Fashion Flashback: फैशन की कुछ तस्वीरें ऐसी होती हैं, जिन्हें सालों बाद देखने पर भी नजरें ठहर जाती हैं। खासकर जब किसी खूबसूरत आउटफिट के साथ कोई याद और भावना भी जुड़ी हो। बॉलीवुड की दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी का नाम भी ऐसी ही फैशन यादों में शामिल है। उनकी खूबसूरती, साड़ी पहनने का अंदाज और गहनों को चुनने का तरीका आज भी फैशन पसंद करने वालों को आकर्षित करता है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - कान में पांच पैसे पहन आईं जेनेलिया डिसूजा, ईयररिंग्स की कीमत सुन उड़ेंगे होश
साल 2017 में विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के मुंबई वेडिंग रिसेप्शन में श्रीदेवी ने रॉयल ब्लू और ब्लैक रंग की खूबसूरत साड़ी पहनी थी। उनके इस लुक की चर्चा काफी हुई थी। खास बात यह है कि उनकी बेटी जाह्नवी कपूर ने भी साल 2025 में अपनी मां की वही साड़ी पहनकर उन्हें खास अंदाज में याद किया। श्रीदेवी का वह खास पोल्की हार अब जाह्नवी के पास नहीं, बल्कि ऐश्वर्या राय बच्चन के पास बताया जाता है।

Sridevi Blue Saree at virat anushka reception
विराट-अनुष्का के रिसेप्शन में छाया था श्रीदेवी का लुक
26 दिसंबर 2017 को विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के मुंबई रिसेप्शन में बॉलीवुड के कई सितारे पहुंचे थे। इस खास मौके पर श्रीदेवी ने डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की रॉयल ब्लू और ब्लैक पाश्मीना वेलवेट साड़ी पहनी थी। इस साड़ी पर कश्मीरी कढ़ाई और गोल्ड टिल्ला वर्क किया गया था।
उनके लुक में सबसे खास बात थी साड़ी का गहरा नीला रंग और उसके साथ पहना गया खूबसूरत पोल्की नेकलेस। उन्होंने बालों को बांधकर और हल्के मेकअप के साथ अपना लुक पूरा किया था। यह अंदाज आज भी उनके यादगार फैशन लुक्स में गिना जाता है।
जाह्नवी ने मां की साड़ी पहनकर फिर ताजा की यादें
साल 2025 में जाह्नवी कपूर ने अपनी फिल्म 'होमबाउंड' के प्रीमियर पर मां श्रीदेवी की वही रॉयल ब्लू साड़ी पहनी। यह सिर्फ एक फैशन चॉइस नहीं थी, बल्कि अपनी मां को याद करने का भावुक तरीका भी था। जाह्नवी ने साड़ी के साथ ब्लैक वेलवेट ब्लाउज, बालों का बन और खूबसूरत कुंदन ज्वेलरी पहनी थी। उनका लुक देखकर लोगों को श्रीदेवी का पुराना अंदाज याद आ गया।

Aishwarya rai ambani wedding sridevi necklace
ऐश्वर्या राय बच्चन के पास है हार
श्रीदेवी की साड़ी के साथ उनका पोल्की नेकलेस भी खूब चर्चा में रहा था। यह नेकलेस डिजाइनर सब्यसाची का बताया जाता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, श्रीदेवी ने यह खास हार ऐश्वर्या राय बच्चन को तोहफे में दिया था। दरअसल, ऐश्वर्या श्रीदेवी को प्यार से 'अक्का' कहती थीं, दोनों का बॉन्ड काफी क्लोज था। बाद में ऐश्वर्या राय बच्चन को भी इस खूबसूरत पोल्की हार में देखा गया। उन्होंने इसे लाल साड़ी के साथ आकाश अंबानी और श्लोका मेहता की शादी में पहना था और उनका अंदाज किसी महारानी से कम नहीं लग रहा था।
