किताब कैफे (Kitaab Cafe): कुछ किताबें पढ़ने के बाद खत्म हो जाती हैं, और कुछ किताबें पढ़ने के बाद आपके भीतर शुरू होती हैं। जेम्स क्लियर की एटॉमिक हैबिट्स (Atomic Habits) दूसरी तरह की किताब है। पहली नजर में यह आदतें सुधारने पर लिखी गई एक साधारण सेल्फ-हेल्प बुक लग सकती है, लेकिन जैसे-जैसे आप इसके पन्ने पलटते हैं, यह समझ में आने लगता है कि यह किताब मोटिवेशन से ज्यादा व्यवहार विज्ञान की किताब है।
2018 में पब्लिश हुई Atomic Habits आज दुनिया की सबसे ज्यादा पढ़ी जाने वाली नॉन-फिक्शन किताबों में शामिल है। इसकी करोड़ों प्रतियां बिक चुकी हैं और यह लंबे समय तक द न्यूयॉर्क टाइम्स की बेस्टसेलर लिस्ट में बनी रही। लेकिन सवाल यह है कि आखिर इसमें ऐसा क्या है, जिसने इसे आधुनिक दौर की सबसे प्रभावशाली सेल्फ-हेल्प किताब बना दिया?
छोटी आदतें, बड़े बदलाव
किताब का सबसे बड़ा विचार इसके शीर्षक में ही छिपा है। 'Atomic' यानी बहुत छोटा और 'Habits' यानी आदतें। जेम्स क्लियर कहते हैं कि जिंदगी बड़े फैसलों से कम और रोज दोहराई जाने वाली छोटी आदतों से ज्यादा बदलती है।
किताब का एक काफी चर्चित कोट है:
"You do not rise to the level of your goals. You fall to the level of your systems."
यानी आप अपने लक्ष्यों के स्तर तक नहीं पहुंचते, बल्कि अपने सिस्टम के स्तर तक गिरते या उठते हैं। यह एक ऐसी बात है, जो पहली बार पढ़ने पर ही सोचने पर मजबूर कर देती है।
अधिकांश सेल्फ-हेल्प किताबें आपको प्रेरित करने की कोशिश करती हैं। Atomic Habits इससे अलग रास्ता चुनती है। जेम्स क्लियर का तर्क है कि मोटिवेशन अस्थायी होता है, लेकिन अच्छी आदतों का सिस्टम स्थायी होता है।
वे बताते हैं कि अगर आप रोज सिर्फ 1% बेहतर बनने की कोशिश करें, तो लंबे समय में उसका असर चौंकाने वाला हो सकता है। यह विचार गणित जितना सरल और जीवन जितना गहरा लगता है।
हम 'एटॉमिक हैबिट्स' को समझने में कहां चूक जाते हैं?
भले ही यह किताब एक परफेक्ट गाइडलाइन देती है, लेकिन असल जिंदगी में इसे लागू करते समय लोग एक बड़े जाल में फंस जाते हैं, जिसे जेम्स क्लियर 'Motion vs Action' (गति बनाम क्रिया) कहते हैं।
मोशन (Motion): जब आप जिम जाने की प्लानिंग कर रहे होते हैं, डाइट चार्ट बना रहे होते हैं या आदतें सुधारने की किताबें पढ़ रहे होते हैं। इसमें आपको लगता है कि आप काम कर रहे हैं, लेकिन असल में नतीजा शून्य होता है।
एक्शन (Action): जब आप असल में जिम जाकर 10 पुश-अप्स मारते हैं।
ज्यादातर लोग ऐटॉमिक हैबिट्स पढ़ने के बाद 'मोशन' में ही रह जाते हैं। वे अच्छी आदतों का केवल प्लान बनाते हैं, उन्हें एक्शन में नहीं बदलते। मनमाफिक नतीजे के लिए आपको प्लानिंग से निकलकर तुरंत एक्शन मोड में आना होगा।
व्यवहार परिवर्तन के 4 नियम
इस किताब की सबसे खास बात इसकी भाषा है। जेम्स क्लियर कहीं भी उपदेश नहीं देते। वे मनोविज्ञान, न्यूरोसाइंस और व्यवहार विज्ञान से जुड़े शोधों को रोजमर्रा की जिंदगी के उदाहरणों के साथ जोड़ते हैं।
वे बताते हैं कि अच्छी आदत बनाने के लिए चार चीजें जरूरी हैं कि इसे स्पष्ट (Obvious), आकर्षक (Attractive), आसान (Easy) और संतोषजनक (Satisfying) बनाइए। यही 'Four Laws of Behavior Change' इस किताब का मूल ढांचा है।
जब 'एटॉमिक हैबिट्स' काम करना बंद कर देती है
इस किताब की सबसे बड़ी ताकत इसकी सरलता है, लेकिन यही इसकी लिमिटेशन भी है। यह किताब मानकर चलती है कि इंसान पूरी तरह से लॉजिकल है। लेकिन असल जिंदगी में हमारा अवसाद, मानसिक तनाव और अचानक आने वाले जीवन के संकट इन 1% वाले नियमों को तोड़ देते हैं।
जब आप गहरे भावनात्मक दौर से गुजर रहे होते हैं, तब 'सिस्टम' काम नहीं आते, तब आपको खुद को समझाने की जरूरत होती है। इसलिए, इस किताब को एक कड़े नियम की तरह नहीं, एक फ्लेक्सिबल फ्रेमवर्क की तरह इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
क्या यह वाकई आपकी 'लाइफ मैनुअल' है?
Atomic Habits आपको रातों-रात अमीर या सफल बनाने का दावा नहीं करती। इसकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि यह आपको बड़े सपने देखने के भंवर से निकालकर, छोटे कदम लगातार उठाने की जमीन पर लाती है।
यह किताब पढ़ने के बाद शायद आपकी पूरी जिंदगी तुरंत न बदले, लेकिन इतना जरूर होगा कि आप अपनी रोजमर्रा की आदतों को फिर कभी पहले जैसी नजर से नहीं देख पाएंगे।
