लाइफस्टाइल

Situationship का दौर खत्म, जानें अब रिश्तों में क्या चाहते हैं युवा

Modern Dating Trends: अब युवा पीढ़ी ऐसे प्यार की तलाश में है जहां भावनाएं छिपाने की बजाय समझी जाएं। वे अब सिर्फ किसी के साथ रहने के लिए रिश्ता नहीं चाहते, बल्कि ऐसा रिश्ता चाहते हैं जिससे भरोसा मिले।

Image

रिश्तों में क्या चाहते हैं युवा

Modern Dating Trends: 'अभी इस रिश्ते को लेबल मत करो', 'देखते हैं आगे क्या होता है' जैसे वाक्य आज के रिश्तों का हिस्सा बन गए हैं। इसे सिचुएशनशिप कहते हैं। आज की डेटिंग दुनिया में सिचुएशनशिप (Situationship) एक ऐसा शब्द बन गया था, जहां दो लोग करीब तो होते थे, लेकिन रिश्ते को कोई नाम नहीं देते थे। ना पूरी तरह प्यार, ना सिर्फ दोस्ती। बस एक ऐसी स्थिति जिसमें दोनों साथ होते थे, लेकिन आगे क्या होगा इसका जवाब किसी के पास नहीं होता था। लेकिन अब लगता है कि खासकर युवा पीढ़ी इस उलझन से बाहर निकलना चाहती है। वे अब ऐसा रिश्ता चाह रहे हैं जिसमें प्यार के साथ-साथ भरोसा, साफ सोच और स्थिरता भी हो।

सिचुएशनशिप से क्यों होने लगी थकान?

कई युवा अब इस तरह के रिश्तों से परेशान होने लगे हैं। शुरुआत में बिना किसी जिम्मेदारी वाला रिश्ता आसान लगता है, लेकिन समय के साथ कई लोगों को महसूस होता है कि इसमें भावनात्मक जुड़ाव तो है, लेकिन सुरक्षा और भरोसा नहीं। कई लोग अब महसूस कर रहे हैं कि सिर्फ बातचीत और साथ समय बिताना काफी नहीं है। उन्हें ऐसा साथी चाहिए जो उनके लिए मौजूद रहे और रिश्ते को लेकर अपनी सोच साफ रखे।

अब युवा क्या चाहते हैं?

आज की युवा पीढ़ी अब ऐसे पार्टनर की तलाश में है जो अपनी भावनाओं और इरादों को खुलकर बता सके। उन्हें बड़े-बड़े वादों से ज्यादा छोटी-छोटी चीजों में भरोसा दिखता है। वे चाहते हैं कि सामने वाला उन्हें सिर्फ एक विकल्प की तरह ना देखे, बल्कि अपनी जिंदगी का हिस्सा समझे। सोशल मीडिया पर ग्रीन फ्लैग्स, सॉफ्ट लॉन्चिंग और सेफ रिलेशनशिप जैसे ट्रेंडिंग शब्द भी इसी बदलाव को दिखाते हैं। लोग अब सिर्फ आकर्षण नहीं बल्कि एक स्वस्थ और समझदार रिश्ता चाहते हैं।

रिश्तों के नए नियम

अब कई लड़कियां ऐसे रिश्तों से दूरी बना रही हैं जहां उन्हें बराबर का भावनात्मक सहयोग नहीं मिलता। वहीं लड़के भी धीरे-धीरे यह समझ रहे हैं कि उन्हें भी गहरे और सच्चे रिश्तों की जरूरत है। पहले कई लोग अपनी भावनाएं जाहिर करने से डरते थे। उन्हें लगता था कि ज्यादा उम्मीद रखना या प्यार मांगना उन्हें कमजोर दिखाएगा। लेकिन अब सोच बदल रही है।

डर के बावजूद चाहिए सच्चा रिश्ता

रिश्तों में सबसे बड़ा डर (अस्वीकृति का डर और कमिटमेंट का डर ) हमेशा से रहा है । लेकिन अब युवा इस डर से आगे बढ़ना चाहते हैं। वे चाहते हैं कि रिश्ते में चीजें साफ हों। अगर प्यार है तो उसे स्वीकार किया जाए और अगर नहीं है तो उसे भी ईमानदारी से बताया जाए। सिचुएशनशिप के दौर के बाद अब युवा पीढ़ी एक ऐसे प्यार की तरफ बढ़ती दिख रही है जहां भावनाएं छिपाने की बजाय समझी जाएं। वे अब सिर्फ किसी के साथ रहने के लिए रिश्ता नहीं चाहते, बल्कि ऐसा रिश्ता चाहते हैं जिसमें सम्मान, भरोसा और मानसिक शांति मिले।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article