जामनगर के सेनानगर इलाके में 22 नवंबर की रात गांजे की सूचना पर छापेमारी करने गई एंटी नारकोटिक्स टीम पर चार लोगों ने हमला कर दिया। हमले में पुलिसकर्मी दिव्यराजसिंह जाडेजा गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर और कंधे पर चोट आई है, जबकि एक उंगली में फ्रैक्चर हुआ है। पुलिस ने मामले में दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो पुरुष आरोपी फरार हैं। आरोपियों के पास मौजूद बैग से 4 किलो 725 ग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी कीमत 2,36,250 रुपये बताई गई है।
यह घटना जामनगर के बालाजी पार्क के पास सेनानगर इलाके में हुई। जामनगर सिटी डिवीजन के डिप्टी एसपी जयवीरसिंह झाला के मुताबिक, एंटी नारकोटिक्स विंग के दो पुलिसकर्मी सूचना के आधार पर इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें चार संदिग्ध लोग एक सीमेंट की बोरी जैसे बैग के साथ दिखाई दिए।
पुलिसकर्मियों ने अपनी पहचान बताकर बैग में रखे सामान के बारे में पूछताछ की। इसी बात को लेकर आरोपियों के साथ बहस हुई और फिर हाथापाई शुरू हो गई। पुलिस के मुताबिक, चारों ने पुलिसकर्मियों पर हमला किया, जिसमें दिव्यराजसिंह जाडेजा घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सरकारी जी.जी. अस्पताल ले जाया गया।
