नॉलेज

पहली बार Milky Way से परे तारे की 'Zoomed-In' तस्वीर हुई कैप्चर, मिले सुपरनोवा विस्फोट के संकेत

WOH G64 Star: खगोलविदों को एक नई उपलब्धि हासिल हुई है। उन्होंने पहली बार हमारी अपनी मिल्की-वे आकाशगंगा से परे एक दूसरी आकाशगंगा में मौजूद एक तारे को कैप्चर किया। सबसे दिलचस्प बात तो यह है कि खगोलविदों ने मिल्की-वे के भीतर तारों की दर्जनों जूम-इन तस्वीरों को कैप्चर किया है, लेकिन पहली बार दूसरी आकाशगंगा के तारे को तस्वीर में कैद किया है।

Image

दूसरी दुनिया का मरता हुआ तारा (फोटो साभार: ESO/K. Ohnaka et al.)

Photo : Twitter

WOH G64 Star: खगोलविदों ने पहली बार हमारी घरेलू मिल्की-वे आकाशगंगा से परे किसी दूसरी आकाशगंगा के एक तारे को कैप्चर किया है। देखने में आप लोगों को यह तस्वीर ब्लर लग रही होगी, किंतु यह खगोल जगत की एक बड़ी ऐतिहासिक तस्वीर है। खगोलविदों की टीम ने विशालकाय टेलीस्कोप इंटरफेरोमीटर (VLTI) की मदद से WOH G64 नामक विशाल लाल सुपरजायंट तारे को फोकस किया।

कहां स्थित है WOH G64 तारा?

WOH G64 मिल्की-वे की एक उपग्रह बौनी आकाशगंगा लार्ज मैगेलैनिक क्लाउड (LMC) में 1,60,000 प्रकाश वर्ष दूर स्थित है। खगोलविदों ने इस तारे को 'बीहेमोथ स्टार' नाम दिया है, क्योंकि यह सूर्य के आकार से 2,000 गुना ज्यादा बड़ा है। बीहेमोथ स्टार का नजारा देखने में भले ही ब्लर लगे, लेकिन इसके आसपास मौजूद धूल और गैस की संरचना भी दिखाई दे रही है, जिसे पहले कभी देखा नहीं गया है।

सुपरनोवा की ओर बढ़ रहा WOH G64?

स्पेस डॉट कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक, आसपास मौजूद पदार्थ से ऐसे संकेत मिलते हैं कि WOH G64 तारा अब अपने जीवन के अंतिम पड़ाव में एक विशाल सुपरनोवा की ओर बढ़ रहा है।

WOH_G64

दूसरी गैलेक्सी का मरता हुआ तारा (फोटो साभार: ESO/K. Ohnaka et al.)

चिली में एंड्रेस बेलो नेशनल यूनिवर्सिटी के खगोलविद केइची ओहनाका ने कहा कि पहली बार हम मिल्की-वे के बाहर एक आकाशगंगा में एक मरते हुए तारे की जूम-इन छवि लेने में कामयाब हो पाए हैं। हमने तारे के आस-पास एक अंडे के आकार का कोकून देखा। इस बात को लेकर हम उत्साहित हैं, क्योंकि यह सुपरनोवा विस्फोट से पहले मरते हुए तारे से पदार्थ के भारी निष्पादन से संबंधित हो सकता है।

खगोलविदों ने मिल्की-वे के भीतर तारों की दर्जनों जूम-इन तस्वीरों को कैप्चर किया है, लेकिन हमारी आकाशगंगा से परे किसी तारे को समान स्तर की जानकारी के साथ कैप्चर करने में इतना ज्यादा समय लग गया। पिछले कुछ समय से केइची ओहनाका और उनकी टीम के सदस्यों का WOH G64 को जूम-इन करना किसी एक लक्ष्य रहा है।

टीम के सदस्य तथा जर्मनी के मैक्स प्लैंक इंस्टीट्यूट फॉर रेडियो एस्ट्रोनॉमी में खगोल विज्ञान के प्रोफेसर गेर्ड वीगेल्ट ने एक बयान में कहा कि हमने पाया है कि पिछले 10 सालों में तारे में महत्वपूर्ण परिवर्तन हुए हैं, जिससे हमें वास्तविक समय में किसी तारे के जीवन को देखने का दुर्लभ अवसर मिला है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें