लाइफस्टाइल

26 जून का टूथब्रश से है खास कनेक्शन, हड्डी और सूअर के बाल से बने ब्रश का हुआ था पेटेंट

आपको जानकर हैरानी होगी कि उस दौर में लोगों को भले ही ओरल हेल्थ की वैज्ञानिक जानकारी न रही हो, लेकिन वे यह समझ चुके थे कि दांतों की नियमित सफाई जरूरी है।

Image

26 जून 1498 को चीन के राजा ने करवाया था टूथ ब्रश का पेटेंट (AI Image)

History of Tooth brush: हर सुबह दांतों को ब्रश करना हमारी आदत में शुमार हो चुका है। आज दांतो को ब्रश करने के लिए ना जाने कितने ही तरह के टूथ ब्रश मार्केट में मौजूद हैं। दिलचस्प बात यह है कि आधुनिक टूथब्रश के इतिहास में 26 जून की तारीख खास मानी जाती है। इसी दिन, साल 1498 में चीन के मिंग वंश के शासक राजा होंगझी ने उस टूथब्रश का पेटेंट कराया था, जिसे आधुनिक ब्रश का शुरुआती रूप माना जाता है। वैसे दांतों को साफ रखने की इंसानी कोशिशें इससे भी हजारों साल पहले शुरू हो चुकी थीं।

इतिहास के पन्ने पलटेंगे तो पता चलेगा कि करीब 5 हजार साल पहले लोग दांतों की सफाई के लिए पेड़ों की पतली टहनियों का इस्तेमाल करते थे। इन टहनियों के एक सिरे को चबाकर रेशेदार बना लिया जाता था और फिर उससे दांत साफ किए जाते थे। भारत में इसे दातुन कहा जाता है।

आपको जानकर हैरानी होगी कि उस दौर में लोगों को भले ही ओरल हेल्थ की वैज्ञानिक जानकारी न रही हो, लेकिन वे यह समझ चुके थे कि दांतों की नियमित सफाई जरूरी है। इसीलिए समय-समय पर दांत साफ करने के तरीके में बदलाव भी आया।

करीब 1600 ईसा पूर्व चीन में लोग दांत मांजने के लिए खुशबूदार और औषधीय गुणों वाले पेड़ों की टहनियों का इस्तेमाल करने लगे। इससे दांतों की सफाई भी होती और सांसों की दुर्गंध भी दूर होती। ये ठीक वैसे ही थी जैसे आज मिंट फ्लेवर वाले टूथपेस्ट सांसों को तरोताजा करने का एहसास देते हैं।

जानवरों के बाल से बनने लगे ब्रश

दांत साफ करने की तकनीक में अगला बड़ा बदलाव तब आया, जब लोगों ने जानवरों के बालों को लकड़ी के हत्थे से जोड़कर ब्रश बनाना शुरू किया। यह आधुनिक टूथब्रश की दिशा में पहला बड़ा कदम था।

यहां ये बताना भी जरूरी है कि उस समय टूथपेस्ट जैसी कोई चीज मौजूद नहीं थी। लोग दांत साफ करने के लिए मिट्टी, राख, अंडे के छिलकों का पाउडर और कई तरह की प्राकृतिक चीजें इस्तेमाल करते थे।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: नेपोलियन की इस एक बात में छिपी है सफलता की चाबी

फिर आया साल साल 1498। चीन के मिंग वंश के सम्राट राजा होंगझी ने सूअर के बालों का इस्तेमाल करके एक नया टूथब्रश तैयार कराया। इन कठोर बालों को लकड़ी या हड्डी के एक हैंडल पर लगाया गया था। यह ब्रश दांतों की बेहतर तरह से सफाई करने में कारगर साबित हुआ। इसी कारण धीरे-धीरे इस डिजाइन को दूसरे देशों में भी अपनाया जाने लगा। इसकी लोकप्रियता को देखते हुए राजा होंगझी ने ब्रश का पेटेंट करवा लिया।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article