Bharat Jodo Nyaya Yatra: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज मुंबई के शिवाजी पार्क स्थित एक समारोह में समापन हो गया। इस मौके पर इंडिया गठबंधन ने सत्तारूढ़ बीजेपी के सामने शक्ति प्रदर्शन भी किया। कांग्रेस के इस कार्यक्रम में विपक्ष के कई बड़े चेहरे दिखाई दिए। इसमें महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, शरद पवार, तेजस्वी यादव समेत महबूबा मुफ्ती भी शामिल रहीं। खबर थी कि समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव भी इस दौरान मौजूद रहेंगे। हालांकि, वह दिखाई नहीं दिए।
अब अखिलेश यादव ने न्याय यात्रा के समापन के मौके पर शामिल न होने का कारण बताया है। पार्टी की ओर से बयान जारी कर कहा गया है कि लोकसभा चुनाव की तैयारियों के चलते वह इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। हालांकि, उन्होंने राहुल गांधी को इसके लिए शुभकामनाएं दीं।
अखिलेश यादव ने क्या कहा?
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बयान जारी कर कहा, आज मुंबई में आपकी भारत जोड़ो न्याय यात्रा का समापन हो रहा है। बिरले ही लोग हैं, जो ऐसी यात्रा कर सकते हैं। आपके दृढ़ संकल्प के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आपने इस यात्रा की मणिपुर से शुरुआत की, जो भाजपा सरकार की नाकामी के कारण जल रहा है। पूर्वोत्तर से आपने तानाशाह सरकार के विरुद्ध मजबूत संदेश दिया। पूरी यात्रा के दौरान आपकी किसान, नौजवान, महिला, बुजुर्ग समेत समाज के हर वर्ग से मुलाकात हुई, और आप उनकी समस्याओं से नजदीक से रूबरू हुए। अखिलेश यादव ने आगे कहा, चुनाव आयोग द्वारा कल चुनाव की घोषणा कर दी गई है, 20 मार्च से यूपी में नामांकन प्रारंभ है, जिसकी तैयारियों के चलते मैं यात्रा के समापन कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पा रहा हूं। आशा ही नहीं अपितु पूर्ण विश्वास है कि किसान, नौजवान, पिछड़ा, दलित और महिला विरोधी भाजपा को जनता इस चुनाव में उखाड़ फेंकेगी। इस यात्रा की असली सफलता इसी मायने में होगी कि भाजपा इस चुनाव में पराजय मिले।
