देश

जिन्हें राहुल गांधी ने बताया था पसंदीदा BJP नेता, अब उन्होंने कहा- कांग्रेस नेता की बात अच्छी लगी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कैप्टन अमरिंदर सिंह (Rahul Gandhi) को पसंदीदा भाजपा नेता बताया था। इसके बाद अब अमरिंदर सिंह (Captain Amarinder Singh) ने राहुल के इस बयान पर प्रतिक्रिया जाहिर की है।

Image

कांग्रेस नेता राहुल गांधी (फोटो- rahulgandhi)

कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने भाजपा के एक बड़े नेता को अपना बीजेपी में सबसे पसंदीदा नेता बताया था, अब उस बीजेपी नेता का बयान आ गया है। दरअसल राहुल गांधी ने कभी कांग्रेस में रहे पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह (Captain Amarinder Singh) को अपना पसंदीदा भाजपा नेता बताया था। जिसके बाद अब कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि राहुल गांधी की ये बात उन्हें अच्छी लगी है। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा है कि राहुल और उनकी मां सोनिया गांधी के साथ उनके निजी और पारिवारिक संबंध हमेशा बने रहेंगे, लेकिन राजनीतिक रूप से वह भाजपा के प्रति प्रतिबद्ध हैं।

राहुल गांधी ने क्या कहा था?

राहुल गांधी की यह टिप्पणी कांग्रेस नेता द्वारा सोशल मीडिया मंच ’इंस्टाग्राम’ पर साझा किए गए एक वीडियो में सामने आई। गांधी ने कहा, "मेरी उनसे अच्छी बनती है; वह कूल हैं। वह मिलिट्री हिस्ट्री के एक्सपर्ट हैं। हैलो, अंकल अमरिंदर!" जेन-जी तक पहुंचने की एक नई कोशिश के तहत, राहुल गांधी ने गुरुवार को इंस्टाग्राम पर "आस्क मी एनीथिंग" (मुझसे कुछ भी पूछें) सत्र शुरू किया और कई सवालों के जवाब दिए। ’एक्स’ पर अपनी इंस्टाग्राम पहल का लिंक साझा करते हुए गांधी ने कहा, "छात्रों, जेन-जी -- मैं आपकी बात सुनने के लिए यहां हूं। मुझसे इंस्टाग्राम पर कुछ भी पूछें, और मैं ज्यादा से ज्यादा सवालों के जवाब दूंगा।"

राजनीतिक रूप से भाजपा के साथ कैप्टन

राहुल गांधी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए, कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शुक्रवार को कहा कि राहुल गांधी का उनके बारे में अच्छी बातें कहना अच्छा लगा। उन्होंने कहा कि वे राहुल और प्रियंका गांधी को तब से जानते हैं जब वे बच्चे थे, और उनके पिता व पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत राजीव गांधी उनके सहपाठी व दोस्त थे। अमरिंदर ने कहा कि भारत को छोड़कर दुनिया भर में निजी रिश्ते राजनीतिक प्रतिबद्धताओं से अलग होते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल और उनकी मां सोनिया गांधी के साथ उनके निजी और पारिवारिक रिश्ते हमेशा बने रहेंगे, लेकिन राजनीतिक रूप से वह भारतीय जनता पार्टी के प्रति प्रतिबद्ध हैं।

अमरिंदर ने याद किया कि 1980 में वे कांग्रेस के सांसद थे, जबकि उनकी मां, दिवंगत महारानी मोहिंदर कौर, एक विरोधी पार्टी से सांसद थीं।

उन्होंने पूछा, "क्या इसका मतलब यह है कि मेरी अपनी मां के साथ नहीं बनती थी?"

बीजेपी ने क्या कहा?

पंजाब भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता प्रीतपाल सिंह बलियावाल ने कहा, "कैप्टन साहब पंजाब के सबसे बड़े नेता हैं।" बलियावाल ने कहा कि गांधी को कैप्टन अमरिंदर की याद तब आ रही है, जब उनकी पार्टी की पंजाब इकाई में जबरदस्त अंदरूनी कलह और झगड़े चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक डूबता हुआ जहाज है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article