शहर

ग्वालियर में इश्क का खौफनाक अंजाम! प्रेमिका के पति और ससुर को पेट्रोल से जलाया, फिर निगला जहर

ग्वालियर में विवाहित प्रेमिका से मिलने से रोकने पर एक युवक ने उसके पति और ससुर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आरोपी ने वारदात के बाद खुद भी जहरीला पदार्थ खा लिया। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी रजत पाल के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Image

प्रेमिका के पति और ससुर को पेट्रोल से जलाया( Representational Image)

Photo : IANS

ग्वालियर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां विवाहित प्रेमिका से मिलने में बाधा बन रहे उसके पति और ससुर पर प्रेमी ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद भी जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की। घटना में पति और ससुर गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि आरोपी भी जहरीला पदार्थ खाने के बाद बीमार हो गया। तीनों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना माधवगंज थाना क्षेत्र के हेम सिंह की परेड इलाके की है। आरोपी की पहचान रजत पाल के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी पिछले तीन साल से विवाहिता के साथ एक निजी अस्पताल में काम करता था। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। आरोप है कि जब महिला के पति को इस रिश्ते के बारे में पता चला तो उसने रजत को समझाया और घर आने-जाने से रोक दिया था।

घर में घुसकर पति और ससुर पर डाला पेट्रोल

बताया गया है कि रविवार को रजत अचानक महिला के घर पहुंच गया। उसके हाथ में शराब की बोतल थी, जिसमें पेट्रोल भरा हुआ था। घर में मौजूद महिला के पति और ससुर ने उसे देखकर आपत्ति जताई। इसी बात पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में रजत ने दोनों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस घटना में महिला का पति और ससुर गंभीर रूप से झुलस गए। वारदात के बाद आरोपी ने खुद भी जहरीला पदार्थ निगल लिया। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

पति और ससुर बर्न यूनिट में भर्ती, आरोपी का निजी अस्पताल में इलाज

आग से झुलसे पति और ससुर को जयारोग्य अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है। वहीं, जहरीला पदार्थ खाने के बाद आरोपी रजत पाल को उसके परिजनों ने एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। तीनों का इलाज जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

बेटे ने बताई विवाद की वजह, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

विवाहिता के बेटे के मुताबिक, रजत उसकी मां का सहकर्मी था और इसी वजह से अक्सर घर आता-जाता था। बाद में परिवार को दोनों के प्रेम संबंधों के बारे में पता चला तो उसके पिता ने रजत को समझाया और घर आने से मना कर दिया था। पुलिस ने आरोपी रजत पाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। माधवगंज थाना पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article