लाइफस्टाइल

ज्यादा प्रोटीन और सप्लीमेंट्स लेना कितना सेफ, हाई प्रोटीन डाइट का सेहत पर कैसा होता है असर, डॉक्टर से जानिए

High Protein Diet And Supplement Risks: आजकल लोग तेजी से प्रोटीन पाउडर और हाई प्रोटीन डाइट अपना रहे हैं, लेकिन क्या ज्यादा प्रोटीन शरीर के लिए नुकसानदायक भी हो सकता है? आइए डॉक्टर से जानते हैं प्रोटीन और हेल्थ सप्लीमेंट्स लेना कब सही हैं और कब नुकसान कर सकते हैं।

Image

प्रोटीन सेहत के लिए जरूरी, मगर ज्याद लेने से हो सकता है नुकसान

High Protein Diet And Supplement Risks: आजकल हर तरफ हाई प्रोटीन डाइट का ट्रेंड चल रहा है। कोई वजन घटाने के लिए ज्यादा प्रोटीन खा रहा है, तो वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग बॉडी बनाने के लिए प्रोटीन पाउडर (Protein supplements) और शेक पी रहे हैं। यहां तक कि जिम जाने वाले कई लोग तो बिना डॉक्टर या डाइटीशियन की सलाह के सप्लीमेंट्स लेना शुरू कर देते हैं। सोशल मीडिया पर भी ऐसा दिखाया जाता है कि ज्यादा प्रोटीन मतलब ज्यादा ताकत और अच्छी बॉडी।

लेकिन क्या सच में हर किसी को ज्यादा प्रोटीन की जरूरत होती है? क्या रोज प्रोटीन पाउडर लेना पूरी तरह सुरक्षित है? यशोदा हॉस्पिटल्स की चीफ डायटीशियन सुजाता स्टीफन कहती हैं कि प्रोटीन शरीर के लिए जरूरी जरूर है, लेकिन जरूरत से ज्यादा लेना नुकसान भी पहुंचा सकता है। इसलिए बिना समझे और बिना सलाह के हाई प्रोटीन डाइट शुरू करना सही नहीं माना जाता। आइए डायटीशियन से ही समझते हैं हाई प्रोटीन पाउडर और हेल्थ सप्लीमेंट्स सेहत के लिए कितने सुरक्षित होते हैं..

शरीर को प्रोटीन की जरूरत क्यों होती है

प्रोटीन हमारे शरीर के लिए जरूरी पोषक तत्व है। इससे शरीर को ताकत मिलती है और मांसपेशियां मजबूत रहती हैं। साथ ही, शरीर की टूट-फूट ठीक करने और कमजोरी दूर करने में भी प्रोटीन काम आता है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि जितना ज्यादा प्रोटीन खाएंगे, शरीर उतना ही ज्यादा मजबूत हो जाएगा। हर चीज की एक सही मात्रा होती है। जरूरत से ज्यादा प्रोटीन लेने पर शरीर पर उसका उल्टा असर भी पड़ सकता है।

ज्यादा प्रोटीन लेने से क्या नुकसान हो सकते हैं?

डायटीशियन सुजाता स्टीफन के अनुसार, अगर कोई व्यक्ति लंबे समय तक बहुत ज्यादा प्रोटीन लेता है, तो शरीर पर दबाव बढ़ सकता है। खासकर उन लोगों को ज्यादा सावधानी रखनी चाहिए जिन्हें पहले से किडनी, शुगर या ब्लड प्रेशर की दिक्कत है।

बहुत ज्यादा प्रोटीन लेने से कुछ लोगों को पेट फूलना, गैस बनना, कब्ज, पेट खराब होना या बार-बार प्यास लगने जैसी परेशानियां हो सकती हैं। कई बार लोग सोचते हैं कि ज्यादा प्रोटीन खाने से वजन जल्दी कम होगा, लेकिन जरूरत से ज्यादा लेने पर वजन बढ़ भी सकता है।

