Handmade DIY Potli Bag: दिवाली पर कपड़ों से लेकर ज्वेलरी और फुटवियर तक हर छोटी चीज का चुनाव खास होता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आपका हैंडबैग भी आपके फेस्टिव लुक को बिल्कुल नया बना सकता है? बाजार में मिलने वाले डिजाइनर पोटली बैग देखने में खूबसूरत जरूर होते हैं, लेकिन कई बार उनमें सामान रखना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। खासकर जब आपको अपने साथ मेकअप का सामान, परफ्युम और दूसरी छोटी चीजें रखनी हों।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - दिवाली के लिए दिल्ली में कहां से खरीदें सबसे अच्छी लाइट्स, ये मार्केट हैं शॉपिंग के लिए बेस्ट
सामान इधर-उधर गिरता रहता है और जरूरत के समय कोई चीज आसानी से नहीं मिलती। इसी परेशानी का क्रिएटिव समाधान लेकर आई हैं क्राफ्टर अदिति। उन्होंने एक ऐसा DIY स्टैंड-अप पोटली बैग तैयार किया है, जो देखने में ट्रेडिशनल और ब्लिंगी है, लेकिन इस्तेमाल में काफी सुविधाजनक भी है। इसकी खासियत है इसके अंदर बने साइड कंपार्टमेंट्स, जिनकी मदद से छोटी बोतलें और जार सीधे खड़े रह सकते हैं।
कैसे बनाएं DIY स्टैंड-अप पोटली बैग?
अगर आप इस दिवाली अपने हाथों से कुछ खूबसूरत बनाना चाहती हैं, तो यह पोटली बैग एक अच्छा विकल्प हो सकता है। इसे बनाने के लिए आपको बहुत महंगी चीजों की जरूरत नहीं होगी। थोड़ी क्रिएटिविटी और सिलाई की मदद से आप इसे तैयार कर सकती हैं।
सबसे पहले चुनें खूबसूरत ब्लिंगी फैब्रिक
सबसे पहले ऐसा कपड़ा चुनें जो आपके दिवाली आउटफिट के साथ मैच करे। गोल्डन, सिल्वर, मैरून, रानी पिंक या ग्रीन रंग का जरी और शिमर वाला फैब्रिक अच्छा लगेगा। अगर आप चाहती हैं कि बैग थोड़ा रॉयल दिखे, तो ब्रोकेड या एम्ब्रॉयडरी वाला कपड़ा चुन सकती हैं।
बैग को दें पोटली वाला आकार
अब चुने हुए फैब्रिक को पोटली के आकार में काटकर उसकी सिलाई करें। ऊपर की तरफ इतना हिस्सा छोड़ें कि उसमें ड्रॉस्ट्रिंग या डोरी डालकर बैग को आसानी से बंद किया जा सके। डोरी के लिए मैचिंग या कॉन्ट्रास्ट रंग का चुनाव कर सकती हैं।
अंदर बनाएं साइड कंपार्टमेंट्स
इसके लिए बैग के अंदर एक कपड़ा या नेट लेकर छोटे-छोटे कपड़े के पॉकेट सिलें। इनकी चौड़ाई अपने सामान के आकार के अनुसार रखें। इससे सामान इधर-उधर नहीं फैलेगा और जरूरत पड़ने पर आसानी से मिल जाएगा।
स्टोन वर्क
पोटली बैग को सजाने के लिए आप इसमें छोटे मोती, सितारे, गोटा-पट्टी, सीक्विन या लटकन लगा सकती हैं। चाहें तो डोरी के सिरों पर भी खूबसूरत टैसल लगाएं। इससे आपका साधारण पोटली बैग डिजाइनर लुक लेने लगेगा। इस दिवाली जरुर ही आपको भी ये वाला पर्सनलाइज्ड और सुंदर, स्टाइलिश पोटली बैग तैयार करना ही चाहिए।
(डिस्क्लेमर: यह लेख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध यूट्यूबर क्राफ्टर अदिति के वीडियो में बताए गए टिप्स के आधार पर तैयार किया गया है। इसमें दी गई जानकारी संबंधित क्रिएटर के व्यक्तिगत विचार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत इन टिप्स या दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।)
