लाइफस्टाइल

जब सामने पहाड़ देख भी नहीं रुका नेपोलियन, उसकी एक बात में छिपा है सफलता का बहुत बड़ा सबक

नेपोलियन के जीवन से जुड़ी ये घटना हमें सिखाती है कि जिंदगी में चुनौतियां हमेशा रहेंगी। फर्क सिर्फ इतना होता है कि हम उन्हें रुकावट मानते हैं या आगे बढ़ने की प्रेरणा।

Image

जब नोपोलियन ने सिखाया सफलता का सबसे बड़ा सबक

Napoleon Motivational Story: इतिहास में फ्रांस के सम्राट नेपोलियन बोनापार्ट को दुनिया के सबसे महान सेनानायकों में गिना जाता है। किसी के लिए नेपोलियन नायक हैं तो किसी के लिए खलनायक, लेकिन उनकी जिंदगी से जुड़ी कई कहानियां आज भी लोगों के लिए प्रेरणा का काम करती हैं। ऐसी ही एक घटना जो सिखाती है कि अगर इरादे मजबूत हों तो असंभव दिखने वाली चुनौतियों को भी पार किया जा सकता है।

कहा जाता है कि एक बार नेपोलियन अपनी सेना के साथ आल्प्स पर्वत को पार करने के लिए निकले। सामने ऊंचा और दुर्गम पहाड़ था, जिसे देखकर सैनिकों के मन में डर पैदा होने लगा। बहुत से लोगों को लगा कि इस रास्ते से आगे बढ़ना मौत को दावत देने जैसा है, लेकिन नेपोलियन ने हार मानने के बजाय अपने सैनिकों को आगे बढ़ने का आदेश दिया।

उसी समय वहां मौजूद एक बुजुर्ग महिला ने नेपोलियन को रोकने की कोशिश की। उसने कहा कि इस पहाड़ को पार करने की कोशिश करने वाले अब तक सभी लोग असफल हुए हैं। अगर उन्हें अपनी जिंदगी प्यारी है तो उन्हें वापस लौट जाना चाहिए। आम तौर पर ऐसी बातें सुनकर किसी का भी मनोबल टूट सकता था, लेकिन नेपोलियन पर इसका उल्टा असर हुआ।

उन्होंने उस बुजुर्ग महिला की बात को चुनौती नहीं, बल्कि प्रेरणा के रूप में लिया। उन्होंने खुशी-खुशी अपने गले का कीमती हार उतारकर महिला को भेंट कर दिया और कहा कि उसकी बातों ने उनका उत्साह और बढ़ा दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि अगर वे सफल होकर लौटे तो यही लोग उनकी जीत का स्वागत करेंगे।

नेपोलियन की सकारात्मक सोच देखकर बुजुर्ग महिला भी प्रभावित हो गई। उसने कहा कि वह पहली बार किसी ऐसे व्यक्ति से मिली है, जो चेतावनी सुनकर निराश होने के बजाय और ज्यादा दृढ़ हो गया। उसके अनुसार, जो लोग मुसीबतों का सामना करने का साहस रखते हैं, उन्हें हराना आसान नहीं होता।

इतिहास गवाह है कि नेपोलियन ने अपने जीवन में कई कठिन लड़ाइयां जीतीं और एक साधारण सैनिक से फ्रांस के सम्राट बनने तक का सफर तय किया। उनकी रणनीति और नेतृत्व क्षमता की चर्चा आज भी दुनिया भर में होती है।

नेपोलियन के जीवन से जुड़ी ये घटना हमें सिखाती है कि जिंदगी में चुनौतियां हमेशा रहेंगी। फर्क सिर्फ इतना होता है कि हम उन्हें रुकावट मानते हैं या आगे बढ़ने की प्रेरणा। मुश्किलों से घबराने के बजाय उन्हें अपनी ताकत बनाने की कोशिश करनी चाहिए।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article