क्रिकेट

SA vs BAN: अफ्रीकी गेंदबाजों के सामने बांग्लादेशी बल्लेबाजों का सरेंडर, 6 रन पर गंवाए 5 विकेट-91 पर ढेर हो गई पूरी टीम

SA vs BAN: साउथ अफ्रीका का शानदार प्रदर्शन जारी है। सोमवार को बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट के पहले दिन मेजबान टीम के गेंदबाजों का जलवा देखने को मिला। अफ्रीका तिकड़ी के सामने बांग्लादेश के बल्लेबाजों ने सरेंडर कर दिया। नतीजा पूरी टीम 33.3 ओवर में ढेर हो गई।

Image

साउथ अफ्रीका (साभार-Proteas Men)

SA vs BAN: घर हो या बाहर मौजूदा समय में टेस्ट क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका का कोई जवाब नहीं। सोमवार से बांग्लादेश के खिलाफ शुरू हुए पहले टेस्ट में भी मेजबान टीम ने अपना दबदबा कायम रखा। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और फिर बांग्लादेश की टीम को 100 रन के भीतर ढेर कर दिया। सुपर स्पोर्ट्स पार्क सेंचुरियन में मार्को यान्सेन, कगिसो रबाडा और ऑनरिक नॉर्खिया का कहर देखने को मिला। नतीजा, बांग्लादेश की पूरी टीम 33.3 ओवर में 91 रन बनाकर ढेर हो गई। जवाब में दिन का खेल खत्म होने तक दक्षिण अफ्रीका ने एक विकेट के नुकसान पर 88 रन बना लिए हैं। मार्कस एकरमैन 46 और जुबैर हमजा 9 रन बनाकर नाबाद हैं। कप्तान एडेन मार्करम 21 रन बनाकर आउट हुए।

अफ्रीकी तिकड़ी के सामने बांग्लादेश का सरेंडर

बांग्लादेश को पहला झटका 6 रन के स्कोर पर मार्को यान्सेन ने दिया। दूसरे विकेट के लिए महफिजुल इस्लाम (Mahfijul Islam) मोमिनुल हक ने 34(69) रन की साझेदारी कर जरूर कुछ हद तक अफ्रीकी गेंदबाजों को रोक कर रखा, लेकिन जैसे ही 40 रन के स्कोर पर ऑनरिक नॉर्खिया ने बांग्लादेश को दूसरा झटका दिया, टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई। बांग्लादेश ने अपने आखिरी 8 विकेट 51 रन बनाने में गंवा दिए।

6 रन के भीतर आधी टीम लौटी पवेलियन

अफ्रीकी तिकड़ी गेंदबाजों का कहर इस कदर था कि बांग्लादेश ने अपने आखिरी 5 विकेट केवल 6 रन के भीतर गंवा दिए। बांग्लादेश को छठा झटका 85 रन के स्कोर पर लगा था और उसके बाद 91 रन पर टीम ढेर हो गई। बांग्लादेश की ओर से केवल 3 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार कर पाए। महफिजुल इस्लाम ने 23, मोमिनुल हक ने 18 और तौहिद ह्रदोय ने 19 रन की पारी खेली। मार्को यान्सेन और कगिसो रबाडा ने 3-3 जबकि ऑनरिक नॉर्खिया ने दो विकेट चटकाए।

बल्लेबाजों ने भी दिलाई अच्छी शुरुआत

91 रन के जवाब में दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों ने भी अच्छी शुरुआत की। कप्तान एडेन मार्करम और एकरमैन ने पहले विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी की। दिन का खेल खत्म होने तक अफ्रीकी टीम केवल 3 रन पीछे थी और 9 विकेट अब भी सुरक्षित हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article