लाइफस्टाइल

15 मिनट में बनाएं स्वादिष्ट खांडवी, नाश्ते में चाय के साथ लगेगी जबरदस्त

खांडवी एक स्वादिष्ट और हल्का गुजराती नाश्ता है जो सिर्फ 15 मिनट में तैयार हो जाता है। बेसन और दही से बनी यह डिश चाय के साथ बहुत अच्छी लगती है। इसकी आसान रेसिपी हर किसी को पसंद आएगी।

Image

Khandvi Recipe in Hindi

अगर आप रोज सुबह एक जैसा नाश्ता खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ हल्का, स्वादिष्ट और जल्दी बनने वाला विकल्प ढूंढ़ रहे हैं, तो खांडवी आपके लिए बिल्कुल सही है। बेसन और दही से बनने वाली खांडवी न केवल खाने में स्वादिष्ट होती है बल्कि सेहत के लिए भी अच्छी मानी जाती है। इसकी सबसे खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा मेहनत या समय नहीं लगता। केवल 15 मिनट में तैयार होने वाली यह डिश सुबह की चाय के साथ बेहतरीन लगती है। चाहे घर में मेहमान आए हों या बच्चों के लिए कुछ अलग बनाना हो, खांडवी हर मौके पर फिट बैठती है। अगर आपने अब तक इसे घर पर नहीं बनाया है, तो इस आसान रेसिपी को जरूर ट्राई करें और अपने नाश्ते को खास बनाएं।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: क्यों एग पफ के दीवाने हैं साउथ के लोग?

सामग्री

1 कप बेसन

1 कप दही

2 कप पानी

आधा चम्मच हल्दी

स्वादानुसार नमक

तड़के के लिए

1 चम्मच तेल

1 चम्मच राई

1 चम्मच तिल

6-7 करी पत्ते

हरा धनिया सजाने के लिए

खांडवी कैसे बनाते हैं

खांडवी बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में बेसन, दही, पानी, हल्दी और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह फेंट लें।

मिश्रण को तब तक मिलाएं जब तक वह पूरी तरह स्मूद न हो जाए और उसमें कोई गांठ न बचे। अब इस घोल को गैस पर मध्यम आंच पर रखें और लगातार चलाते हुए पकाएं। ऐसा करने से मिश्रण तले में नहीं लगेगा और इसकी बनावट भी एकसार बनी रहेगी। कुछ मिनट बाद जब घोल गाढ़ा होने लगे और चम्मच से आसानी से फैलने लायक हो जाए, तब गैस बंद कर दें।

इसके बाद तैयार मिश्रण को तुरंत किसी साफ स्टील की थाली, ट्रे या प्लेट पर पतली परत में फैला दें। मिश्रण को ज्यादा देर तक न छोड़ें, क्योंकि यह जल्दी सेट होने लगता है। लगभग 2 से 3 मिनट बाद जब यह थोड़ा ठंडा हो जाए, तो चाकू की मदद से लंबी और पतली पट्टियां काट लें। अब इन पट्टियों को सावधानी से रोल कर लें।

अंत में एक छोटी कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें राई, तिल तथा करी पत्ते डालकर खुशबूदार तड़का तैयार करें। इस तड़के को खांडवी रोल्स के ऊपर डालें और हरा धनिया छिड़ककर स्वादिष्ट खांडवी सर्व करें।

इस सिंपल सी रेसिपी से आप झटपट खांडवी बना लेंगे। जरूर ही आपको भी ये वाली रेसिपी ट्राय करके देखना ही चाहिए।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और आधुनिक जीवनशैली से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें युवा और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 2,500 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article