NGC 2005: अंतरिक्ष में एक से बढ़कर एक अद्भुत नजारे देखने को मिलते हैं। कई बार तो हमारी कल्पनाओं से भी परे ऐसी जटिल कलाकृतियां दिखाई देती हैं, जो मंत्रमुग्ध कर लेती हैं। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) लगातार ऐसे अद्भुत नजारों को कैप्चर करता रहता है। इन्हीं नजारों में से एक NGC 2005 है। यह बेहद चमकदार एक तारा समूह है, जिसको देखकर देखते रहने का ही मन करता है।
नासा द्वारा जारी की गई तस्वीर में टिमटिमाते हुए तारों के बीच में एक चमकदार वस्तु दिखाई दे रही है, जिससे सफेद प्रकाश निकल रहा है। यह सफेद प्रकाश काले अंतरिक्ष में पीले, नीले और नारंगी रंग के टिमटिमाते हुए तारों के बीच से उठ रहा है। हालांकि, यह कोई और वस्तु नहीं, बल्कि एक चमकदार तारा ही है।
NGC 2005 की संरचना है अलग
बकौल नासा, बड़े मैगेलैनिक क्लाउड (Large Magellanic Cloud) में NGC 2005 के तारों की रासायनिक संरचना आस-पास के तारों से अलग है। बता दें कि बड़े मैगेलैनिक क्लाउड (LMC) मिल्की वे की सबसे बड़ी उपग्रह आकाशगंगा है। इससे पता चलता है कि एलएमसी ने अपने इतिहास में कहीं किसी दूसरी आकाशगंगा के साथ विलय किया था। हालांकि, वह दूसरी आकाशगंगा बहुत पहले ही बिखर चुकी होगी, लेकिन NGC 2005 विलय का एक पुरातन साक्षी है।
विज्ञानियों को मिलेगी मदद
नासा ने इंस्टाग्राम पर 'भीड़ से अलग दिखें' कैप्शन के साथ NGC 2005 के तारों की समूह की तस्वीर शेयर की। इस तस्वीर को देखकर यह स्पष्ट हो रहा है कि कुछ सबसे पुराने ज्ञात तारे आकाशगंगा के विकास का अध्ययन करने में मददगार साबित हो सकते हैं। बकौल नासा, हजारों-लाखों तारों वाले गोलाकार समूह बड़े और घने होते हैं। हालांकि, यह समूह स्थिर होते हैं।
NGC 2005 की इस तस्वीर को नासा ने ईएसए और हबल के साथ मिलकर कैप्चर किया है। इन तस्वीर में कुछ तारे बेहद बड़े और ज्यादा चमकीले दिखाई दे रहे हैं।
