शहर

हरियाणा में ग्रामीण चौकीदारों को बड़ा दिवाली गिफ्ट, 15,221 हुआ मासिक मानदेय; कितना बढ़ा भत्ता?

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिवाली से पहले ग्रामीण चौकीदारों का मासिक मानदेय 11,000 रुपये से बढ़ाकर 15,221 रुपये कर दिया। इसके अलावा वर्दी और अन्य भत्तों में भी बढ़ोतरी की गई है।

Image

हरियाणा में ग्रामीण चौकीदारों को बढ़ा मानदेय (फोटो-AI)

चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने दिवाली से पहले राज्य के ग्रामीण चौकीदारों के मानदेय में बढ़ोतरी की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को घोषणा की कि अब ग्रामीण चौकीदारों को हर महीने 11,000 रुपये के बजाय 15,221 रुपये मिलेंगे। इसके अलावा उनकी वर्दी, साइकिल और जरूरी सामान के भत्तों में भी इजाफा किया गया है।

पंचकूला में आयोजित राज्यस्तरीय ग्रामीण चौकीदार सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने यह घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि साल 2014 में ग्रामीण चौकीदारों को हर महीने 3,500 रुपये मानदेय मिलता था। अब इसे बढ़ाकर 15,221 रुपये कर दिया गया है।

वर्दी और दूसरे भत्तों में भी बढ़ोतरी

सरकार ने ग्रामीण चौकीदारों को मिलने वाले अलग-अलग भत्तों में भी बदलाव किया है। अब उन्हें सालाना वर्दी भत्ते के रूप में 4,000 रुपये की जगह 5,000 रुपये मिलेंगे। वहीं, लाठी, टॉर्च, सीटी और छाते जैसे जरूरी सामान के लिए मिलने वाला भत्ता 1,000 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये कर दिया गया है। इसी तरह साइकिल भत्ता भी 3,500 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये सालाना कर दिया गया है।

पहली बार ESI के दायरे में आएंगे ग्रामीण चौकीदार

ग्रामीण चौकीदारों के लिए एक और अहम बदलाव करते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें कर्मचारी राज्य बीमा (ESI) योजना के दायरे में लाने का ऐलान किया। इसके तहत चौकीदारों और उनके परिवारों को बीमारी की स्थिति में इलाज की सुविधा मिलेगी। दुर्घटना या दिव्यांगता की स्थिति में भी योजना के तहत लाभ दिया जाएगा।

बच्चों की पढ़ाई और शादी के लिए भी मिलेगी मदद

मुख्यमंत्री ने ग्रामीण चौकीदारों को हरियाणा श्रम कल्याण कोष के दायरे में शामिल करने की भी घोषणा की। इससे उन्हें सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के तहत बच्चों की पढ़ाई, शादी और परिवार की अन्य जरूरतों के लिए आर्थिक सहायता मिल सकेगी। सरकार के मुताबिक, मानदेय और भत्तों में बढ़ोतरी सहित ये सभी फैसले तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article