लाइफस्टाइल

बैंक की नौकरी छोड़ Mr India Supranational 2026 बने एबेल बिजू, अब दुनिया के मंच पर करेंगे भारत का नाम रोशन

केरल के एबेल बिजू ने बैंक की नौकरी से निकलकर Mr India Supranational 2026 बनने तक का प्रेरणादायक सफर तय किया। अब वह पोलैंड में Mister Supranational 2026 प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

Image

Mister Supranational 2026 के मंच पर भारत का नाम रोशन करेंगे एबेल बिजू

कई बार जिंदगी में एक छोटा-सा फैसला इंसान की पूरी दुनिया बदल देता है। केरल के कोट्टायम के रहने वाले एबेल बिजू की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। कभी बैंक में नौकरी करने वाले एबेल आज Mr India Supranational 2026 का खिताब अपने नाम कर चुके हैं और अब पोलैंड में होने वाली Mister Supranational 2026 प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं। खास बात यह है कि उन्होंने कभी मॉडलिंग या पेजेंट की दुनिया में आने की योजना नहीं बनाई थी। लेकिन एक दोस्त की सलाह, परिवार का साथ और खुद पर भरोसा उन्हें उस मुकाम तक ले आया, जहां आज पूरा देश उनसे उम्मीद लगाए बैठा है। उनका मानना है कि सफलता पाने के लिए किसी खास बैकग्राउंड की नहीं, बल्कि मेहनत और जुनून की जरूरत होती है।

दोस्त के भेजे एक फॉर्म ने बदल दी जिंदगी

एबेल बिजू की शुरुआत ग्लैमर की दुनिया से नहीं, बल्कि बैंकिंग सेक्टर से हुई थी। वह एक बैंक में नौकरी करते थे और उनकी जिंदगी बिल्कुल सामान्य तरीके से चल रही थी। बचपन में उन्हें खेलों का काफी शौक था। बड़े-बड़े होर्डिंग्स पर मॉडल्स और एक्टर्स को देखकर वह सोचते जरूर थे कि लोग वहां तक कैसे पहुंचते हैं, लेकिन उन्होंने कभी इस दिशा में कदम नहीं बढ़ाया।

सब कुछ तब बदला, जब एक दोस्त ने उन्हें Mr India प्रतियोगिता का आवेदन भेज दिया। एबेल ने आवेदन कर दिया और पहली बार इस दुनिया से परिचित हुए। उनके मुताबिक, उन्हें यह भी नहीं पता था कि पेजेंट आखिर होता क्या है। लेकिन पहली ही कोशिश में मिली सफलता ने उनकी जिंदगी को नई दिशा दे दी।

मां और दादी की सीख बनी सबसे बड़ी ताकत

एबेल की निजी जिंदगी भी संघर्षों से भरी रही। जब वह सिर्फ पांच साल के थे, तब उनके माता-पिता अलग हो गए। इसके बाद उनकी परवरिश मां और दादी ने मिलकर की। उनकी मां परिवार की जिम्मेदारी निभाने के लिए इटली चली गईं, जबकि दादी ने उन्हें बचपन से संभाला।

एबेल कहते हैं कि आज भी उनकी मां हर इंटरव्यू के बाद सबसे पहले उन्हें संदेश भेजकर पूछती हैं कि सब कैसा रहा। वहीं दादी ने उन्हें इंसानियत, सम्मान और परिवार की अहमियत सिखाई। वह मानते हैं कि उनकी जिंदगी में महिलाओं का योगदान सबसे बड़ा रहा है और वही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा हैं।

दादी के अकेलेपन से शुरू हुआ 'Show Up' मिशन

एबेल सिर्फ ताज जीतने का सपना नहीं देख रहे हैं, बल्कि समाज के लिए भी कुछ करना चाहते हैं। उनका सामाजिक अभियान 'Show Up' उनकी दादी से जुड़ी एक भावुक घटना से प्रेरित है।

जब उनकी दादी ने अकेलेपन की वजह से वृद्धाश्रम जाने की बात कही, तो इसने एबेल को अंदर तक झकझोर दिया। तभी उन्होंने तय किया कि वह ऐसा अभियान शुरू करेंगे, जिससे युवा अपने आसपास रहने वाले बुजुर्गों के साथ समय बिताएं और उन्हें अकेलापन महसूस न होने दें। उनका मानना है कि कई बार किसी को दिया गया थोड़ा-सा समय भी सबसे बड़ा सहारा बन सकता है।

पोलैंड में भारत की संस्कृति का करेंगे प्रतिनिधित्व

अब एबेल की नजर Mister Supranational 2026 के खिताब पर है। पोलैंड में होने वाली इस प्रतियोगिता में वह 40 से ज्यादा देशों के प्रतिभागियों के साथ मुकाबला करेंगे। उनके लिए यह सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति और विविधता को दुनिया के सामने रखने का मौका भी है।

एबेल का कहना है कि भारत की सबसे बड़ी खूबी उसकी विविधता है। यहां कुछ सौ किलोमीटर की दूरी पर भाषा, खानपान और संस्कृति बदल जाती है। यही चीज हमें हर इंसान का सम्मान करना सिखाती है और वह यही संदेश दुनिया तक पहुंचाना चाहते हैं।

मेहनत और जुनून ही सफलता की असली पहचान

पेजेंट की तैयारी के दौरान एबेल ने फिटनेस, कम्युनिकेशन, रैंप वॉक और पर्सनैलिटी डेवलपमेंट पर लगातार मेहनत की। केरल से मुंबई आकर नई जिंदगी शुरू करना उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने हर चुनौती को सीखने का मौका माना।

दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने अभी तक अपनी बैंक की नौकरी पूरी तरह नहीं छोड़ी है और फिलहाल छुट्टी पर हैं। उनका कहना है कि बैंक ने हमेशा उनका साथ दिया, इसलिए वह बैंक कर्मचारियों के लिए बेहतर कार्य व्यवस्था जैसे मुद्दों पर भी आवाज उठाना चाहते हैं।

एबेल बिजू आखिर में युवाओं को सिर्फ एक संदेश देना चाहते हैं - अगर आपके अंदर जुनून है और आप मेहनत करने से पीछे नहीं हटते, तो सफलता जरूर मिलती है। उनका सफर इस बात का सबसे बड़ा उदाहरण है कि असाधारण सफलता पाने के लिए परफेक्ट बैकग्राउंड नहीं, बल्कि मजबूत इरादों की जरूरत होती है।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article