लाइफस्टाइल

धोनी की नई पारी से सीखें Let Go करना, जिंदगी में आगे बढ़ने के लिए इन 5 चीजों को छोड़ना है जरूरी

धोनी की नई पारी से Let Go करना सीखें। जानिए जिंदगी में आगे बढ़ने और मानसिक सुकून पाने के लिए किन 5 चीजों को छोड़ना जरूरी है।

Image

धोनी के मेंटर बनने के कदम का बड़ा सबक, क्यों जरूरी है Let Go करना (AI Image)

जिंदगी में आगे बढ़ने का मतलब हमेशा कुछ नया हासिल करना नहीं होता। कई बार इसके लिए उन चीजों को पीछे छोड़ना पड़ता है, जिन्हें हम लंबे समय से पकड़े हुए हैं। ये चीजें पुरानी गलतियां हो सकती हैं, किसी रिश्ते की कड़वाहट, दूसरों से उम्मीदें या हर परिस्थिति को अपने हिसाब से चलाने की आदत। महेंद्र सिंह धोनी की नई पारी भी बदलाव को स्वीकार करने का एक उदाहरण है। क्रिकेट के मैदान पर खिलाड़ी के रूप में लंबा सफर तय करने के बाद अब वह मेंटर की भूमिका में नजर आएंगे। यानी अब उनकी जिम्मेदारी खुद खेलने के बजाय दूसरों को आगे बढ़ने में मदद करना होगी।

धोनी की इस नई भूमिका से जिंदगी का एक अहम सबक मिलता है। समय के साथ अपनी भूमिका बदलना और कुछ पुरानी चीजों को छोड़ना जरूरी है। खासकर 40 की उम्र के बाद जब जिम्मेदारियां और प्राथमिकताएं बदलने लगती हैं, तब Let Go करना सीखना मानसिक सुकून के लिए भी जरूरी हो जाता है। आइए जानते हैं वे 5 चीजें, जिन्हें छोड़कर आप अपनी जिंदगी को थोड़ा आसान बना सकते हैं।

1. पुरानी गलतियों का बोझ ढोना छोड़ दें

कई बार हम सालों पुरानी गलतियों को भी मन से नहीं निकाल पाते। कोई गलत फैसला, छूटा हुआ मौका या किसी के साथ किया गया व्यवहार बार-बार याद आता है। मन में यही चलता रहता है कि काश उस समय कुछ और किया होता। लेकिन अतीत को बदलना हमारे हाथ में नहीं है। हां, उससे सीख लेकर आगे बढ़ना जरूर संभव है।

अगर किसी गलती से किसी का नुकसान हुआ है तो माफी मांगें और उसे सुधारने की कोशिश करें। लेकिन खुद को लगातार दोषी मानते रहना किसी समस्या का समाधान नहीं है। अपनी गलती स्वीकार करना और उससे सीखना ही आगे बढ़ने का रास्ता है।

2. हर चीज अपने नियंत्रण में रखने की आदत छोड़ें

घर हो या ऑफिस, कई लोग चाहते हैं कि हर काम उनके तरीके से ही हो। परिवार के सदस्य क्या करें, सहकर्मी कैसे काम करें और परिस्थितियां कैसी हों, हर चीज पर उनका नियंत्रण रहे। ऐसा न होने पर तनाव और गुस्सा बढ़ने लगता है।

लेकिन जिंदगी में बहुत सी चीजें ऐसी हैं, जिन्हें हम चाहकर भी नियंत्रित नहीं कर सकते। दूसरे लोगों की सोच, उनके फैसले और अचानक आने वाली परिस्थितियां उनमें शामिल हैं। अपनी ऊर्जा उन कामों पर लगाएं, जिन पर आपका वास्तव में नियंत्रण है। दूसरों को भी अपने तरीके से काम करने की आजादी दें। इससे रिश्तों में तनाव कम होगा और आपको भी मानसिक राहत मिलेगी।

3. हर किसी से तारीफ और मंजूरी की उम्मीद न रखें

क्या आपने कभी कोई फैसला सिर्फ इसलिए बदला है क्योंकि आपको लगा कि लोग क्या कहेंगे? ऐसा अक्सर होता है। हम अपने कपड़ों, करियर, रिश्तों और यहां तक कि अपनी पसंद के लिए भी दूसरों की मंजूरी चाहते हैं।

लेकिन हर व्यक्ति आपकी पसंद और फैसलों से सहमत हो, यह जरूरी नहीं है। अपनी खुशी और आत्मसम्मान को दूसरों की तारीफ से न जोड़ें। अपनी जिम्मेदारियों और मूल्यों को ध्यान में रखकर फैसले लें। हर किसी को खुश रखने की कोशिश में खुद को परेशान करना बंद करें।

4. पुराने रिश्तों की कड़वाहट को पकड़े रहना छोड़ें

किसी अपने से मिला दुख लंबे समय तक मन में रह सकता है। कई बार सालों बाद भी कोई पुरानी बात याद आने पर गुस्सा या तकलीफ महसूस होती है। लेकिन उस घटना को बार-बार याद करने से तकलीफ कम नहीं होती। उल्टा आपका वर्तमान भी उससे प्रभावित होने लगता है।

माफ करना जरूरी नहीं कि आप उस व्यक्ति को फिर से अपनी जिंदगी में जगह दें। इसका मतलब यह भी नहीं कि जो हुआ उसे सही मान लिया जाए। आप अपनी सीमाएं तय कर सकते हैं और जरूरत पड़ने पर दूरी भी बना सकते हैं। कोशिश करें कि पुरानी कड़वाहट आपके आज के सुकून पर हावी न हो।

5. अब देर हो गई है वाली सोच छोड़ दें

कई लोग उम्र के एक पड़ाव पर पहुंचकर अपने सपनों को खुद ही रोक देते हैं। उन्हें लगता है कि अब नया काम शुरू करने, कुछ सीखने या अपनी जिंदगी में बदलाव करने का समय निकल चुका है। लेकिन नई शुरुआत के लिए कोई एक तय उम्र नहीं होती।

अगर आप कोई नई स्किल सीखना चाहते हैं, अपना काम शुरू करना चाहते हैं या किसी पुराने शौक को फिर से अपनाना चाहते हैं तो छोटे कदम उठाएं। दूसरों की उम्र और उपलब्धियों से अपनी तुलना न करें। यह सोचने के बजाय कि अब तक क्या नहीं कर पाए, यह तय करें कि आगे क्या करना चाहते हैं।

Let Go करने का मतलब हार मानना नहीं है

किसी चीज को छोड़ना हमेशा आसान नहीं होता। कई बार हम पुरानी बातों को इसलिए पकड़े रहते हैं क्योंकि वे हमारी आदत बन चुकी होती हैं। लेकिन यह समझना जरूरी है कि हर चीज को जिंदगी भर साथ लेकर चलना भी जरूरी नहीं है। कुछ अनुभव हमें सीख देने के लिए होते हैं, कुछ रिश्ते हमें समझदार बनाते हैं और कुछ गलतियां हमें बेहतर फैसले लेना सिखाती हैं।

धोनी की नई भूमिका से भी यही समझ आता है कि समय के साथ जिम्मेदारियां बदल सकती हैं। जिंदगी में आगे बढ़ने के लिए कभी-कभी पुरानी भूमिका से बाहर निकलना पड़ता है। इसलिए जो बीत चुका है, उसे सबक की तरह रखें, बोझ की तरह नहीं। कई बार जिंदगी में नई जगह बनाने के लिए पुरानी चीजों को छोड़ना ही सबसे जरूरी कदम होता है।

Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article