क्रिकेट

अंडर-19 एशिया कप में चमके आर्यवीर, पिता वीरेंद्र सहवाग के साथ पहुंचे बागेश्वर धाम; धीरेंद्र शास्त्री से लिया आशीर्वाद

क्रिकेट के मैदान पर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से दुनिया भर में पहचान बनाने वाले पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग इन दिनों अपने प्रदर्शन को लेकर चर्चा में हैं। अंडर 19 एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 में शानदार परफॉर्मेंस और पाकिस्तान के खिलाफ जीत में अहम योगदान देने के बाद आर्यवीर को 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुना गया। इस उपलब्धि के बाद वह अपने परिवार के साथ बागेश्वर धाम पहुंचे और धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से आशीर्वाद लिया।

Image

पिता सहवाग के साथ बागेश्वर धाम पहुंचे आर्यवीर। फोटो- सोशल मीडिया

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय अंडर-19 टीम ने एशिया कप में ऐतिहासिक जीत दर्ज की। फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को हराकर रिकॉर्ड 9वीं बार खिताब जीता। फाइनल मुकाबले में मोहित उल्वा ने भारत को आखिरी गेंद पर ऐतिहासिक जीत दिलाई। वहीं, पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने अर्धशतकीय पारी खेली।

क्रिकेट के मैदान पर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से दुनिया भर में पहचान बनाने वाले पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग इन दिनों अपने प्रदर्शन को लेकर चर्चा में हैं। अंडर-19 एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 में शानदार परफॉर्मेंस और पाकिस्तान के खिलाफ जीत में अहम योगदान देने के बाद आर्यवीर को 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुना गया। इस उपलब्धि के बाद वह अपने परिवार के साथ बागेश्वर धाम पहुंचे और धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात की और आशीर्वाद लिया।

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीरेंद्र सहवाग, आर्यवीर और उनके परिवार के साथ मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, 'होनहार बिरवान के होत चिकने पात।' इसके साथ ही उन्होंने आर्यवीर को भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे के रूप में संबोधित किया।

जीवन में आगे बढ़ने का आशीर्वाद

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बताया कि आर्यवीर सहवाग अपने परिवार के साथ बागेश्वर धाम पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने युवा क्रिकेटर को जीवन पथ पर अडिग रहने और कर्तव्यशील बनने का आशीर्वाद दिया। इस मौके पर उनके पिता और पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग भी परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मौजूद रहे।

पिता की राह पर आगे बढ़ रहे आर्यवीर

वीरेंद्र सहवाग भारतीय क्रिकेट के सबसे आक्रामक सलामी बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। टेस्ट क्रिकेट में दो तिहरे शतक लगाने वाले सहवाग ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से एक अलग पहचान बनाई थी। अब उनके बेटे आर्यवीर भी क्रिकेट के मैदान पर अपने प्रदर्शन से सुर्खियां बटोर रहे हैं। अंडर 19 एशिया कप 2026 में मिली उपलब्धि को उनके क्रिकेट करियर के लिए एक अहम पड़ाव माना जा रहा है।

फाइनल में खेली 58 रन की पारी

अंडर-19 एशिया कप फाइनल की बात करें तो शनिवार को ओमान में खेले गए रोमांचक मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को एक विकेट से मात दी। पाकिस्तान के खिलाफ 338 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आर्यवीर ने 61 गेंद पर 58 रनों की पारी खेली। मैच का फैसला आखिरी गेंद पर मोहित उल्वा के चौके से हुआ। आर्यवीर ने टूर्नामेंट के 5 मैच में 90.25 की औसत और 95 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से कुल 361 रन बनाए, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल थे। उन्हें 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुना गया। आर्यवीर ने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 16 छक्के लगाकर अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ाया।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 8 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article