क्रिकेट

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए बिहार की टीम का ऐलान, वैभव सूर्यवंशी बने कप्तान

वैभव सूर्यवंशी को 14 नवंबर से शुरू होने वाली सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के शुरुआती दो मैचों के लिए टीम का कप्तान बनाया गया है।

Image

वैभव सूर्यवंशी (फोटो क्रेडिट BCCI X)

पटना: युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को 14 नवंबर से शुरू होने वाली सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के शुरुआती दो मैचों के लिए बिहार की 17 सदस्यीय टीम का कप्तान बनाया गया है। यह पहला मौका होगा जब सूर्यवंशी बिहार की सीनियर टीम की अगुआई करेंगे। बिहार क्रिकेट संघ (बीसीए) ने शुक्रवार को टीम की घोषणा करते हुए सूरज कश्यप को उपकप्तान नियुक्त किया।

बिहार को ग्रुप बी में दिल्ली, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, रेलवे, सौराष्ट्र और तमिलनाडु के साथ रखा गया है। टीम अपना पहला मुकाबला 14 नवंबर को इंदौर में सौराष्ट्र के खिलाफ खेलेगी। बीसीए अध्यक्ष हर्षवर्धन ने कहा कि इस जिम्मेदारी से सूर्यवंशी को एक अच्छे नेतृत्वकर्ता के रूप में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा,'सूर्यवंशी ने कम उम्र में ही अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और परिपक्वता का शानदार प्रदर्शन किया है। हमें उम्मीद है कि उनकी कप्तानी में टीम अनुशासित और प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलेगी।'

ऐसा रहा है वैभव का अंतरराष्ट्रीय करियर

आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलने वाले सूर्यवंशी भारतीय टी20 टीम के लिए भी पदार्पण कर चुके हैं। वह अब तक 10 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके हैं। सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में भी शानदार प्रदर्शन किया था। वह 16 पारियों में 776 रन बनाकर टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 237 से अधिक का रहा। उन्होंने अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंदों पर 175 रन की मैच जिताऊ पारी खेलकर भारत को 100 रन से जीत दिलाई थी।

न्यूजीलैंड दौरे पर तीसरे मुकाबले में किया शानदार प्रदर्शन

बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उन्होंने अभिषेक शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 133 रन की साझेदारी में 19 गेंदों पर 45 रन बनाए। मंगल महरौर और शाकिब हुसैन को बिहार के शुरुआती दो मैचों के बाद फिटनेस जांच के आधार पर टीम में शामिल किया जाएगा।

बिहार की टीम:

वैभव सूर्यवंशी (कप्तान), आलोक कुमार, आयुष लोहारुका (विकेटकीपर), अल्तमश अशरफ, परम कुमार सिंह, अनमोल कुमार (विकेटकीपर), ऋत्विक राज, सूरज कश्यप (उपकप्तान), मयंक कुमार, राघवेंद्र प्रताप, आशीष कुमार, वासुदेव प्रताप सिंह, मोहम्मद इजहार, अमोद यादव, प्रशांत सिंह, नवाज खान और हिमांशु सिंह।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article