शहर

Supaul News: सुपौल के स्कूल हॉस्टल की छत पर मिला कक्षा एक के छात्र का शव, परिवार को दो घंटे बाद मिली सूचना; जांच में जुटी पुलिस

Supaul News: बिहार के सुपौल में एक निजी स्कूल के हॉस्टल की छत पर कक्षा एक के छात्र का शव मिलने से हड़कंप मच गया। प्रियांशु कुमार संदिग्ध परिस्थितियों में छत पर मिला, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना को लेकर परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर सवाल उठाए हैं, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Image

सुपौल में आठ साल के छात्र की संदिग्ध मौत से सनसनी

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Supaul News: बिहार के सुपौल जिले में रविवार को एक निजी स्कूल के हॉस्टल की छत पर कक्षा एक के छात्र का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना सुपौल सदर थाना क्षेत्र के गौरवगढ़ वार्ड नंबर-6 स्थित सान्वी पब्लिक स्कूल की बताई जा रही है। मृत छात्र की पहचान हरिराहा पारीकोंच पंचायत के वार्ड नंबर-7 निवासी शिव शंकर भारती के पुत्र प्रियांशु कुमार के रूप में हुई है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब एक बजे हॉस्टल की छत पर प्रियांशु संदिग्ध हालत में मिला। बताया गया कि उसके गले में गमछा और बेल्ट लगा हुआ था। हॉस्टल में मौजूद अन्य छात्रों की नजर जब उस पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी वहां तैनात गार्ड को दी। गार्ड ने स्कूल संचालक को घटना के बारे में बताया, जिसके बाद छात्र को छत से नीचे लाया गया। स्कूल के एक शिक्षक के साथ प्रियांशु को आनन-फानन में शहर के आनंद प्रेरणा एंड ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सक डॉ. बीके यादव ने जांच के बाद छात्र को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

दो घंटे बाद मिली परिजनों को घटना की सूचना

प्रियांशु के पिता शिव शंकर भारती ने बेटे की मौत को लेकर स्कूल प्रबंधन की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि घटना की परिस्थितियां उन्हें सामान्य नहीं लग रही हैं। पिता के अनुसार, घटना दोपहर करीब एक बजे हुई, लेकिन परिवार को इसकी जानकारी लगभग तीन बजे दी गई। इस अंतराल को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए हैं। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अध्यक्ष रामसेवक रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रभारी एसडीपीओ दिलीप कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल छात्र की मौत के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस घटनास्थल से मिले तथ्यों और अन्य सबूतों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति साफ होने की उम्मीद है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article