आठ साल से ज्यादा समय और 10 अरब किलोमीटर से अधिक का सफर तय करने के बाद अब यह मिशन उस ग्रह के रहस्यों से पर्दा उठाने की तैयारी में है, जिसके बारे में वैज्ञानिकों को आज भी बहुत कुछ जानना बाकी है।
यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी (ESA) और जापान एयरोस्पेस एक्सप्लोरेशन एजेंसी (JAXA) का यह संयुक्त मिशन करीब आठ साल तक अंतरिक्ष में सफर करता रहा। इस दौरान इसने 10 अरब किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की। बुध की कक्षा में पहुंचने वाला यह दूसरा अंतरिक्ष यान है। इससे पहले अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का मैसेंजर मिशन 2011 से 2015 तक बुध की कक्षा में रहकर अध्ययन कर चुका है।
बेपीकोलंबो मिशन की खासियत यह है कि इसमें दो वैज्ञानिक अंतरिक्ष यान शामिल हैं। दोनों अलग-अलग कक्षाओं में रहकर बुध की सतह, उसके अंदरूनी हिस्से और चुंबकीय क्षेत्र का अध्ययन करेंगे। वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि इससे ग्रह के निर्माण और उसके विकास से जुड़े कई पुराने सवालों के जवाब मिल सकेंगे।
यूरोपियन स्पेस एजेंसी द्वारा दी गई यह इमेज यूरोपियन-जापानी स्पेसक्राफ्ट बेपीकोलंबो द्वारा कैप्चर की गई मर्करी के नॉर्थ पोल की क्लोज-अप तस्वीर। AP
बुध ग्रह तक पहुंचना इतना मुश्किल क्यों है?
बुध सूरज से औसतन करीब 5.8 करोड़ किलोमीटर दूर है। पृथ्वी से इसकी दूरी लगातार बदलती रहती है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब यह ग्रह सूरज के सबसे करीब है, तो वहां पहुंचने में अंतरिक्ष यान को आठ साल क्यों लग गए?
इसका जवाब सूरज के गुरुत्वाकर्षण में छिपा है। सूरज का खिंचाव इतना शक्तिशाली है कि उसकी ओर बढ़ने वाला अंतरिक्ष यान लगातार तेज होता जाता है। दूसरी ओर, बुध का गुरुत्वाकर्षण अपेक्षाकृत कमजोर है। ऐसे में अगर अंतरिक्ष यान बहुत तेज गति से बुध के पास पहुंचता है, तो उसके लिए ग्रह की कक्षा में प्रवेश करना मुश्किल हो जाता है। वह बुध के पास से गुजरकर आगे निकल सकता है।
इस चुनौती से निपटने के लिए वैज्ञानिकों ने बेपिकोलम्बो का रास्ता सीधा नहीं रखा। इसके बजाय अंतरिक्ष यान को कई ग्रहों के पास से गुजारकर उसकी गति और दिशा को नियंत्रित किया गया। इस तकनीक की मदद से मिशन को बुध की कक्षा में पहुंचने लायक बनाया गया।
पृथ्वी, शुक्र और बुध के चक्कर लगाकर पहुंचा मंजिल तक
बेपीकोलंबो मिशन को अक्टूबर 2018 में फ्रेंच गुयाना से एरियन-5 रॉकेट की मदद से लॉन्च किया गया था। इसके बाद इसका लंबा अंतरिक्ष सफर शुरू हुआ। इस दौरान अंतरिक्ष यान ने कुल नौ बार ग्रहों के पास से उड़ान भरी। यह पृथ्वी के पास से एक बार, शुक्र के पास से दो बार और बुध के पास से छह बार गुजरा।
इन उड़ानों का मकसद सिर्फ ग्रहों को करीब से देखना नहीं था। हर बार उनके गुरुत्वाकर्षण की मदद से अंतरिक्ष यान की दिशा और गति में बदलाव किया गया। इस तकनीक को ग्रैविटी असिस्ट (Gravity Assist) कहते हैं।
इसे ऐसे समझ सकते हैं कि कोई गाड़ी मोड़ का इस्तेमाल करके अपनी दिशा बदलती है। अंतरिक्ष में ग्रहों का गुरुत्वाकर्षण भी अंतरिक्ष यान को रास्ता बदलने में मदद करता है। इससे उसे हर बार भारी मात्रा में ईंधन खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ती।
हालांकि, इस तकनीक के बावजूद मिशन को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। अंतरिक्ष यान के सोलर पैनल से जुड़ी समस्या के कारण इसके इलेक्ट्रिक थ्रस्टर को अपेक्षित ऊर्जा नहीं मिल सकी थी। इससे इसकी यात्रा की समय-सीमा भी प्रभावित हुई।
बुध ग्रह की तस्वीर मैसेंजर अंतरिक्ष यान ने ग्रह के पास से गुजरने के दौरान ली गई थी। AP
एक मिशन, दो अंतरिक्ष यान; दोनों का काम अलग-अलग
