लाइफस्टाइल

थायराइड में महिलाएं बालों को झड़ने से कैसे बचाएं, डायटीशियन ने बताए आसान और असरदार टिप्स

Hypothyroidism Hair Fall: अक्सर हम देखते हैं कि जिन महिलाओं को थायराइड की समस्या रहती है, उनके बाल काफी अधिक झड़ते हैं। ऐसी महिलाओं के लिए हम 3 टिप्स लाएं हैं जो उनका हेयर फॉल कंट्रोल करने में मदद करेंगी।

Image

थायराइड वाली महिलाओं के लिे हेयर फॉल रोकने के आसान टिप्स

Hypothyroidism Hair Fall: अगर कंघी करते समय या बाल धोते वक्त मुट्ठीभर बाल टूट रहे हैं और आपको थायराइड की समस्या भी है, तो इसे नजरअंदाज न करें। कई महिलाएं इसे मौसम या हेयर प्रोडक्ट्स की वजह मान लेती हैं, जबकि इसके पीछे थायराइड भी एक बड़ी वजह हो सकती है। हेल्थ इंफ्लुएंसर, हार्मोन और गट हेल्थ डायटीशियन मनप्रीत कालरा के मुताबिक, थायराइड का असर सिर्फ वजन या थकान पर ही नहीं, बल्कि बालों की सेहत पर भी पड़ता है। अच्छी बात यह है कि सही खानपान, जरूरी पोषण और नियमित देखभाल से बालों के झड़ने को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

थायराइड और बाल झड़ने का क्या रिश्ता है

मनप्रीत कालरा बताती हैं कि थायराइड शरीर के कई जरूरी कामों को संभालता है, जिनमें बालों का बढ़ना भी शामिल है। जब थायराइड ठीक से काम नहीं करता, तो बाल समय से पहले टूटने और झड़ने लगते हैं। इसलिए अगर लंबे समय से हेयर फॉल हो रहा है, तो इसकी वजह सिर्फ बाल नहीं, बल्कि थायराइड भी हो सकता है।

इन पोषक तत्वों की कमी भी बन सकती है वजह

थायराइड की समस्या होने पर शरीर में आयरन, जिंक, विटामिन B12 और विटामिन D जैसे जरूरी पोषक तत्वों की कमी हो सकती है। इनकी कमी से बाल कमजोर हो जाते हैं और जल्दी टूटने लगते हैं। इसलिए सिर्फ थायराइड की दवा लेना ही काफी नहीं है, शरीर में इन पोषक तत्वों की कमी है या नहीं, इसकी जांच भी जरूरी हो सकती है।

सुबह मोरिंगा से करें दिन की शुरुआत

डायटीशियन मनप्रीत कालरा के अनुसार, सुबह खाली पेट गुनगुने पानी में एक चम्मच मोरिंगा पाउडर, थोड़ा नींबू और सेंधा नमक मिलाकर लिया जा सकता है। मोरिंगा में ऐसे कई पोषक तत्व होते हैं, जो बालों को मजबूती देने में मदद कर सकते हैं। हालांकि इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करने से पहले डॉक्टर या डायटीशियन से सलाह जरूर लें।

स्कैल्प की देखभाल भी है जरूरी

सिर्फ अच्छा खाना ही नहीं, बालों की सही देखभाल भी जरूरी है। नारियल तेल में कुछ बूंदें रोजमेरी ऑयल मिलाकर हल्के हाथों से सिर की मालिश करने से बालों की जड़ों को पोषण मिलता है। इससे स्कैल्प स्वस्थ रहता है और बालों की देखभाल बेहतर तरीके से हो पाती है।

धीरे-धीरे दिखेगा असर

बता दें कि बाल एक-दो दिन में मजबूत नहीं होते। मनप्रीत कालरा कहती हैं कि अगर आप थायराइड को कंट्रोल में रखें, पोषण की कमी पूरी करें और नियमित रूप से बालों की देखभाल करें, तो करीब 8 से 12 हफ्तों में धीरे-धीरे फर्क दिखना शुरू हो सकता है। इसलिए बीच में रूटीन छोड़ने की बजाय लगातार उसे अपनाना ज्यादा जरूरी है।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article