भारतीय के लगभग हर राज्य की अपनी खास साड़ी की बुनाई और पहचान होती है, जो उसे बाकी राज्यों और वहां की साड़ियों से अलग बनाती है। मध्य प्रदेश की चंदेरी और माहेश्वरी साड़ियां भी ऐसी ही दो प्रसिद्ध हैंडलूम साड़ियां हैं, जिन्हें वर्षों से महिलाएं पसंद करती आ रही हैं। पहली नजर में दोनों साड़ियां काफी हद तक एक जैसी लग सकती हैं, लेकिन इनके धागों, बनावट, वजन और डिजाइन में कई अंतर होते हैं।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - करिश्मा कपूर के वो लुक्स जिन्होने सबके होश उड़ा दिए
यही वजह है कि साड़ी खरीदते समय कई लोग कन्फ्यूज हो जाते हैं कि आखिर कौन-सी साड़ी उनके लिए बेहतर रहेगी। अगर आप भी चंदेरी और माहेश्वरी साड़ी के बीच का फर्क समझना चाहती हैं, तो यह जानकारी आपके काम आएगी। आइए जानते हैं इन दोनों खूबसूरत भारतीय बुनाइयों की खासियत और उनके बीच मौजूद प्रमुख अंतर।
कहां से आती हैं ये साड़ियां?
चंदेरी साड़ी का नाम मध्य प्रदेश के चंदेरी शहर से जुड़ा है। वहीं माहेश्वरी साड़ी की शुरुआत महेश्वर से मानी जाती है, जिसे अहिल्याबाई होल्कर की विरासत से भी जोड़ा जाता है।
कपड़े में होता है बड़ा अंतर
चंदेरी साड़ियां आमतौर पर बेहद हल्की और ट्रांसपेरेंट लुक वाली होती हैं। इनमें रेशम और सूती धागों का मिश्रण इस्तेमाल किया जाता है। दूसरी ओर माहेश्वरी साड़ी का कपड़ा थोड़ा ज्यादा मजबूत और कम ट्रांसपेरेंट होता है।
डिजाइन की पहचान अलग
चंदेरी साड़ियों में फूल, पत्तियां, मोर और पारंपरिक बूटियां अधिक देखने को मिलती हैं। माहेश्वरी साड़ियों की पहचान उनकी ज्यामितीय बॉर्डर और धारियों वाले डिजाइन से होती है।
वजन और ड्रेपिंग
चंदेरी साड़ी बहुत हल्की होने के कारण खास मौकों और गर्म मौसम के लिए पसंद की जाती है। माहेश्वरी साड़ी भी हल्की होती है, लेकिन इसकी फॉल और ड्रेपिंग थोड़ी ज्यादा सलीकेदार नजर आती है।
बॉर्डर में दिखता है फर्क
माहेश्वरी साड़ी का बॉर्डर इसकी सबसे खास पहचान माना जाता है। इसके किनारों पर पारंपरिक पैटर्न और रिवर्सिबल बॉर्डर देखने को मिल सकते हैं। वहीं चंदेरी में बारीक और नाजुक बॉर्डर ज्यादा लोकप्रिय हैं।
अगर आप हल्की, शाही और थोड़ी चमकदार साड़ी चाहती हैं तो चंदेरी अच्छा विकल्प हो सकती है। वहीं रोजमर्रा से लेकर पार्टी तक पहनने के लिए माहेश्वरी साड़ी भी बेहतरीन मानी जाती है। जरूर ही आने वाले शादी सीजन के लिए इन दोनों साड़ियों में से अपनी पसंद की साड़ी चुन लें।
