लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू (Kiren Rijiju) सोशल मीडिया पर भिड़ते दिख रहे हैं। दोनों नेताओं के बीच वार पलटवार का सिलसिला शुरू हो गया है। मामला महिला आरक्षण विधेयक से जुड़ा है। दरअसल राहुल गांधी ने आज सुबह महिलाओं से जुड़े हुए एक वीडियो को पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने महिलाओं को आगे बढ़ाने की बात कही थी, इसी वीडियो पर संसदीय कार्यमंत्री और भाजपा नेता किरेन रिजिजू ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि कांग्रेस पार्टी महिला आरक्षण विधेयक का बिना किसी शर्त के समर्थन करेगी। अब राहुल गांधी ने किरेन रिजिजू के इस पोस्ट पर पलटवार किया है।
क्या कहा राहुल गांधी ने?
राहुल गांधी ने कहा किरेन रिजिजू पर पलटवार करते हुए कहा कि "रिजिजू जी, संसदीय कार्य मंत्री होने के नाते आपसे बेहतर यह कौन जानता होगा - महिला आरक्षण विधेयक 2023 में ही सर्वसम्मति से पारित हो चुका है, कांग्रेस के पूर्ण समर्थन के साथ। सवाल यह है कि तीन साल बाद भी वह लागू क्यों नहीं हुआ और अब आप उसे परिसीमन से बेवजह क्यों जोड़ना चाहते हैं? 2023 का कानून लागू कीजिए। बिना किसी शर्त के।"
राहुल गांधी के पहले पोस्ट में क्या था?
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा, "भारत की महिलाओं की ऊर्जा दबी हुई है। इसे खुद को व्यक्त करने की अनुमति नहीं है। इसे कल्पना करने की अनुमति नहीं है। मेरे लिए, कोई भी देश तब तक सफल नहीं हो सकता जब तक उसकी महिलाएं खुद को व्यक्त न कर रही हों। और मुझे लगता है कि मेरी राजनीति का एक बड़ा हिस्सा, और इस देश में राजनीति कैसी होनी चाहिए उसका एक बड़ा हिस्सा..."
राहुल के पोस्ट पर किरेन रिजिजू ने क्या कहा?
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी की ओर से एक सकारात्मक संदेश लगता है। महिलाओं के प्रति राहुल गांधी जी की सोच में स्पष्ट बदलाव दिख रहा है। अब मुझे उम्मीद है कि कांग्रेस पार्टी महिला आरक्षण विधेयक का बिना किसी शर्त के समर्थन करेगी।
