल सीखा।
पानी सिर्फ बिल नहीं, आने वाला कल भी है
शहरों में पानी की कीमत अक्सर तब समझ आती है, जब सुबह नल सूखा रह जाए। लद्दाख में पानी हर मौसम का हिसाब मांगता है। शायद यही वजह है कि वहां पानी बचाना किसी सरकारी अभियान से ज्यादा जीवन का हिस्सा है।
सोनम वांगचुक का 'Ice Stupa' इसी सोच का उदाहरण है। सर्दियों की बर्फ को इस तरह संरक्षित करना कि गर्मियों में वही खेतों और गांवों की प्यास बुझा सके। यह सिर्फ तकनीक नहीं, बल्कि भविष्य के बारे में सोचने का तरीका है।

लोकल प्रोडक्ट्स का प्रयोग समझदारी है
'लोकल' सिर्फ ट्रेंड नहीं, भरोसा भी है
PM ने आज 'लोकल खरीदिए' को एक लोकप्रिय नारा बना दिया है। लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि लद्दाख में यह जीवन का सामान्य हिस्सा है।
स्थानीय किसान का उगाया अनाज, आसपास बने उत्पाद और मौसम के अनुरूप भोजन - ये सिर्फ पर्यावरण की मदद नहीं करते, बल्कि स्थानीय लोगों की आजीविका को भी मजबूत बनाते हैं।
इसके उलट, हम अक्सर हजारों किलोमीटर दूर से आई चीजें खरीदते हैं, जबकि उनका ताजा और बेहतर विकल्प हमारे शहर या आसपास के गांव में मौजूद होता है।
क्या पड़ोसी सिर्फ एक फ्लैट नंबर हैं
बड़े शहरों की सबसे बड़ी विडंबनाओं में से एक है - भीड़ के बीच बढ़ता अकेलापन। सालों तक एक ही अपार्टमेंट में रहने के बावजूद कई लोग अपने सामने वाले पड़ोसी का नाम तक नहीं जानते।
जबकि लद्दाख के गांवों में आज भी सामूहिक श्रम की परंपरा जीवित है। किसी का घर बनाना हो, खेत तैयार करना हो या कोई मुश्किल आ जाए, लोग साथ खड़े दिखाई देते हैं। संसाधन सीमित हो सकते हैं, लेकिन रिश्तों की गर्माहट भरपूर होती है। ये विषम परिस्थितियों में जीने का सबसे बड़ा आधार बनती है। मानसिक संबल देती है।
विकास का असली मतलब क्या है
सोनम और लद्दाख - मिलकर आज का सबसे बड़ा सवाल हमारे सामने रख रहे हैं। क्या विकास का मतलब सिर्फ ज्यादा खरीदना, ज्यादा खर्च करना और ज्यादा उपभोग करना है?
या फिर विकास वह है जिसमें हमारी जरूरतें पूरी हों, लेकिन प्रकृति पर बोझ कम पड़े। जहां आधुनिकता भी हो और संवेदनशीलता भी। जहां सुविधाएं भी हों और संतुलन भी।
सोनम वांगचुक का संघर्ष अपने सामाजिक और राजनीतिक संदर्भों में महत्वपूर्ण है। उस पर अलग-अलग राय हो सकती है। लेकिन उनकी जीवनशैली से निकलने वाले सवाल राजनीति से कहीं बड़े हैं।
हो सकता है कि हममें से कोई भी लद्दाख जाकर न बस सके। लेकिन क्या इस महीने बिना जरूरत की एक खरीदारी टाली जा सकती है? क्या खराब हुई किसी चीज को फेंकने से पहले उसे ठीक कराने की कोशिश की जा सकती है? क्या बच्चों को पौधा लगाने, पानी बचाने और घर की छोटी-छोटी जिम्मेदारियां निभाने की आदत सिखाई जा सकती है?
बदलाव हमेशा किसी बड़े आंदोलन से शुरू नहीं होता। कई बार उसकी शुरुआत घर के एक छोटे-से फैसले से होती है।
हो सकता है कि आने वाले वर्षों में हमें सोनम वांगचुक का यह अनशन याद रहे या न रहे। लेकिन अगर इस बहाने हमने अपनी अलमारी, अपनी खरीदारी और अपनी रोजमर्रा की आदतों पर एक बार भी ईमानदारी से नजर डाल ली, तो यह चर्चा सिर्फ एक खबर बनकर नहीं रह जाएगी। शायद यह हमारी जिंदगी का हिस्सा भी बन जाएगी।
और शायद सोनम वांगचुक की सबसे बड़ी सीख भी यही है कि धरती को बचाने की शुरुआत अक्सर अपने घर से होती है, और घर बदलने से पहले आदतें बदलनी पड़ती हैं।
