उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दलित वोट बैंक को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। आगरा में दलित सम्मेलन के दौरान समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा ने अखिलेश यादव के दलितों के बीच बढ़ते संपर्क अभियान पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सपा के शासनकाल में दलितों पर अत्याचार, महापुरुषों का अपमान और उनकी जमीनों पर कब्जे की सबसे ज्यादा घटनाएं हुई थीं।
उत्तर प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने सोमवार को मथुरा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि समाजवादी पार्टी का रिकॉर्ड दलित उत्पीड़न के मामलों में सबसे खराब रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के कार्यकाल में दलित समाज के साथ कई तरह के अपराध हुए और सम्मानित दलित महापुरुषों का अपमान किया गया।
उन्होंने कहा कि दलित समाज समाजवादी पार्टी की असलियत अच्छी तरह जानता है। अखिलेश यादव बार-बार अपना रूप बदलकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश करते हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश की जनता उन्हें पहचानती है।
अखिलेश ने कहा था- अब दलित दमदार हो गया है
दरअसल, एक दिन पहले आगरा में आयोजित दलित सम्मेलन को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि दलित अब 'दमदार' हो गया है और भाजपा को हराने में अहम भूमिका निभाएगा। इस दौरान उन्होंने पार्टी के PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) नारे को नया अर्थ देने की भी कोशिश की थी।
अखिलेश के इसी बयान के बाद भाजपा नेताओं ने उन पर हमला बोला। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव को गरीबों, पिछड़ों और दलितों का विरोधी बताया। उन्होंने यह भी कहा कि अखिलेश यादव को अयोध्या जाने के बजाय मथुरा आकर भगवान श्रीकृष्ण का मंदिर बनवाना चाहिए।
ब्रजेश पाठक ने आजम खान का भी किया जिक्र
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी समाजवादी पार्टी पर दलितों के उत्पीड़न का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब-जब प्रदेश में सपा की सरकार रही, तब-तब दलितों पर अत्याचार हुए।पाठक ने सपा सरकार में मंत्री रहे आजम खान का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर को भू-माफिया तक कह दिया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी को कभी स्वीकार नहीं करेगी।
मथुरा में भाजपा की बैठक, 2027 चुनाव की रणनीति पर मंथन
भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मथुरा में दो दिवसीय रणनीतिक बैठक बुलाई है। यह बैठक 16 और 17 नवंबर को परखम गांव स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गौ अनुसंधान केंद्र में हो रही है। इसे लेकर भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में भविष्य की रणनीति तैयार की जाएगी। पार्टी पूरी ताकत और स्पष्ट एजेंडे के साथ विधानसभा चुनाव में उतरेगी और जनता के बीच अपनी पहुंच मजबूत करेगी।