बेपीकोलंबो मिशन की सबसे अहम बात इसके दो वैज्ञानिक ऑर्बिटर हैं। दोनों को अलग-अलग अंतरिक्ष एजेंसियों ने तैयार किया है और उन्हें बुध के अलग-अलग पहलुओं का अध्ययन करने की जिम्मेदारी दी गई है।
1. Mercury Planetary Orbiter (MPO)
इसे यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी ने तैयार किया है। यह बुध की सतह और उसकी आंतरिक संरचना का अध्ययन करेगा। इसके जरिए वैज्ञानिक ग्रह की बनावट, सतह पर मौजूद गड्ढों, पहाड़ों और ज्वालामुखीय मैदानों के बारे में जानकारी जुटाएंगे। यह बुध के चुंबकीय क्षेत्र को समझने में भी मदद करेगा।
2. Mercury Magnetospheric Orbiter (Mio)
इसे जापान की अंतरिक्ष एजेंसी JAXA ने बनाया है। इसका मुख्य काम बुध के चुंबकीय क्षेत्र और उसके आसपास मौजूद वातावरण का अध्ययन करना है। यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि सूरज से आने वाली सौर हवाएं बुध के चुंबकीय क्षेत्र को किस तरह प्रभावित करती हैं।
फिलहाल दोनों ऑर्बिटर एक साथ जुड़े हुए हैं। ESA की योजना के मुताबिक, 9-10 दिसंबर 2026 के आसपास इन्हें अलग किया जाना है। इसके बाद दोनों अपनी निर्धारित कक्षाओं में पहुंचकर अलग-अलग वैज्ञानिक अध्ययन करेंगे। नियमित वैज्ञानिक अध्ययन अप्रैल 2027 से शुरू होने की उम्मीद है।
427 डिग्री तापमान में कैसे काम करेंगे इसके उपकरण?
बुध पर पहुंचने के बाद बेपीकोलंबो के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक वहां का तापमान है। सूरज के बेहद करीब होने के कारण बुध की सतह पर दिन के समय तापमान 427 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पृथ्वी के मुकाबले यहां सूरज की रोशनी भी कई गुना ज्यादा तीव्र होती है।
इतनी गर्मी में अंतरिक्ष यान के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और वैज्ञानिक सेंसर को सुरक्षित रखना आसान नहीं है। अगर तापमान तय सीमा से ज्यादा बढ़ जाए, तो उपकरण खराब हो सकते हैं और मिशन का काम प्रभावित हो सकता है।
इसीलिए बेपीकोलंबो को विशेष ताप सुरक्षा प्रणाली के साथ तैयार किया गया है। इसमें ऐसे उपकरण और इंसुलेशन लगाए गए हैं, जो सूरज की तेज गर्मी से अंतरिक्ष यान के संवेदनशील हिस्सों को बचाने में मदद करते हैं।
वैज्ञानिकों की योजना इसे कम से कम पृथ्वी के एक साल तक संचालित करने की है। बुध पर एक साल करीब 88 पृथ्वी दिनों के बराबर होता है। यानी पृथ्वी का एक साल बुध के लगभग चार साल के बराबर है।
बुध के चार बड़े रहस्यों से उठेगा पर्दा
बुध आकार में छोटा जरूर है, लेकिन इसकी बनावट और परिस्थितियां वैज्ञानिकों के सामने कई सवाल खड़े करती हैं। बेपीकोलंबो का मकसद सिर्फ इस ग्रह की तस्वीरें लेना नहीं, बल्कि उन सवालों के जवाब तलाशना भी है।
बुध का आकार पृथ्वी से काफी छोटा है, लेकिन इसके अंदर मौजूद धात्विक कोर ग्रह के कुल आकार के अनुपात में काफी बड़ा है। वैज्ञानिक यह समझना चाहते हैं कि आखिर इसके भीतर इतना बड़ा कोर कैसे बना। इससे ग्रहों के निर्माण की प्रक्रिया को समझने में मदद मिल सकती है।
mercury 2
बुध का चुंबकीय क्षेत्र कैसे बनता है?
बुध के पास अपना चुंबकीय क्षेत्र है। यह बात वैज्ञानिकों के लिए दिलचस्प है, क्योंकि ग्रह का आकार छोटा होने के बावजूद इसमें चुंबकीय गतिविधियां मौजूद हैं। BepiColombo इस क्षेत्र की संरचना और सूरज से आने वाली सौर हवाओं के साथ इसकी प्रतिक्रिया का अध्ययन करेगा।
सतह पर मौजूद गड्ढे और पहाड़ कैसे बने?
बुध की सतह पर बड़े-बड़े गड्ढे, चट्टानी पहाड़ और ज्वालामुखीय मैदान दिखाई देते हैं। इनमें से कई संरचनाएं अरबों साल पहले उल्कापिंडों के टकराने और भूगर्भीय गतिविधियों के कारण बनीं। मिशन इनके निर्माण और विकास की कहानी समझने में मदद करेगा।
सूरज के करीब होने के बावजूद कहां से आई बर्फ?
