Nita Ambani Ganesh Chaturthi Saree Look: गणेश चतुर्थी पर एंटीलिया में जब बप्पा का स्वागत हुआ, तो पूजा के साथ-साथ अंबानी परिवार का फेस्टिव लुक भी चर्चा में रहा। हर बार की तरह इस बार भी नीता अंबानी की साड़ी और गहनों ने महफिल लूट ली। एंटीलिया चा राजा का स्वागत करने के लिए मिसेज अंबानी ने खास नारंगी और मैजेंटा रंग के दोहरे शेड वाली सिल्क साड़ी पहनी थी।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - कश्मीर की कढ़ाई वाली साड़ी में माहिरा ने लूटी महफिल, हर धागे में दिखी कहानी
लाखों की साड़ी के साथ नीता अंबानी ने बहुत ही यूनीक और राजसी लुक वाला नेकलेस पहना हुआ था। कंधों से लेकर चोली तक फैला हुआ बड़ा हार अनदेखा नहीं किया जा सकता है। सोने के साथ हीरे, रंगीन रत्न और मोतियों जैसी डिटेलिंग वाला ये हार, बेशक इस लुक की शान रहा है। इसके साथ चूड़ियां, कानों के गहने, चोटी में गजरा और छोटी गोल्डन पोटली ने पूरे लुक को त्योहार वाला अंदाज दिया। यहां देखें नीता अंबानी के लुक की डिटेल्स, जिन्हें आप भी फेस्टिव सीजन में रिक्रिएट कर सकती हैं।

Nita Ambani Necklace
साड़ी में एंटीलिया की मालकिन
एंटीलिया के गणेश चतुर्थी सेलिब्रेशन के लिए नीता अंबानी ने खास सिल्क की बेहद हसीन साड़ी पहनी थी। नीता अंबानी की इस साड़ी की सबसे पहली खासियत इसका रंग है। नारंगी और मैजेंटा का मेल इसे आम फेस्टिव साड़ियों से थोड़ा अलग बनाता है। दोनों रंग एक-दूसरे के साथ बेहद खिल रहे हैं। और बेशक ही इस साड़ी का रंग और स्टाइल खासतौर से नीता अंबानी पर तो एकदम जम रहा है।
लेकिन असली शो-स्टॉपर तो हार है
इस लुक में सबसे ज्यादा ध्यान उनकी ज्वेलरी ने खींचा। खासकर गले में पहना गया बड़ा-सा हार पूरे पहनावे का मुख्य आकर्षण रहा। यह हार कंधों तक फैला हुआ था और कई बारीक परतों से तैयार नजर आ रहा था। इसमें सोने के साथ हीरे, रंग-बिरंगे रत्न और मोतियों की खूबसूरत डिटेलिंग दिखाई दे रही थी। हार का हर हिस्सा बारीकी से सजाया गया था, जिससे इसकी कारीगरी साफ नजर आती है।
भारी हार के साथ उन्होंने हाथों में सुनहरे कड़े पहने, जिनमें रूबी की चमक भी दिखाई दी। कानों में पहने गए पारंपरिक गहने भी हार और साड़ी के साथ अच्छी तरह मेल खा रहे थे। कुल मिलाकर उनकी ज्वेलरी ने पूरे लुक को भव्य अंदाज दिया।
इतने हैवी गहनों के बावजूद नीता अंबानी ने मेकअप को काफी सादा रखा। चेहरे पर मैट फिनिश दिखाई दी और मेकअप को ज्यादा चमकदार या भारी नहीं बनाया गया। इससे उनका चेहरा नैचुरल और सॉफ्ट नजर आया, जबकि साड़ी और ज्वेलरी आसानी से लुक का केंद्र बनी रही।
हेयरस्टाइल की बात करें तो उन्होंने बालों की लंबी चोटी बनाई थी। चोटी के आखिरी हिस्से में लगाया गया छोटा-सा गजरा इस पूरे लुक की बेहद प्यारी डिटेल था। भारी गहनों और चमकदार साड़ी के बीच फूलों की यह छोटी-सी सजावट उनके पारंपरिक अंदाज को और निखार रही थी।
क्लासिक साड़ी, ज्वेलरी और हेयर, मेकअप के साथ नीता अंबानी ने हाथ में सुनहरी पोटली भी कैरी की थी। जो उनके लुक में वाकई चार चांद लगा रही है। इसका रंग साड़ी के सुनहरे बॉर्डर और ज्वेलरी के साथ कॉम्पलीमेंट कर रहा है। बेशक नीता जी का ये लुक उनके सबसे बेस्ट लुक्स में से एक है।
