शहर

जौहर ट्रस्ट मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट में हुई सुनवाई, आजम खान की जमानत पर कल आएगा फैसला

जौहर ट्रस्ट 426 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सपा नेता आजम खान की ईडी कस्टडी और रिहाई याचिका पर इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई पूरी हो गई। अंतरिम राहत पर कोर्ट में कल फैसला आएगा।

Image

आजम खान की जमानत और कस्टडी पर कल आएगा फैसला

Photo : PTI

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान की ED गिरफ्तारी, न्यायिक हिरासत और अंतरिम जमानत याचिका पर इलाहाबाद हाईकोर्ट में सोमवार को भी कोई अंतिम फैसला नहीं आ सका। अदालत में लंच से पहले और लंच के बाद मिलाकर करीब साढ़े चार घंटे तक दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सुनवाई होने के बाद, मंगलवार को फैसला देगा। कल हाईकोर्ट यह तय करेगा कि आजम खान को अंतरिम राहत मिलेगी या नहीं।

कपिल सिब्बल ने रखी दलीलें, ईडी ने किया कड़ा विरोध

इलाहाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस राजीव गुप्ता और जस्टिस देवेंद्र सिंह प्रथम की डिवीजन बेंच इस मामले की सुनवाई कर रही है। सोमवार को कोर्ट में सुनवाई का ब्योरा इस प्रकार रहा। लंच से पहले करीब ढाई घंटे और लंच के बाद लगभग दो घंटे तक मामले पर गहन सुनवाई हुई। आजम खान की ओर से सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने जोरदार दलीलें पेश करते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई और गिरफ्तारी के कानूनी आधारों को चुनौती दी। वहीं, ईडी के अधिवक्ता ने भी अदालत के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए आजम खान की याचिका का विरोध किया।

क्या है पूरा मामला?

सपा नेता आजम खान की यह याचिका जौहर यूनिवर्सिटी और जौहर ट्रस्ट से जुड़े 426 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले से संबंधित है। आजम खान ने सबसे पहले सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद इस याचिका को इलाहाबाद हाईकोर्ट में ट्रांसफर किया गया और सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया। 31 अक्टूबर को जेल से रिहा होने के तुरंत बाद ईडी ने आजम खान को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया था। आजम खान फिलहाल ईडी की कस्टडी रिमांड पर हैं। सोमवार को उनकी 4 दिनों की शुरुआती ईडी कस्टडी खत्म हो रही थी, लेकिन गाजियाबाद की विशेष PMLA कोर्ट ने उनकी कस्टडी रिमांड को 26 नवंबर 2026 तक बढ़ा दिया है। अब सबकी निगाहें मंगलवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट में होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं, जहां अदालत आजम खान की अंतरिम रिहाई या राहत पर फैसला सुना सकती है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article