Ganesh Chaturthi Rangoli, गणेश चतुर्थी रंगोली डिजाइन फोटो: गणेश चतुर्थी पर घर में बप्पा आएं और दरवाजे पर रंगोली न हो, तो जैसे त्योहार की तस्वीर थोड़ी अधूरी लगती है। रंगोली सिर्फ फर्श पर बनाए गए रंगीन पैटर्न का नाम नहीं है, यह घर में आने वाले मेहमान और गणपति बप्पा दोनों के स्वागत का अपना छोटा सा तरीका है। आजकल इसके लिए घंटों बैठकर बहुत बारीक डिजाइन बनाने की जरूरत भी नहीं है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - गणेश चतुर्थी की हार्दिक शुभकामनाएं, अपनों को भेजें हैप्पी गणेश चतुर्थी विशेस इन हिंदी
कुछ रंग, फूल की पंखुड़ियां और दो-चार दीपक मिल जाएं तो साधारण सी रंगोली भी काफी खूबसूरत दिख सकती है। खासकर अगर घर छोटा है या पूजा की तैयारी में समय कम बचा है, तो छोटी और साफ डिजाइन ज्यादा सुंदर लगती है। इस गणेश चतुर्थी आप पारंपरिक रंगोली को थोड़ा अपना अंदाज देकर बना सकते हैं। गणपति का चेहरा, कमल, मोर, फूल या सिर्फ गोल मंडला पैटर्न, देखें लेटेस्ट, सिंपल गणेश चतुर्थी रंगोली डिजाइन फोटो, रंगोली के डिजाइन।
गणेश जी के चेहरे वाली रंगोली
अगर रंगोली में बप्पा को ही केंद्र में रखना है तो गणेश जी के चेहरे की डिजाइन सबसे खास लगेगी। बीच में हल्के हाथ से गणपति का आकार बनाएं और उसके चारों तरफ छोटे फूल, पत्तियां और गोल बिंदुओं की बॉर्डर बना दें। बहुत ज्यादा रंग भरने की जरूरत नहीं है। दो या तीन रंगों में भी यह डिजाइन काफी आकर्षक लगेगी।
कमल पर विराजे गणपति
कमल की पंखुड़ियों वाला डिजाइन रंगोली को तुरंत पारंपरिक लुक देता है। बीच में गणपति की छोटी सी आकृति बनाकर उसके नीचे कमल की पंखुड़ियां बनाएं। किनारे पर छोटे दीये रख दें। पूजा की जगह के सामने यह डिजाइन खासतौर पर सुंदर लगेगी।
फूलों से बनाएं बप्पा की रंगोली
रंगोली के लिए रंग खरीदने का मन नहीं है तो फूलों की पंखुड़ियां काम आ सकती हैं। गेंदे की पंखुड़ियों से गोल बॉर्डर बनाएं और बीच में गुलाब या दूसरे फूलों से गणपति की सरल आकृति तैयार करें। यह डिजाइन देखने में ताजी लगेगी और बनाने में भी ज्यादा मेहनत नहीं होगी।
मोर पंख वाली रंगोली
गणपति के आसपास मोर पंख का पैटर्न बनाकर रंगोली को थोड़ा अलग रूप दिया जा सकता है। हरा, नीला, पीला और गुलाबी जैसे रंग इसे खिलता हुआ लुक देंगे। अगर गणपति की पूरी आकृति बनाना मुश्किल लगे तो सिर्फ सूंड और मुकुट का संकेत देकर भी डिजाइन तैयार कर सकते हैं।
दीया और मंडला वाली रंगोली
अगर आपको चित्र बनाना नहीं आता तो परेशान होने की जरूरत नहीं। बीच में एक गोल घेरा बनाकर उसके चारों तरफ पंखुड़ियों और बिंदुओं की परतें बनाएं। इसे मंडला जैसा रूप दें और चारों कोनों पर छोटे दीपक रख दें।
जरूर ही आपको भी इस गणेश चतुर्थी पर अपनी पसंद वाली बप्पा की खूबसूरत रंगोली का डिजाइन चुन लेना चाहिए। ये सारी ही डिजाइन्स बिगिनर्स भी आसानी से बना सकते हैं।
