Best Diwali Light shopping market in Delhi: दिवाली का त्योहार आते ही घर की सफाई और सजावट की तैयारियां शुरू हो जाती हैं। कोई रंगोली के नए डिजाइन तलाशता है, तो कोई घर के दरवाजे और बालकनी को सजाने के लिए खूबसूरत लाइट्स खरीदने निकल पड़ता है। आखिर रोशनी के बिना दिवाली की सजावट अधूरी जो लगती है! बाजारों में भी इस दौरान रंग-बिरंगी झालरों, चमचमाती फेयरी लाइट्स और आकर्षक डेकोरेटिव लैंप की रौनक देखने को मिलती है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह पढ़ें - दिवाली पर ये नहीं खरीदा तो क्या खरीदा.. लगेंगी पक्की पटाखा, बस गर्ल्स ट्राय करें ऐसी इंडो वेस्टर्न ड्रेस
अगर आप भी इस दिवाली अपने घर को कुछ अलग अंदाज में सजाना चाहते हैं, तो दिल्ली के बाजारों में खरीदारी का अच्छा अनुभव मिल सकता है। यहां कम बजट से लेकर आकर्षक डिजाइन वाली लाइट्स तक के कई विकल्प मिल जाते हैं। खास बात यह है कि आप अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार अलग-अलग बाजारों में घूमकर कीमतों की तुलना भी कर सकते हैं। तो आइए जानते हैं दिल्ली के उन बाजारों के बारे में, जहां से आप दिवाली के लिए खूबसूरत लाइट्स खरीद सकते हैं।
1. भागीरथ पैलेस
पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक स्थित भागीरथ पैलेस इलेक्ट्रिकल सामान और लाइटिंग के लिए मशहूर है। यहां रंग-बिरंगी LED झालरें, फेयरी लाइट्स, पर्दे वाली लाइट्स, स्ट्रिप लाइट्स और सजावटी बल्ब की अच्छी वैरायटी मिलती है। अगर आप घर की छत, बालकनी और दरवाजे को एक साथ रोशन करना चाहते हैं, तो यहां खरीदारी के कई विकल्प मिल जाएंगे। थोक और खुदरा दोनों तरह की दुकानें होने के कारण यह बाजार खास है।
2. लाजपत राय मार्केट
भागीरथ पैलेस के पास मौजूद लाजपत राय मार्केट में भी इलेक्ट्रॉनिक सामान और सजावटी लाइट्स की कई दुकानें हैं। यहां अलग-अलग डिजाइन और रंगों की LED लाइट्स देख सकते हैं। घर की दीवारों को सजाने वाली स्ट्रिप लाइट हो या बालकनी के लिए रंगीन झालर, अपनी पसंद के हिसाब से विकल्प तलाश सकते हैं।
3. सदर बाजार
अगर आप कम पैसों में दिवाली की सजावट का सामान खरीदना चाहते हैं, तो सदर बाजार का रुख कर सकते हैं। यहां सजावटी झालर, LED दीये, फेयरी लाइट्स, लालटेन और दूसरे डेकोरेशन आइटम मिलते हैं। एक ही जगह कई तरह की चीजें देखने और कीमतों की तुलना करने का मौका भी मिलता है।
4. लाजपत नगर
दक्षिण दिल्ली का लाजपत नगर मार्केट घर की सजावट के लिए अच्छा विकल्प है। यहां लाइट्स के साथ सजावटी दीये, हैंगिंग लैंप और त्योहार से जुड़ी दूसरी चीजें भी खरीद सकते हैं। अगर आप अपने घर को पारंपरिक और मॉडर्न दोनों तरह का लुक देना चाहते हैं, तो यहां घूमना अच्छा रहेगा।
5. तिलक नगर
पश्चिमी दिल्ली में रहने वाले लोग तिलक नगर के आसपास की दुकानों पर भी सजावटी लाइट्स तलाश सकते हैं। यहां LED चेन लाइट्स, रंगीन झालरें और घर की सजावट के लिए कई तरह के विकल्प मिल सकते हैं। इससे दूर के बाजारों तक जाने की जरूरत भी कम हो सकती है।
खरीदारी करते समय केवल डिजाइन और कीमत देखकर लाइट्स न चुनें। उनकी वायरिंग, प्लग और वोल्टेज जरूर जांचें। बाहर लगाने के लिए क्वालिटी वारंटी वाली लाइट चुने।।
