Egg Puff: अगर आप कभी चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद या कोच्चि की किसी बेकरी में गए हों, तो कांच की अलमारी में रखे सुनहरे रंग के त्रिकोण या चौकोर पफ जरूर नजर आए होंगे। इनमें सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला स्नैक है एग पफ। बाहर से परतदार और कुरकुरा, अंदर से मसालेदार उबले अंडे की फिलिंग वाला यह व्यंजन दक्षिण भारत के लोगों की चाय का सबसे पसंदीदा साथी बन चुका है।
आखिर क्यों इतना पसंद किया जाता है एग पफ?
साउथ इंडिया में एग पफ डेली लाइफ का हिस्सा है। सुबह ऑफिस जाते समय, शाम की चाय के साथ या भूख लगने पर लोग अक्सर बेकरी से गर्मागर्म एग पफ खरीद लेते हैं। इसकी सबसे बड़ी खासियत है कि यह पेट भी भरता है और स्वाद भी देता है। अंडे की वजह से इसमें प्रोटीन भरपूर होता है, जबकि मक्खन से बनी पफ पेस्ट्री इसे बेहद कुरकुरा और लाजवाब बनाती है।
एग पफ की लोकप्रियता का राज उसकी सादगी, भरपूर स्वाद और हर उम्र के लोगों को पसंद आने वाली बनावट में छिपा है। शायद यही वजह है कि एक बार इसे खाने वाला अक्सर दोबारा इसकी तलाश जरूर करता है।
एग पफ का मसालेदार स्वाद और उसकी कुरकुरी परत गर्म चाय या फिल्टर कॉफी के साथ शानदार मेल बनाती है। यही वजह है कि दक्षिण भारत में शाम की चाय बिना एग पफ के अधूरी मानी जाती है।
फूड एक्सपर्ट्स मानते हैं कि पफ पेस्ट्री की शुरुआत यूरोप से हुई थी। ब्रिटिश शासन के दौरान यह तकनीक भारत पहुंची और दक्षिण भारतीय बेकरी मालिकों ने इसमें स्थानीय स्वाद का तड़का लगा दिया। उन्होंने उबले अंडे, प्याज, टमाटर, करी पत्ता और मसालों का मिश्रण भरकर एक नई डिश तैयार की, जो देखते ही देखते लोगों की पसंद बन गई। आज तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और तेलंगाना की लगभग हर बेकरी में एग पफ आसानी से मिल जाता है।
एग पफ कैसे बनाते हैं?
अगर आपके पास तैयार पफ शीट है तो यह डिश बेहद आसानी से घर में बन सकती है। इसे बनाना बेहद आसान है। आइए जानते हैं कि एग पफ के लिए क्या चीजें लगती हैं और क्या है बनाने का सही तरीका:फिलिंग के लिए सामग्री
- 4 उबले अंडे
- 2 बड़े प्याज (बारीक कटे हुए)
- 1 टमाटर
- 2 हरी मिर्च
- 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
- आधा चम्मच हल्दी
- 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 चम्मच धनिया पाउडर
- आधा चम्मच गरम मसाला
- नमक स्वादानुसार
- थोड़ा तेल और करी पत्ता
बनाने की विधि
सबसे पहले कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें करी पत्ता, प्याज और अदरक-लहसुन पेस्ट डालकर सुनहरा होने तक भूनें। अब टमाटर और सभी मसाले डालकर अच्छी तरह पकाएं। जब मसाला तैयार हो जाए तो उसे ठंडा होने दें। अब पफ शीट का चौकोर टुकड़ा लें। बीच में थोड़ा मसाला रखें और उसके ऊपर आधा कटा हुआ उबला अंडा रखें।
किनारों को मोड़कर अच्छी तरह बंद करें। ऊपर से हल्का दूध या फेंटा हुआ अंडा ब्रश करें ताकि बेक होने पर सुनहरा रंग आए। पहले से 200 डिग्री सेल्सियस पर गर्म ओवन में 20 से 25 मिनट तक बेक करें। जैसे ही पफ सुनहरे और कुरकुरे हो जाएं, उन्हें बाहर निकाल लें। इस तरह से तैयार हो गया स्वादिष्ट एग पफ।
