Star Explosion: हमारी कल्पनाओं से भी परे ब्रह्मांड में कुछ न कुछ हलचल होती रहती है। हाल ही में हमने प्लानेट्स की परेड देखी और वो भी नंगी आंखों से... और अब हम एक और दुर्लभ खगोलीय घटना के साक्षी बनने जा रहे हैं। अंतरिक्ष प्रेमियों को बता दें कि यह नजारा 80 साल में एक बार देखने को मिलता है। दरअसल, एक तारे में विस्फोट होने वाला है।
चमकेगा आसमान!
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) के मुताबिक, वैश्विक खगोलविद इस दुर्लभ घटना का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि जब तारे में विस्फोट होगा तो आसमान में एक चमक नजर आएगी, जो अंतरिक्ष प्रेमियों को मंत्रमुग्ध करने के लिए काफी होगी।
कब होगा तारे में विस्फोट?
अब सवाल उठता है कि आखिर तारे में विस्फोट कब होगा? जैसा ही आप लोग अब जानते ही हैं कि यह दुर्लभ नजारा हर 80 साल में होता है और अगर इस बार आप यह नजारा नहीं देख पाए तो 80 साल बाद आसमान में फिर से तारे का विस्फोट होगा। हालांकि, अभी आपके पास बहुत समय है तो अपनी कुर्सी की पेटी बांध लीजिए और दुर्लभ नजारे का आनंद लेने के लिए तैयार रहिये।

तारे में विस्फोट
बता दें कि पृथ्वी से लगभग 3,000 प्रकाश वर्ष दूर कोरोना बोरेलिस तारामंडल (Corona Borealis Constellation) में एक तारे में विस्फोट की घटना सितंबर माह में कभी भी हो सकती है। आखिरी बार साल 1946 में यह खगोलीय घटना हुई थी।
कैसे देख सकेंगे तारे में विस्फोट की घटना?
कोरोना बोरेलिस तारामंडल में एक तारे में विस्फोट की घटना को नंगी आंखों से देखा जा सकेगा। हालांकि, यह मौसम साफ होने की स्थिति में ही देखा जा सकता है। अगर यह दुर्लभ नजारा आपको सही से न दिखे तो आप दूरबीन का इस्तेमाल कर सकते हैं। बता दें कि फिल्मों में जिस प्रकार से विस्फोट को दिखाया जाता है वैसे आसमान में धमाका नहीं होगा, बल्कि यह बेहद चमकीला होगा। जिसकी वजह से आसमान में एक चमक दिखाई देगी।