बुध पर पानी की बर्फ होने की संभावना वैज्ञानिकों के लिए सबसे दिलचस्प विषयों में से एक है। ग्रह के ध्रुवों पर मौजूद कुछ गहरे गड्ढों तक सूरज की रोशनी नहीं पहुंचती। इन इलाकों में तापमान बेहद कम रह सकता है और वहां बर्फ सुरक्षित रहने की संभावना है। बेपीकोलंबो इन ध्रुवीय क्षेत्रों का अध्ययन करके बर्फ की मौजूदगी और उसकी प्रकृति को समझने में मदद करेगा।
जान लें बुध ग्रह मिशन का इतिहास
बुध तक पहुंचना आसान नहीं है। अब तक केवल तीन अंतरिक्ष मिशन इस ग्रह के पास पहुंचे हैं। इनमें से दो NASA के थे, जबकि तीसरा यूरोप और जापान का संयुक्त मिशन है।
मेरिनर 10: NASA ने 1973 में इसे लॉन्च किया था। 1974 और 1975 के दौरान यह तीन बार बुध के पास से गुजरा। इसने ग्रह की सतह की शुरुआती तस्वीरें भेजीं और बुध के चुंबकीय क्षेत्र से जुड़ी अहम जानकारी दी।
मैसेंजर: NASA का यह मिशन 2004 में लॉन्च हुआ और मार्च 2011 में बुध की कक्षा में पहुंचा। यह बुध की कक्षा में प्रवेश करने वाला पहला अंतरिक्ष यान था। इसने अप्रैल 2015 तक ग्रह का अध्ययन किया। ईंधन खत्म होने के बाद यह बुध की सतह से टकरा गया।
बेपीकोलंबो: अक्टूबर 2018 में लॉन्च हुआ यह यूरोप और जापान का संयुक्त मिशन है। यह बुध की कक्षा में पहुंचने वाला दूसरा अंतरिक्ष यान है। इसकी खासियत यह है कि इसमें दो वैज्ञानिक ऑर्बिटर हैं, जो एक साथ बुध के अलग-अलग पहलुओं का अध्ययन करेंगे।
कक्षा में पहुंचते ही आई तकनीकी अड़चन
बेपीकोलंबो का बुध की कक्षा में पहुंचना बड़ी सफलता है, लेकिन इस उपलब्धि के साथ एक तकनीकी समस्या भी सामने आई। 21 नवंबर को जब अंतरिक्ष यान को बुध की कक्षा में स्थापित करने के लिए उसके थ्रस्टर चलाए गए, तो वे तय समय से पहले बंद हो गए। यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी ने बताया कि सॉफ्टवेयर से जुड़ी समस्या के कारण थ्रस्टर का बर्न निर्धारित अवधि से कम रहा। हालांकि, एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया कि अंतरिक्ष यान सुरक्षित है और मिशन कंट्रोल की टीम इस गड़बड़ी की वजह समझने में जुटी है।
दरअसल, कक्षा में प्रवेश के दौरान अंतरिक्ष यान को अपनी गति कम करनी होती है। इसके लिए थ्रस्टर की मदद ली जाती है। इस प्रक्रिया में थोड़ी सी भी गड़बड़ी मिशन के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है। इसलिए टीम अब अंतरिक्ष यान से मिले डेटा का विश्लेषण कर रही है।
अप्रैल 2027 से शुरू होगा बुध का वैज्ञानिक अध्ययन
बेपीकोलंबो की बुध तक पहुंचने की यात्रा पूरी हो चुकी है, लेकिन मिशन का असली वैज्ञानिक काम अभी बाकी है। दिसंबर में दोनों ऑर्बिटर अलग होंगे और इसके बाद उन्हें उनकी निर्धारित कक्षाओं में स्थापित किया जाएगा।
अप्रैल 2027 से इनके नियमित वैज्ञानिक अध्ययन शुरू होने की उम्मीद है। इसके बाद मिलने वाला डेटा वैज्ञानिकों को बुध की सतह, आंतरिक संरचना, चुंबकीय क्षेत्र और ध्रुवों पर मौजूद संभावित बर्फ के बारे में नई जानकारी देगा।
इस मिशन की खासियत यह है कि यूरोप और जापान के दोनों अंतरिक्ष यान एक ही ग्रह का अलग-अलग नजरिए से अध्ययन करेंगे। इससे वैज्ञानिकों को बुध के बारे में पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा विस्तृत जानकारी मिलने की उम्मीद है।
बुध भले ही सौरमंडल का सबसे छोटा ग्रह हो, लेकिन इसके भीतर छिपे सवाल छोटे नहीं हैं। आठ साल की लंबी यात्रा के बाद बेपीकोलंबो वहां पहुंच चुका है। अब दुनिया भर के वैज्ञानिकों की नजरें इस बात पर होंगी कि यह मिशन सूरज के इस पड़ोसी ग्रह के कौन-कौन से अनसुलझे राज सामने लाता है।
