लाइफस्टाइल

मानसून केयर: ये घरेलू हेयर मास्क देगा रूखे बालों से मुक्ति, जानें किस चीज में क्या मिलाकर जाएं

Bhringraj Hair Mask: क्या आपके बाल रूखे, बेजान या टूटने लगे हैं। ऐसे में भृंगराज हेयर मास्क आपकी समस्या का समाधान हो सकता है। जानें इसे बनाने की आसान रेसिपी, लगाने का सही तरीका, फायदे और जरूरी सावधानियां।

Image

मानसून में सुंदर बालों के लिए आजमाएं ये हेयर मास्क

Bhringraj Hair Mask: मानसून में बालों का झड़ना, रूखापन, डैंड्रफ आदि परेशानियां आम हो जाती हैं। ऐसे में एक घरेलू नुस्खा बालों की चमक और जान लौटाने में मदद कर सकता है। यह हेयर मास्क भृंगराज की खूबियों का खजाना अपने में समेटे है। आयुर्वेद में इसे बालों के लिए बेहद फायदेमंद माना गया है। अगर इसे सही सामग्री के साथ हेयर मास्क बनाकर लगाया जाए, तो बालों को पोषण मिलने के साथ उनकी चमक और मजबूती बनाए रखने में भी मदद मिल सकती है।

घर पर कैसे बनाएं भृंगराज हेयर मास्क

भृंगराज हेयर मास्क बनाने के लिए ये सामग्री आपको चाहिए होगी -

  • 2 बड़े चम्मच भृंगराज पाउडर
  • 2 बड़े चम्मच दही
  • 1 बड़ा चम्मच एलोवेरा जेल
  • 1 छोटा चम्मच नारियल तेल
  • 1 छोटा चम्मच शहद (वैकल्पिक)
  • जरूरत के अनुसार गुलाब जल या पानी

ऐसे तैयार करें मास्क

एक साफ बाउल में सबसे पहले भृंगराज पाउडर डालें। अब इसमें दही, एलोवेरा जेल और नारियल तेल मिला दें। अगर बाल बहुत ज्यादा रूखे हैं तो इसमें थोड़ा-सा शहद भी डाल सकते हैं। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर गाढ़ा और स्मूद पेस्ट तैयार करें। अगर पेस्ट ज्यादा गाढ़ा लगे तो थोड़ा-सा गुलाब जल या सादा पानी मिला लें। तैयार मिश्रण को 10 मिनट के लिए छोड़ दें, ताकि सारी सामग्री अच्छी तरह आपस में मिल जाए।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: थायराइड में महिलाएं बालों को झड़ने से कैसे बचाएं

बालों में कैसे लगाएं

बालों को पहले अच्छी तरह सुलझा लें और उन्हें छोटे-छोटे हिस्सों में बांट लें। अब हेयर मास्क को स्कैल्प से लेकर बालों की लंबाई तक समान रूप से लगाएं। इसके बाद करीब 5 मिनट तक हल्के हाथों से सिर की मसाज करें। मास्क को 30 से 45 मिनट तक लगा रहने दें। आखिर में माइल्ड शैंपू और सामान्य पानी से बाल धो लें। सप्ताह में एक या दो बार इसका इस्तेमाल किया जा सकता है।

किन लोगों के लिए फायदेमंद हो सकता है

अगर आपके बाल रूखे रहते हैं, आसानी से टूट जाते हैं या उनमें चमक कम हो गई है, तो यह हेयर मास्क मददगार साबित हो सकता है। दही और एलोवेरा बालों को नमी देने का काम करते हैं, जबकि नारियल तेल बालों को मुलायम बनाए रखने में मदद करता है। वहीं, भृंगराज को पारंपरिक रूप से बालों की देखभाल के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: किचन में काम करने के बाद चेहरा कैसे फ्रेश बनाएं

क्या चेहरे पर भी लगा सकते हैं

कुछ लोग भृंगराज का इस्तेमाल फेस पैक के रूप में भी करते हैं। इसके लिए भृंगराज पाउडर में एलोवेरा जेल और गुलाब जल मिलाकर पेस्ट तैयार किया जा सकता है। इसे 10 से 15 मिनट तक चेहरे पर लगाकर धो सकते हैं। हालांकि, हर किसी की त्वचा अलग होती है, इसलिए पहले पैच टेस्ट जरूर करें। अगर जलन, खुजली या एलर्जी महसूस हो तो इसका इस्तेमाल न करें।

ध्यान रखें कि यहां बताया गया भृंगराज हेयर मास्क बालों की देखभाल का एक घरेलू उपाय है। अगर बाल बहुत ज्यादा झड़ रहे हों, स्कैल्प में लगातार खुजली या संक्रमण हो, तो केवल घरेलू नुस्खों पर निर्भर रहने के बजाय त्वचा विशेषज्ञ या डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर रहेगा।

Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article