देश

मणिपुर में शांति बहाली के लिए केंद्र देगा हरसंभव मदद, PM मोदी ने CM खेमचंद सिंह को दिया आश्वासन

Manipur Incident: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मणिपुर में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के राज्य सरकार के प्रयासों में हरसंभव सहायता देने का शनिवार को आश्वासन दिया।

Image

मणिपुर के मुख्यमंत्री खेमचंद ने पीएम मोदी से की मुलाकात (फोटो साभार: @PMOIndia)

Photo : Twitter

Manipur Incident: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मणिपुर में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के राज्य सरकार के प्रयासों में हरसंभव सहायता देने का शनिवार को आश्वासन दिया।

शांति बहाली पर PM मोदी का बड़ा भरोसा

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मोदी ने नई दिल्ली में मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह के साथ बैठक के दौरान यह आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्य में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए सरकार की ओर से उठाए गए कदमों की जानकारी दी। खेमचंद सिंह ने इंफाल-दीमापुर-गुवाहाटी बस सेवाएं फिर शुरू होने और राष्ट्रीय राजमार्ग-37 (इंफाल-सिलचर मार्ग) तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-2 (इंफाल-दीमापुर मार्ग) पर मालवाहक ट्रकों की आवाजाही बहाल होने का उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न समुदायों के बीच विश्वास की कमी दूर करने के लिए अपनी सरकार के प्रयासों से भी प्रधानमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने कुछ राज्य राजमार्गों को राष्ट्रीय राजमार्गों में उन्नत करने के प्रस्ताव को मंजूरी देने का आग्रह किया।

खेमचंद सिंह ने इंफाल स्थित क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) का दर्जा देने की भी मांग की। बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री ने हिंसा प्रभावित राज्य में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की।

    CM खेमचंद ने PM मोदी से की मुलाकात

    खेमचंद सिंह और पीएम मोदी ने मुलाकात के दौरान पूर्वोत्तर राज्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।'' मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री से मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

    सिंह ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''मैं उनके दूरदर्शी नेतृत्व और मणिपुर के विकास के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता की गहरी सराहना करता हूं। उनके नेतृत्व में हमारी सरकार मणिपुर के लोगों के लिए स्थायी शांति, स्थिरता और समावेशी समृद्धि को आगे बढ़ाने के अपने संकल्प पर दृढ़ है।''

    Anurag Gupta
    अनुराग गुप्ताauthor

    अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

    और पढ़ें
    End of Article