Anurag Diwedi News: अवैध सट्टेबाजी ऐप को बढ़ावा देने के आरोपों का सामना करने वाले चर्चित यूट्यूबर अनुराग द्विवेदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर भावुक स्टेट्स पोस्ट लिखा है। अपने इस पोस्ट में अनुराग ने लिखा कि उनकी यह यात्रा संघर्षों से भरी है और अपने इस सफर में उन्होंने करोड़ों लोगों का दिल जीता है। उन्होंने लिखा है कि सफलता आसान नहीं थी, इसकेलिए उन्होंने हर स्तर पर लड़ाई लड़ी। साथ ही इस पोस्ट में उन्होंने 2025 में 'डिपार्टमेंट' से अचानक परेशानी का जिक्र किया है। पोस्ट के अंत में अनुराग ने खुद को 'किसान पुत्र' बताया।
रडार पर दुबई के क्रूजलाइनर पर हुई भव्य शादी
बता दें कि ईडी की पहले से ही जांच के दायरे में रहे यूट्यूबर अनुराग द्विवेदी की दुबई के क्रूजलाइनर पर हुई भव्य शादी ने ईडी का ध्यान उन पर और उनके अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप नेटवर्क पर फिर से केंद्रित कर दिया है। द्विवेदी पर अवैध सट्टेबाजी ऐप को बढ़ावा देने का आरोप है।शादी में उनके रिश्तेदार और कुछ मशहूर हस्तियां शामिल हुईं। मशहूर हस्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है। द्विवेदी दुबई में हैं और उन्होंने जांच में सहयोग नहीं किया है। लैम्बोर्गिनी, बीएमडब्ल्यू और मर्सिडीज सहित कई महंगी कारें जब्त की गई हैं।

अनुराग द्विवेदी का इंस्टाग्राम स्टेटस।
लैंबोर्गिनी, BMW,मर्सिडीज लग्जरी कारें जब्त
रिपोर्टों के मुताबिक जांच के दौरान जांच एजेंसी ने चार महंगी गाड़ियां जब्त कीं हैं जिनमें लैंबोर्गिनी, BMW,मर्सिडीज शामिल हैं। कारों के अलावा कई डिजिटल उपकरण और वित्तीय दस्तावेज भी कब्जे में लिए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, अनुराग द्विवेदी फिलहाल दुबई में रह रहे हैं और ED की ओर से जारी किए गए कई समनों पर भी नहीं आए। एजेंसी अब उनके नेटवर्क, फंडिंग चैन और पार्टनर्स की गतिविधियों को खंगाल रही है। धन शोधन रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत दर्ज ED की जांच पश्चिम बंगाल पुलिस की उस FIR पर आधारित है, जिसमें धोखाधड़ी, जालसाजी, अवैध सट्टेबाजी गतिविधियों के आरोप पहले से दर्ज हैं।
'आय का इस्तेमाल दुबई में अचल संपत्तियां खरीदने में किया'
रिपोर्टों के मुताबिक एजेंसी ने यह भी आरोप लगाया है कि अनुराग ने अवैध सट्टेबाजी वेबसाइटों के प्रचार और संचालन से अर्जित अपराध की आय का उपयोग विदेश, विशेष रूप से दुबई में अचल संपत्तियां खरीदने में किया। ED के अनुसार, इसके बाद वह भारत छोड़कर दुबई चले गए और वर्तमान में वहीं रह रहे हैं।
