फैशन की दुनिया में कब कौन-सी पुरानी चीज नया ट्रेंड बन जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। कभी पुराने जमाने की चूड़ियां फैशन में लौट आती हैं, तो कभी मां-दादी के गहनों से इंस्पायर होकर नए डिजाइन तैयार किए जाते हैं। इस बार चर्चा एक ऐसी ज्वेलरी की है, जिसे देखकर शायद आपको बेशक पुराने जमाने वाली ज्वेलरी की याद दिला देगी।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - मैंने प्यार किया से मैं प्रेम की दीवानी हूं तक, सूरज बड़जात्या की फिल्मों के आइकॉनिक फैशन लुक्स
हाल ही में एक्ट्रेस जेनेलिया डिसूजा ने सिंपल और कैजुअल आउटफिट के साथ कान में विंटेज लुक वाली ईयररिंग्स पहनी थी। इन विंटेज और आइकॉनिक 5 पैसा ईयररिंग्स की कीमत लाखों में बताई जा रही है। इसी लुक ने एक बार फिर विंटेज कॉइन ज्वेलरी को चर्चा में ला दिया है। देखें इस तरह की ज्वेलरी कैसे कभी फैशन से बाहर नहीं जाती है।
जेनेलिया के ईयररिंग्स में क्या है खास?
जेनेलिया का यह ज्वेलरी लुक उन लोगों के लिए खास है जिन्हें कुछ अलग और हटकर पहनना पसंद है। पुराने पांच पैसे के सिक्के से प्रेरित डिजाइन इसे एक विंटेज टच देता है। इस तरह के 5 पैसे अब लोग सिर्फ याद के तौर पर अपने बटुए में रखते हैं। लेकिन इसे हाई एंड फैशन स्टेटमेंट ज्वेलरी पीस के रूप में स्टाइल करना भी बहुत ही खास है। जो फैंस को काफी ज्यादा पसंद आ रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इन ईयररिंग्स की कीमत लगभग 1.8 लाख से 2 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है। हालांकि, इस कीमत की आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है।

Genelia Dsouza 5 Paisa Earrings
फिर क्यों ट्रेंड में आई पुरानी सिक्का ज्वेलरी?
कॉइन ज्वेलरी का आकर्षण केवल उसके डिजाइन में नहीं, बल्कि उससे जुड़ी पुरानी यादों में भी है। पुराने सिक्के इतिहास, संस्कृति और बीते समय की कहानी अपने साथ लेकर चलते हैं। जब इन्हें ईयररिंग्स, नेकलेस या पेंडेंट के रूप में इस्तेमाल किया जाता है, तो साधारण एक्सेसरीज भी खास बन जाती हैं। आजकल फैशन में विंटेज और रेट्रो स्टाइल का चलन बढ़ रहा है। यही वजह है कि पुराने जमाने के डिजाइन नए अंदाज में वापस दिखाई दे रहे हैं। कॉइन ज्वेलरी भी इसी ट्रेंड का हिस्सा है।
आप भी कैसे अपनाएं यह ट्रेंड?
अगर आपको भी सिक्का ज्वेलरी पसंद है, तो इसे पहनने के लिए लाखों रुपये खर्च करना जरूरी नहीं है।
- छोटे कॉइन स्टड्स को रोजाना के कपड़ों के साथ पहन सकती हैं।
- बड़े कॉइन ईयररिंग्स को सादे कुर्ते या वेस्टर्न आउटफिट के साथ स्टाइल करें।
- कॉइन पेंडेंट को सिंपल चेन के साथ पहनकर मिनिमल लुक पाएं।
- ऑक्सीडाइज्ड सिल्वर कॉइन ज्वेलरी को एथनिक कपड़ों के साथ ट्राई करें।
भारत में पुराने सिक्कों से बनी ज्वेलरी पहनने का चलन बहुत पुराना है। पहले महिलाएं सिक्कों से हार, झुमके, कमरबंद और दूसरे गहने बनवाकर पहनती थीं। कई जगह इसे परंपरा और शान से जोड़कर देखा जाता था। आज वही पुराना फैशन नए डिजाइन के साथ वापस आ रहा है और लोग इसे काफी पसंद कर रहे हैं।
