लाइफस्टाइल

वजन घटाना है या मसल्स बनानी हैं, सुबह नाश्ते में खाएं ये हाई प्रोटीन पराठा, शरीर रहेगा एनर्जी से भरपूर

High Protein Paratha Recipe: अगर आप वजन कम करना चाहते हैं या मसल्स बनाना चाहते हैं, तो नाश्ते में हाई प्रोटीन पराठा एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। जानिए इसकी आसान रेसिपी।

Image

नाश्ते में बनाकर खाएं ये हाई प्रोटीन पनीर परांठा

High Protein Paratha Recipe: अगर आप अपना वजन कम करना चाहते हैं या शरीर को मजबूत बनाना चाहते हैं, तो सबसे पहले अपने नाश्ते पर ध्यान देना जरूरी है। सुबह का पहला खाना ऐसा होना चाहिए जो लंबे समय तक पेट भरा रखे और शरीर को भरपूर ताकत भी दे। ऐसे में हेल्थ इंफ्लुएंसर और न्यूट्रिशनिस्ट दिव्या गांधी की बताई गई हाई प्रोटीन पराठे की रेसिपी आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकती है। इस पराठे में पनीर के साथ पालक, चुकंदर और गेहूं के आटे का इस्तेमाल किया जाता है। इससे शरीर को प्रोटीन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं। अगर आप रोज एक जैसा नाश्ता खाकर बोर हो चुके हैं, तो यह रेसिपी जरूर ट्राई कर सकते हैं।

इस पराठे में क्या-क्या डालना है

इस हेल्दी पराठे को बनाने के लिए ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ती। इसके लिए आपको चाहिए..

  • चुकंदर
  • पालक
  • गेहूं का आटा
  • पनीर
  • बारीक कटा प्याज
  • हरा धनिया
  • तिल
  • नमक और अपने पसंदीदा मसाले

पनीर शरीर को अच्छी मात्रा में प्रोटीन देता है, जबकि पालक और चुकंदर में ऐसे पोषक तत्व होते हैं जो शरीर को अंदर से मजबूत रखने में मदद करते हैं। गेहूं का आटा इसे पेट भरने वाला और संतुलित भोजन बनाता है।

रंग-बिरंगा आटा बनाने का आसान तरीका

सबसे पहले पालक को थोड़ा पानी डालकर पीस लें और उससे आधा आटा गूंध लें। फिर इसी तरह चुकंदर को पीसकर बाकी आधा आटा गूंध लें। अब आपके पास दो अलग-अलग रंग का आटा तैयार होगा। इससे पराठा देखने में भी अच्छा लगता है और खाने में भी स्वाद बढ़ जाता है।

पनीर की टेस्टी और हेल्दी स्टफिंग ऐसे बनाएं

एक बर्तन में पनीर को अच्छी तरह मसल लें। इसमें बारीक कटा प्याज, हरा धनिया, तिल, नमक और अपने पसंद के मसाले डालकर अच्छे से मिला दें। यही मिश्रण पराठे के अंदर भरा जाएगा। यह स्टफिंग स्वाद बढ़ाने के साथ-साथ शरीर को अच्छी मात्रा में प्रोटीन भी देती है।

ऐसे बनाएं स्वादिष्ट हाई प्रोटीन पराठा

अब पालक और चुकंदर के आटे की एक-एक लोई बेल लें। दोनों को एक-दूसरे के ऊपर रखें और लंबी पट्टी की तरह रोल करें। इसके बाद इसे गोल घुमाकर हल्का-सा बेल लें। अब बीच में पनीर की स्टफिंग रखें, किनारों को बंद करें और धीरे-धीरे पराठा बेल लें। ध्यान रखें कि ज्यादा दबाव न डालें, ताकि स्टफिंग बाहर न निकले।

दही या चटनी के साथ लें स्वाद और सेहत का मजा

गर्म तवे पर पराठे को दोनों तरफ अच्छी तरह सेक लें। चाहें तो ऊपर से थोड़ा-सा तेल लगा सकते हैं। जब पराठा सुनहरा हो जाए, तो इसे दही, हरी चटनी या अचार के साथ गर्मागर्म खाएं। यह नाश्ता लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करता है। अगर आप रोजाना संतुलित खानपान और नियमित व्यायाम के साथ इसे अपनी डाइट में शामिल करते हैं, तो वजन घटाने या मसल्स बनाने के सफर में यह एक अच्छा और स्वादिष्ट विकल्प साबित हो सकता है।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article