देश

कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव: कौन हैं केएन त्रिपाठी, जिन्होंने पर्चा भर दे दी थरूर और खड़गे को चुनौती, सेना की नौकरी छोड़ राजनीति में ली थी एंट्री

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 1, 2022, 12:42 AM IST

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और सांसद शशि थरूर ने शुक्रवार को पार्टी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। मल्लिकार्जुन खड़गे की उम्मीदवारी का प्रस्ताव कांग्रेस नेता अशोक गहलोत, दिग्विजय सिंह, प्रमोद तिवारी, पीएल पुनिया, एके एंटनी, पवन कुमार बंसल और मुकुल वासनिक ने किया था।

KEY HIGHLIGHTS
  • कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए पर्चा भरने का था आज आखिरी दिन
  • अब तीन उम्मीदवारों के बीच होगा कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला
  • 19 अक्टूबर को कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव के आएंगे नतीजे

कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव के लिए शुक्रवार को नामांकन का आखिरी दिन था। शुरूआत से ही एक नाम तय था, वो था कांग्रेस सांसद शशि थरूर का। दूसरे नाम पर लगातार बदलाव होते रहा। पहले अशोक गहलोत का नाम सामने आया, फिर राजस्थान प्रकरण के कारण उनकी उम्मीदवारी चली गई, फिर दिग्विजय सिंह का नाम आया और फिर आज यानि कि शुक्रवार को मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम सामने आ गया। इन दोनों नामों के बीच एक और चौंकाने वाला नाम सामने आया है। वो नाम है केएन त्रिपाठी का। उन्होंने भी इस चुनाव में उतरने का ऐलान कर दिया है।

कौन हैं केएन त्रिपाठी (Who is KN Tripathi)

कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव में जो तीसरा नाम पर्चा भरा है वो है केएम त्रिपाठी का। केएन त्रिपाठी झारखंड कांग्रेस के नेता हैं और पूर्व मंत्री रह चुके हैं। केएन त्रिपाठी ने राजनीति में शामिल होने के लिए भारतीय वायु सेना को छोड़ दिया था। उन्होंने 2005 में कांग्रेस के टिकट पर पहली बार डाल्टनगंज विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा लेकिन हार गए। हालांकि उन्हें 2009 के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल हुई और झारखंड सरकार में ग्रामीण विकास और पंचायती राज और श्रम विभाग का मंत्री बने। त्रिपाठी ने कांग्रेस से संबद्ध भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (त्रिपाठी गुट) के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया है।

पर्चा भरने के बाद क्या कहा

केएन त्रिपाठी ने एएनआई को बताया- "मैं आज नामांकन दाखिल करने जा रहा हूं। हमारे नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने कहा है कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता इस शीर्ष पद के लिए चुनाव लड़ सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री और पार्टी अध्यक्ष के पदों का त्याग किया है।" यह पूछे जाने पर कि क्या वह गंभीरता से चुनाव लड़ रहे हैं? कांग्रेस नेता ने कहा- "आप मुझे गंभीरता से क्यों नहीं लेते? पर्चा वापसी की तारीख तक इंतजार करें।"

कांग्रेस की तारीफ

केएन त्रिपाठी ने पर्चा भरने के बाद गांधी परिवार की जमकर तारीफ की। साथ ही बीजेपी पर हमला भी बोला। उन्होंने कहा-"मैं एक किसान परिवार से ताल्लुक रखता हूं। देश देख रहा है कि एक किसान का बेटा जिसे भारतीय वायु सेना के साथ सेवा करने का अनुभव है, राज्य सरकार में मंत्री और झारखंड विधानसभा के उपनेता के रूप में चुना गया था, वह भी एआईसीसी के पद के लिए चुनाव लड़ सकता है। भाजपा में ऐसा संभव नहीं है।"
शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article