लाइफस्टाइल

नवंबर में छत पर लगाएं ये 15+ सब्जियां, गार्डन एक्सपर्ट ने बताया हल्की सर्दियों में घर पर क्या उगाएं

Gardening Tips: नवंबर में छत पर पालक, मेथी, धनिया, गाजर, मूली, टमाटर और मटर जैसी सब्जियां आसानी से उगा सकते हैं। जानिए सही पॉटिंग मिक्स, ग्रो बैग का आकार, धूप और खाद से जुड़ी जरूरी गार्डनिंग टिप्स।

Image

Gardening Tips, नवंबर में छत पर लगाएं ये सब्जियां

नवंबर का महीना घर की छत को हरे-भरे किचन गार्डन में बदलने के लिए काफी अच्छा माना जाता है। इस समय मौसम न ज्यादा गर्म होता है और न ही बहुत ठंडा, इसलिए कई तरह की सब्जियां आसानी से उगाई जा सकती हैं। खास बात यह है कि इसके लिए आपको बड़े खेत या बहुत ज्यादा जगह की जरूरत नहीं है। कुछ ग्रो बैग, अच्छी मिट्टी, थोड़ी खाद और रोजाना मिलने वाली धूप से आप अपनी छत पर ताजी सब्जियां उगा सकते हैं।

पालक, मेथी, धनिया से लेकर गाजर, मूली, टमाटर और मटर तक कई विकल्प मौजूद हैं। Terrace and Gardening के दीपक की यूट्यूब वीडियो में सर्दियों के मौसम में छत पर सब्जियां उगाने के तरीके, ग्रो बैग का सही आकार और पौधों की देखभाल से जुड़ी उपयोगी जानकारी साझा की गई है। अगर आप भी बाजार से सब्जियां खरीदने के बजाय घर पर ताजी सब्जियां तोड़ना चाहते हैं, तो नवंबर में ही इसकी तैयारी शुरू कर दें।

1. सबसे पहले तैयार करें अच्छी मिट्टी

सब्जियां लगाने से पहले गमले या ग्रो बैग की मिट्टी तैयार करना जरूरी है। इसके लिए 30 प्रतिशत सामान्य मिट्टी, 30 प्रतिशत वर्मीकंपोस्ट, 30 प्रतिशत कोकोपीट और 10 प्रतिशत नीम खली, बोन मील या सरसों की खली मिला सकते हैं। पौधों को रोजाना 5 से 6 घंटे की धूप वाली जगह पर रखें।

2. पालक, मेथी और धनिया आसानी से उगाएं

पालक: चौड़े ग्रो बैग में बीज छिड़ककर हल्की मिट्टी से ढक दें। लगभग 30-35 दिनों में पहली कटाई कर सकते हैं।

मेथी: 6 से 9 इंच गहरे ग्रो बैग में बीज लगाएं। 25-30 दिनों में पत्तियां तैयार हो जाती हैं।

धनिया: साबुत बीजों को हल्का तोड़कर बोएं। लगभग 35-40 दिनों में ताजी पत्तियां मिलने लगती हैं।

लाल भाजी और चौलाई: बीजों को रेत में मिलाकर बोएं। करीब 30 दिनों में इनकी कटाई शुरू हो सकती है।

चने की भाजी: घर में मौजूद काले चनों को मिट्टी में बोकर इसकी हरी पत्तियां उगा सकते हैं।

3. गाजर, मूली और चुकंदर भी लगाएं

जड़ वाली सब्जियों के लिए मिट्टी का भुरभुरा होना जरूरी है। गाजर के लिए करीब 12 इंच गहरा ग्रो बैग चुनें। इसकी फसल लगभग 70-80 दिनों में तैयार हो सकती है। लाल गोल मूली 6-9 इंच गहरे गमले में करीब 30 दिनों में तैयार हो जाती है, जबकि सफेद मूली को 45-60 दिन लग सकते हैं। चुकंदर भी 12 इंच गहरे गमले में उगा सकते हैं। इसके पत्ते भी खाने में इस्तेमाल किए जा सकते हैं।

4. टमाटर, मटर और गोभी की करें तैयारी

टमाटर के पौधे तैयार करके 12x12 इंच के ग्रो बैग में लगाएं। पौधा बड़ा होने पर उसे सहारा देना न भूलें। ब्रोकली और फूलगोभी के लिए भी इसी आकार का ग्रो बैग इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा मटर के बीज सीधे मिट्टी में बोएं। लगभग 60 दिनों में फलियां मिलने लगती हैं। हरी मिर्च, शिमला मिर्च, पत्ता गोभी और लेट्यूस भी सर्दियों के अच्छे विकल्प हैं।

5. बेल वाली सब्जियों के लिए अपनाएं ये टिप्स

लौकी, कद्दू और करेला भी छत पर उगाए जा सकते हैं। इनके लिए बड़े ग्रो बैग और बेल चढ़ाने के लिए मजबूत जाली या सहारे की जरूरत होती है। Terrace and Gardening के अनुसार, लौकी की बेल 5-6 फीट लंबी होने पर उसकी मुख्य टिप काटने से साइड ब्रांच निकलने में मदद मिल सकती है। नर और मादा फूलों के बीच हाथ से परागण करने पर फल बनने में मदद मिलती है।

हर 15-20 दिन में दें खाद

पौधों की अच्छी बढ़त के लिए हर 15-20 दिन में वर्मीकंपोस्ट, सड़ी गोबर खाद या कंपोस्ट टी दे सकते हैं। सरसों की खली का लिक्विड फर्टिलाइजर भी इस्तेमाल किया जा सकता है। पानी उतना ही दें जितना मिट्टी को नम रखने के लिए जरूरी हो। गमलों में पानी जमा न होने दें।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article