Amrit Bharat: देश को वंदे भारत, अमृत भारत जैसी कई अत्याधुनिक ट्रेनें मिल चुकी हैं। इन ट्रेनों की मदद से रेलवे सफर कर रहे यात्रियों की यात्रा को और सुगम बनाने की कोशिशों में जुटा हुआ है। हाल ही में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि भविष्य में अमृत भारत ट्रेन की संख्या में इजाफा किया जाएगा।
हिंदी अखबार हिंदुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पुश-पुल तकनीक से लैस 165 अमृत भारत ट्रेन चलाने जा रही है। इस तकनीक की मदद से पटरियों पर अधिकतम 130 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से अमृत भारत फर्राटा भरेगी। ऐसे में पुश-पुल तकनीक काफी चर्चा में है तो चलिए इस तकनीक के बारे में विस्तार से जानते हैं।
क्या है पुश-पुल तकनीक?
पुश-पुल तकनीक ट्रेन को चलाने का एक अत्याधुनिक तरीका है। ट्रेन में लगे इंजनों से पुश-पुल तकनीक का साफ सीधा मतलब है। ट्रेन में दो इंजन होते हैं। एक इंजन ट्रेन को धक्का देने तो दूसरा इंजन खींचने का काम करता है। जिसकी बदौलत ट्रेन रफ्तार पकड़ती है।
पुश-पुल तकनीक पारंपरिक एक इंजन वाली ट्रेनों की तुलना में कई तरह से बेहतर है। इस तकनीक से लैस ट्रेनें तेजी से गति पकड़ सकती हैं। साथ ही दोनों इंजन ब्रेकिंग सिस्टम को और भी ज्यादा कारगर बनाते हैं। बता दें कि रेलवे ने वंदे भारत एक्सप्रेस और अमृत भारत एक्सप्रेस जैसी कुछ ट्रेनों में पुश-पुल तकनीक को अपनाया है। जिसकी बदौलत ट्रेनों की गति और यात्रा अनुभव में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
अमृत भारत की रफ्तार
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस अमृत भारत एक्सप्रेस की अधिकतम रफ्तार 130 किलो प्रतिघंटा है। इस ट्रेन में नए डिजाइन के जनरल और स्लीपर क्लास के डिब्बे लगाए गए हैं। साथ ही इस ट्रेन सीसीटीवी कैमरों भी लगे हुए हैं। इसमें सेंसर वाले वाटरटैप और अत्याधुनिक टॉयलेट की सुविधा दी गई है। वहीं, इस ट्रेन का किराया अन्य ट्रेनों के मुकाबले दी गई सुविधाओं के हिसाब से कम होगा। यह सामान्य लोगों के लिए चलाई गई गरीब रथ जैसी ट्रेन है, लेकिन इसमें वातानुकूलित डिब्बे नहीं हैं।