अगर आपकी डाइट बैलेंस न हो और सिर्फ प्रोटीन पर ध्यान दिया जाए, तो शरीर को दूसरे जरूरी पोषक तत्व नहीं मिल पाते, जो आपके स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल सकता है।

High protein diet and supplements side effects

ज्यादा प्रोटीन की मात्रा सेहत पर पड़ सकती है भारी

क्या प्रोटीन पाउडर पूरी तरह सुरक्षित होते हैं

आज बाजार में कई तरह के प्रोटीन पाउडर और सप्लीमेंट्स मिल रहे हैं। लेकिन हर प्रोडक्ट अच्छा और सुरक्षित हो, यह जरूरी नहीं है। कुछ सप्लीमेंट्स में ज्यादा चीनी, नकली फ्लेवर और दूसरी मिलावटी चीजें हो सकती हैं। डॉक्टर्स का कहना है कि बिना जरूरत और बिना सलाह के सप्लीमेंट्स लेना सही नहीं है। कई लोग सोशल मीडिया देखकर या दोस्तों की सलाह पर प्रोटीन पाउडर शुरू कर देते हैं, जो बाद में नुकसान पहुंचा सकता है। प्रोटीन सप्लीमेंट्स कभी भी घर के सामान्य खाने की जगह नहीं लेने चाहिए।

खाने से मिलने वाला प्रोटीन ज्यादा अच्छा है

डाइट और न्यूट्रिशन एक्सपर्ट मानते हैं कि शरीर के लिए सबसे अच्छा प्रोटीन वही होता है जो खाने से मिले। दाल, दूध, दही, पनीर, अंडा, मेवे, मछली और चिकन जैसे खाद्य पदार्थ शरीर को सुरक्षित तरीके से प्रोटीन देते हैं। इन चीजों में सिर्फ प्रोटीन ही नहीं, बल्कि शरीर के लिए जरूरी दूसरे पोषक तत्व भी होते हैं। इसलिए हमेशा कोशिश करनी चाहिए कि प्रोटीन की जरूरत सामान्य खाने से पूरी हो। अगर कोई व्यक्ति ठीक से खाना खा रहा है, तो हर बार सप्लीमेंट्स की जरूरत नहीं पड़ती।

High Protein Diet And Supplements Who Can Take

वास्तव में प्रोटीन की जरूरत किन लोगों को होती है

किन लोगों को सप्लीमेंट्स की जरूरत पड़ सकती है

कुछ लोगों को डॉक्टर या डाइटीशियन की सलाह पर प्रोटीन सप्लीमेंट्स दिए जा सकते हैं। जैसे बहुत ज्यादा मेहनत करने वाले खिलाड़ी, जिम में भारी एक्सरसाइज करने वाले लोग या बुजुर्ग, जिन्हें खाने से पूरा पोषण नहीं मिल पाता। लेकिन ऐसे मामलों में भी सही मात्रा बहुत जरूरी होती है। जरूरत से ज्यादा सप्लीमेंट लेना फायदे की जगह नुकसान दे सकता है। साथ ही पानी भरपूर मात्रा में पीना भी जरूरी है।

सप्लीमेंट्स लेने का सही तरीका क्या है

डायटीशियन सुजाता स्टीफन कहती हैं कि अच्छी सेहत के लिए सिर्फ ज्यादा प्रोटीन लेना जरूरी नहीं है। सही और संतुलित खाना सबसे ज्यादा जरूरी है। अगर आप हाई प्रोटीन डाइट शुरू करना चाहते हैं या प्रोटीन पाउडर लेना चाहते हैं, तो पहले किसी डॉक्टर या डाइटीशियन से सलाह जरूर लें।

शरीर की जरूरत समझे बिना सिर्फ ट्रेंड देखकर सप्लीमेंट्स लेना समझदारी नहीं है। हमेशा ध्यान रखें कि सेहत अच्छी रखने का सबसे आसान तरीका है - घर का संतुलित खाना, सही मात्रा में पानी, थोड़ी एक्सरसाइज और जरूरत के हिसाब से पोषण।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article