Varanasi News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में मोकामा विधायक अनंत सिंह के काफिले को पुलिस ने शहर में प्रवेश करने से रोक दिया। धनतेरस के मौके पर काशी में श्रद्धालुओं और खरीदारों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यह कदम उठाया। अनंत सिंह के काफिले में बड़ी संख्या में गाड़ियां और समर्थक मौजूद थे।
बीएचयू में महामना मालवीय की प्रतिमा पर करना था माल्यार्पण
जानकारी के मुताबिक, अनंत सिंह का वाराणसी स्थित बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने का कार्यक्रम था। हालांकि, इस कार्यक्रम के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं मिली थी। इसके अलावा धनतेरस पर शहर में भारी भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने उनके काफिले को वाराणसी में प्रवेश की अनुमति नहीं दी।
पुलिस और अनंत सिंह के बीच हुई बहस
काफिले को रोके जाने के बाद पुलिस अधिकारियों और अनंत सिंह के बीच कुछ देर तक बहस भी हुई। इस दौरान पुलिस ने उन्हें शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलने की वजह बताई।
अधिकारियों के समझाने के बाद मामला शांत हुआ और अनंत सिंह का काफिला आगे बढ़ गया।
वाराणसी में एंट्री किए बिना प्रयागराज रवाना हुए अनंत सिंह
पुलिस की ओर से अनुमति नहीं मिलने के बाद अनंत सिंह ने वाराणसी शहर में प्रवेश नहीं किया। वह अपने समर्थकों और गाड़ियों के काफिले के साथ प्रयागराज के लिए रवाना हो गए। इस तरह बीएचयू में महामना मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण का उनका कार्यक्रम नहीं हो सका।
