देश

Abhishek Banerjee: आधी रात CPF के साथ अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची बंगाल पुलिस, गेट नहीं खोलने पर ताल तोड़ घुस गई अंदर

Abhishek Banerjee: शनिवार रात अभिषेक बनर्जी के घर बंगाल पुलिस भारी सुरक्षा के साथ रेड डालने पहुंची। इस दौरान पुलिस ने अभिषेक बनर्जी के घर का ताला भी तोड़ दिया।

Image

अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची बंगाल पुलिस (फोटो- टाइम्स नाउ नवभारत & पीटीआई)

Abhishek Banerjee: टीएमसी के पश्चिम बंगाल की सत्ता से बाहर होने के बाद ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं। शुक्रवार-शनिवार की रात बंगाल पुलिस की एक टीम अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची और सर्च अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस के साथ केंद्रीय बल भी साथ थे।

अभिषेक के घर का तोड़ा ताला

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, जब तड़के 3 बजे पुलिस और केंद्रीय बलों की टीम अभिषेक बनर्जी के आवास पर पहुंची, तो चारों तरफ सन्नाटा था। आधी रात का वक्त होने के कारण जब काफी देर तक किसी ने घर का मुख्य दरवाजा नहीं खोला, तो सालबोनी पुलिस के अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य दरवाजे के ताले तोड़ दिए और जबरन घर के भीतर दाखिल हो गए।

घंटों अंदर रही पुलिस

ताला तोड़कर घर के भीतर दाखिल होने के बाद पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के अधिकारी कई घंटों तक मकान के अंदर ही मौजूद रहे। ताजा अपडेट के मुताबिक, तड़के से अंदर मौजूद अधिकारी अब जांच प्रक्रिया पूरी कर बाहर आ चुके हैं। आधी रात को हुई इस अचानक और बड़ी छापेमारी की खबर लगते ही पश्चिम बंगाल के राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है। तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और नेताओं में इस कार्रवाई को लेकर भारी आक्रोश देखी जा रही है।

कार्रवाई की वजह अभी स्पष्ट नहीं

सालबोनी पुलिस की इस अचानक छापेमारी और इतनी बड़ी कार्रवाई के पीछे असल मामला क्या है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले से जुड़ी केस डिटेल्स को अभी पूरी तरह गोपनीय रखा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि यह कार्रवाई किसी पुराने मामले में कोर्ट के आदेश या किसी नए इनपुट के आधार पर की गई है। विस्तृत विवरण और पुलिस के आधिकारिक बयान का अभी इंतजार किया जा रहा है।

भतीजे के घर पहुंची ममता बनर्जी

पुलिस की अचानक कार्रवाई की खबर मिलने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी तुरंत अभिषेक के घर पहुंचीं। यह अभियान चार घंटे से अधिक समय तक चला और पुलिसकर्मी सुबह परिसर के अंदर मौजूद रहे। आज सुबह कई अधिकारी बनर्जी के घर से बाहर निकलते और घर में दोबारा जाने से पहले बाहर बातचीत करते देखे गए। घर से बाहर निकलने के बाद पत्रकारों से बातचीत में बनर्जी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने ताला तोड़कर पूरे घर की तलाशी ली।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article