देश

UP Election: सपा के साथ सीट बंटवारे पर राहुल गांधी का स्पष्ट संदेश, कांग्रेस का हित सबसे ऊपर

UP Election: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी को लेकर कांग्रेस की अहम बैठक में तय हुआ कि सपा से सीट बंटवारे पर बातचीत प्रियंका गांधी करेंगी और प्रचार दिसंबर से शुरू होगा।

Image

कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा नेता अखिलेश यादव (फाइल फोटो- PTI)

UP Election: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। आज नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर करीब डेढ़ घंटे तक चली अहम बैठक में चुनावी रणनीति, समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे और चुनाव प्रचार को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में तय हुआ कि सपा के साथ सीट शेयरिंग की बातचीत प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में आगे बढ़ेगी, जबकि कांग्रेस दिसंबर से प्रदेश में अपना चुनाव प्रचार अभियान शुरू करेगी। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने की। इसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' और प्रदेश के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

सीट शेयरिंग पर राहुल गांधी का संदेश, पार्टी का हित सर्वोपरि

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे की बातचीत में कांग्रेस के हित को सबसे ऊपर रखा जाए। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व तभी हस्तक्षेप करेगा, जब इसकी बेहद जरूरत होगी। बातचीत करने वाली टीम को पूरी स्वतंत्रता दी गई है कि वह सपा के साथ सम्मानजनक समझौते की पूरी कोशिश करे।

बैठक में यह भी तय हुआ कि सीट शेयरिंग को लेकर पूरी बातचीत प्रियंका गांधी वाद्रा के नेतृत्व में होगी। सपा से बातचीत करने वाली कांग्रेस की कमेटी उनके लगातार संपर्क में रहेगी और बातचीत से जुड़ी सभी जानकारियां और अपडेट साझा करेगी।

सपा को 181 संभावित सीटों की सूची सौंप चुकी है कांग्रेस

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस समाजवादी पार्टी को 181 संभावित सीटों की सूची सौंप चुकी है। इसमें रायबरेली, अमेठी, मथुरा, बागपत, लोनी, बुलंदशहर और कानपुर कैंट जैसी सीटें शामिल हैं। खरगे के आवास पर हुई बैठक में इन सीटों के समीकरणों और कांग्रेस की चुनावी दावेदारी पर भी मंथन किया गया।

दरअसल, 17 नवंबर को समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की टीम के साथ होने वाली औपचारिक बातचीत से पहले कांग्रेस अपनी रणनीति और दावेदारी को अंतिम रूप देना चाहती है।

दिसंबर से शुरू होगा कांग्रेस का हाई-स्पीड कैंपेन

बैठक में दिसंबर से उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार अभियान शुरू करने की तैयारी करने के निर्देश दिए गए। बैठक के बाद यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने बताया कि पार्टी अगले महीने से प्रदेश में अपना 'हाई-स्पीड कैंपेन' शुरू करेगी।

कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के साझा प्रचार अभियान की भी योजना है। इसके तहत राहुल गांधी और अखिलेश यादव एक साथ चुनाव प्रचार कर सकते हैं। हालांकि, संयुक्त प्रचार अभियान की विस्तृत रणनीति सीट बंटवारे पर सहमति बनने के बाद तैयार की जाएगी।

जमीनी संगठन और जनता से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा

बैठक में उत्तर प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात, जनता से जुड़े मुद्दों और जमीनी स्तर पर कांग्रेस संगठन को मजबूत करने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। पार्टी की कोशिश है कि सीट बंटवारे पर बातचीत के साथ-साथ चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों को भी गति दी जाए।

Gaurav Srivastav
गौरव श्रीवास्तवauthor

टीवी न्यूज रिपोर्टिंग में 10 साल पत्रकारिता का अनुभव है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट से लेकर कानूनी दांव पेंच से जुड़ी हर खबर आपको इस जगह मिलेगी। साथ ही चुनाव आयोग, विपक्ष के राजनीतिक घटनाक्रम से लेकर हर जनहित मुद्दे पर मेरी नजर रहती है।

और पढ़ें
End of Article