राज्य में सूखे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उपमुख्यमंत्री और शिवसेना के मुख्य नेता एकनाथ शिंदे ने पार्टी के सभी नगर अध्यक्षों को किसानों की मदद के लिए पूरी ताकत से जुटने का निर्देश दिया है। सोमवार को मुंबई के यशवंतराव चव्हाण प्रतिष्ठान में आयोजित शिवसेना नगर अध्यक्षों की बैठक में शहरों के विकास कार्यों, प्रशासनिक समस्याओं और नागरिकों की शिकायतों पर चर्चा हुई। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में शिंदे ने कई अहम घोषणाएं कीं।
शिंदे ने कहा कि नगर परिषद चुनावों में शिवसेना के ६३ नगर अध्यक्षों, बड़ी संख्या में उपनगराध्यक्षों और हजारों नगरसेवकों की जीत पार्टी के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बैठक में नगर परिषदों की जरूरतों और समस्याओं को लेकर जो जानकारी सामने आई है, उसे दूर करने के लिए नगर विकास विभाग हरसंभव मदद करेगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'BJP-RSS को धर्म की समझ नहीं', राहुल गांधी ने बताया असभ्य, लालची और जातिवादी
आम लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के लिए शिंदे ने ‘शासन आपल्या दारी’ की तर्ज पर ‘नगर अध्यक्ष आपके द्वार’ अभियान शुरू करने की घोषणा की। इस अभियान के तहत नगर अध्यक्ष घर-घर जाकर नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे और उनका समाधान करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने नगर अध्यक्षों को निर्देश दिया कि विपक्षी नगरसेवकों के साथ भेदभाव न करें और सभी को साथ लेकर शहर के विकास के काम करें।
'किसानों को इस मुश्किल से बाहर निकालने के लिए सभी को आगे आना चाहिए'
किसानों की स्थिति पर चिंता जताते हुए शिंदे ने कहा कि सूखे के संकट में बळीराजा (किसान) को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। किसानों को इस मुश्किल से बाहर निकालने के लिए सभी को आगे आना चाहिए। उन्होंने सूखे के कारण मानसिक तनाव झेल रहे किसानों का मनोबल बढ़ाने के लिए कीर्तनकारों के माध्यम से विशेष काउंसलिंग सत्र आयोजित करने का सुझाव भी दिया।
युवाओं के लिए आधुनिक अध्ययन केंद्र , खेल मैदान और प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ाने वाली योजनाएं शुरू करने पर भी उन्होंने जोर दिया। शिंदे ने घोषणा की कि ‘नमो उद्यान’ की तर्ज पर हर नगर परिषद क्षेत्र में खेल मैदानों के निर्माण और विकास के लिए १ करोड़ रुपये की विशेष निधि दी जाएगी।शिंदे ने एक सामाजिक पहल की जानकारी देते हुए कहा कि सूखे के कारण जिन गरीब किसान परिवारों में बेटियों और बच्चों की शादियां तय होने के बावजूद नहीं हो पा रही हैं, उनके विवाह की जिम्मेदारी शिवसेना उठाएगी।
उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल की ओर से ऐतिहासिक किलों और गढ़कोटों पर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। छत्रपति शिवाजी महाराज की शासन परंपरा को ध्यान में रखते हुए किलों पर भव्य तरीके से संविधान दिवस भी मनाया जाएगा। बैठक में शिंदे ने पार्टी विधायकों को कम बोलने और अपने काम के जरिए जनता का विश्वास जीतने की सलाह दी।
'राहुल गांधी विदेश में जाकर भारत की छवि खराब करते हैं'
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें जिम्मेदार राजनेता की तरह बयान देना चाहिए। शिंदे ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत की आलोचना करते हैं और देश की अर्थव्यवस्था को ‘डेड इकॉनॉमी’ बताकर देश का अपमान करते हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर राहुल गांधी भारतीय अर्थव्यवस्था पर सवाल उठाते हैं, वहीं दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प भारत की प्रगति और आर्थिक नीतियों की सराहना कर चुके हैं। शिंदे ने कहा कि हालिया वैश्विक सर्वेक्षणों में भी अमेरिका और चीन के बाद भारत को दुनिया की मजबूत अर्थव्यवस्थाओं में शामिल बताया गया है। राहुल गांधी को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
