देश

'मोदी जी को कन्फ्यूज मत करो, मुझसे डिबेट के लिए मनाओ', राहुल गांधी ने अमित शाह को दी चुनौती

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह को चुनौती देते हुए कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को SIR के मुद्दे पर उनके साथ खुली बहस के लिए मनाएं। राहुल ने अमित शाह के संसद में दिए गए दो अलग-अलग बयानों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बहस किसी भी मंच पर और कभी भी हो सकती है। वहीं, बीजेपी ने राहुल की चुनौती पर पलटवार करते हुए संसद को बहस का उचित मंच बताया है।

Image

राहुल गांधी लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ डिबेट करने की मांग कर रहे। AI IMAGE

Rahul Gandhi vs Amit Shah: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ डिबेट करने की मांग कर रहे हैं। वहीं, उन्होंने शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से खुली बहस कराने की चुनौती दी।

राहुल गांधी ने कहा कि अमित शाह को प्रधानमंत्री को भ्रमित करने के बजाय उन्हें विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर उनके साथ खुली बहस के लिए मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बहस के लिए कोई भी मंच और कोई भी समय तय किया जा सकता है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हिंदी में पोस्ट करते हुए लिखा, "अमित शाह जी, मोदी जी को कन्फ्यूज मत कीजिए। बस उन्हें मुझसे खुली बहस के लिए मना लीजिए। कोई भी मंच, कभी भी।" इसके साथ ही उन्होंने 'डरो मत' भी कहा।

एसआईआर पर अमित शाह के दो बयानों को लेकर राहुल का निशाना

राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के साथ एक वीडियो भी शेयर किया। इसमें अमित शाह के संसद में दिए गए दो अलग-अलग बयानों की तुलना की गई है। वीडियो में दिसंबर 2025 में संसद में अमित शाह के उस बयान को दिखाया गया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर संसद के दोनों सदनों में बहस नहीं हो सकती।

वहीं, गुरुवार को अमित शाह के उस बयान को भी शामिल किया गया, जिसमें उन्होंने कहा था कि सरकार एसआईआर पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने को तैयार है। इन्हीं दोनों बयानों को आधार बनाकर राहुल गांधी ने गृह मंत्री पर सवाल उठाए और प्रधानमंत्री के साथ खुली बहस की मांग दोहराई।

राहुल पहले भी दे चुके हैं पीएम मोदी को बहस की चुनौती

राहुल गांधी इससे पहले भी कई बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक मंच पर बहस करने की चुनौती दे चुके हैं। बुधवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा था कि प्रधानमंत्री चाहें तो न्यूज चैनल पर भी बहस कर सकते हैं। मंच और जज चुनने का अधिकार भी प्रधानमंत्री के पास होगा। राहुल गांधी ने दावा किया था कि वह पांच मिनट में साबित कर देंगे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'देशद्रोही' हैं। हालांकि, यह राहुल गांधी का राजनीतिक आरोप है।

इससे पहले भी उन्होंने प्रधानमंत्री पर विपक्ष को देशविरोधी बताने के आरोप को लेकर खुली बहस की चुनौती दी थी। उन्होंने यह सवाल भी उठाया था कि प्रधानमंत्री ने उनके खिलाफ विदेशी संपर्कों से जुड़े आरोपों को लेकर मानहानि का मुकदमा क्यों नहीं किया।

खरगे ने भी पीएम मोदी से मांगे जवाब

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वोट चोरी के आरोपों पर सामने आकर जवाब देने की मांग कर चुके हैं। खड़गे का कहना है कि देश प्रधानमंत्री से इन सवालों का जवाब चाहता है।

वहीं, बीजेपी नेताओं ने राहुल गांधी की बहस की चुनौती पर सवाल उठाए हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा था कि बहस के लिए संसद पहले से ही एक मंच है। उन्होंने राहुल गांधी को याद दिलाया कि वह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और उन्हें अपनी जिम्मेदारी और गंभीरता दिखानी चाहिए।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article