देश

BJP विधायक रामदुलार गोंड की क्राइम कुंडली: नाबालिग से बलात्कार, सजा मिली तो अदालत में 'गिड़गिड़िया'

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 15, 2023, 06:11 PM IST

Who Is BJP MLA Ramdular Gond: बलात्कार के नौ साल पुराने मामले में उत्तर प्रदेश के दुद्धी से भाजपा विधायक रामदुलार गोंड को एमपी-एमएलए कोर्ट ने 25 साल की कैद और 10 लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। रामदुलार ने 12वीं तक पढ़ाई की है। उसने अदालत से कम सजा देने की गुहार लगाई।

Image

कौन है रामदुलार गोंड?

Crime News: दुद्धी विधानसभा क्षेत्र (अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीट) से भाजपा विधायक रामदुलार गोंड को सोनभद्र की एक एमपी-एमएलए अदालत ने शुक्रवार को नौ साल पुराने एक नाबालिग लड़की से बलात्कार करने के मामले में 25 साल की कैद और 10 लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। एमपी-एमएलए कोर्ट के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे) एहसान उल्लाह खान ने अभियुक्त पर 10 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया जो पीड़िता के पुनर्वास के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।

जब बीवी प्रधान, पति ने नाबालिग से किया रेप

साल 2014 की बात है, जब रामदुलार गोंड की पत्नी सुरतन रासपहरी की ग्राम प्रधान थीं। तभी गोंड पर नाबालिग को धमकी देकर एक साल तक रेप करने का आरोप लगा। म्योरपुर थाने में रामदुलार के खिलाफ एक शख्स ने अपनी बहन के साथ हुए बलात्कार का मामला दर्ज कराया। इसके बाद पॉक्सो एक्ट के तहत रामदुलार गोंड के खिलाफ केस दर्ज हुआ।

भाजपा से विधायक है रामदुलार गोंड

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में आने वाले दुद्धी विधानसभा क्षेत्र से विधायक रामदुलार गोंड रासपहरी गांव का रहने वाला है। उसने समाजवादी पार्टी के नेता विजय सिंह गोंड को विधानसभा चुनाव 2022 में छह हजार से अधिक वोटों से मात दी थी। इसने कक्षा 12वीं तक पढ़ाई की है और अपने चुनावी हलफनामे में ये बताया कि उसका व्यवसाय खेती है।

पीड़िता को बालिग साबित करने की हुई कोशिश

रामदुलार ने अदालत की सुनवाई के दौरान पीड़िता की उम्र को लेकर भी गलत दावे किए और उसे बालिग साबित करने की कोशिश की। सारी कोशिशें बेकार हो गईं और अदालत ने बीजेपी विधायक को पॉक्सो एक्ट के तहत दोषी पाया है। विशेष लोक अभियोजक (पॉक्सो) सत्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि अदालत ने 12 दिसंबर को विधायक को दोषी करार दिया था और सजा सुनाने के लिए 15 दिसंबर की तारीख तय की थी।

अदालत के सामने 'गिड़गिड़ाया' भाजपा विधायक

फैसला सुनाए जाने से पहले गोंड के वकील ने कम से कम सजा देने का आग्रह किया और अदालत को यह भी आश्वासन दिया कि बलात्कार पीड़िता के परिवार की पूरी देखभाल आरोपी द्वारा की जाएगी। गोंड उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के दुद्धी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक हैं। त्रिपाठी ने बताया कि यह घटना चार नवंबर 2014 की है जिसमें भारतीय दंड संहिता की धाराओं 376 (दुष्कर्म), 506 (आपराधिक धमकी के लिए सजा) और बाल यौन अपराध संरक्षण अधिनियम (पोक्सो) के प्रावधानों के तहत विधायक पर मुकदमा दर्ज हुआ था। घटना के समय विधायक की पत्नी ग्राम प्रधान थीं। इस मामले में रामदुलार गोंड को एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने का आरोपी बनाया गया था।

पीड़ित लड़की के भाई की तहरीर पर म्योरपुर थाना की पुलिस ने मामला दर्ज किया था। गोंड उस समय विधायक नहीं थे और मामले की सुनवाई पोक्सो अदालत में चल रही थी। गोंड के विधायक निर्वाचित होने के बाद मामले की सुनवाई सांसद/विधायक (एमपी/ एमएलए) अदालत में स्थानांतरित कर दी गई।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article